5 साल में 3584% रिटर्न, ऑर्डर बुक दमदार, तिमाही नतीजे भी मजबूत, अब MSCI में हुई एंट्री, रखें नजर

Apollo Micro Systems को 30 नवंबर 2026 को MSCI India Small Cap Index में शामिल किया जाएगा. इससे इंडेक्स को ट्रैक करने वाले पैसिव फंड्स की ओर से शेयरों में खरीदारी की संभावना है. कंपनी ने सितंबर तिमाही में 72.3% रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है, जबकि उसकी ऑर्डर बुक रिकॉर्ड 1,765 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है.

डिफेंस स्टॉक Image Credit: @AI/Money9live

Apollo Micro Systems : डिफेंस सेक्टर की कंपनी Apollo Micro Systems के शेयरों के लिए एक बड़ी खबर है. कंपनी को MSCI India Small Cap Index में शामिल किया जा रहा है. यह बदलाव 30 नवंबर 2026 को बाजार बंद होने के साथ लागू होगा, जबकि 1 दिसंबर से कंपनी इस इंडेक्स का हिस्सा बन जाएगी. इस खबर के बाद शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है, क्योंकि MSCI इंडेक्स को ट्रैक करने वाले फंड्स को कंपनी के शेयर खरीदने पड़ सकते हैं. खास बात यह है कि कंपनी को यह उपलब्धि ऐसे समय मिली है, जब उसका कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और ऑर्डर बुक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. खास बात यह है कि 5 साल में कंपनी के स्टॉक ने 3584 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है.

MSCI इंडेक्स में शामिल होने से क्या फायदा होगा?

MSCI ने 11 नवंबर को अपने नवंबर रिव्यू के नतीजों का ऐलान किया था. इसके तहत Apollo Micro Systems को MSCI India Small Cap Index में जगह दी गई है. कंपनी के शेयर 30 नवंबर को बाजार बंद होने के साथ इस इंडेक्स में शामिल होंगे और 1 दिसंबर से यह बदलाव प्रभावी हो जाएगा.

इसका कंपनी के शेयरों पर सीधा असर देखने को मिल सकता है. दरअसल, MSCI इंडेक्स को ट्रैक करने वाले पैसिव फंड और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) को इंडेक्स में शामिल कंपनियों के शेयर अपने पोर्टफोलियो में रखने होते हैं. ऐसे में इन फंड्स की ओर से Apollo Micro Systems के शेयरों में खरीदारी हो सकती है.

इसके अलावा, MSCI इंडेक्स में शामिल होने से कंपनी को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच पहचान मिलती है. ग्लोबल फंड मैनेजर भी अब इस कंपनी को अपने निवेश के संभावित विकल्पों में शामिल कर सकते हैं.

दमदार रहा तिमाही प्रदर्शन

Apollo Micro Systems को MSCI इंडेक्स में जगह ऐसे समय मिली है, जब कंपनी ने सितंबर तिमाही में अपने इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है. कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे में सालाना आधार पर अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू बढ़कर 388.15 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 225.26 करोड़ रुपये था. इस तरह कंपनी ने सालाना आधार पर 72.3% की ग्रोथ दर्ज की. जून तिमाही के मुकाबले भी कंपनी का रेवेन्यू 54.5% बढ़ा है.

वहीं, सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 46.15 करोड़ रुपये रहा. यह पिछले साल की समान तिमाही के 30.02 करोड़ रुपये के मुकाबले 53.7% ज्यादा है. जून तिमाही के मुकाबले मुनाफे में 83% की बढ़ोतरी हुई है.

कंपनी का EBITDA (अन्य आय को छोड़कर) 111.18 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही से 87.8% ज्यादा है. जून तिमाही के मुकाबले इसमें दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई.

अगर अप्रैल से सितंबर 2026 की पहली छमाही की बात करें तो कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 639.44 करोड़ रुपये रहा. इसमें पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 78.2% की बढ़ोतरी हुई है. रेवेन्यू के साथ ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी तेज बढ़ोतरी कंपनी के बेहतर मार्जिन और कारोबार में विस्तार का संकेत देती है.

1,765 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ऑर्डर बुक

कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति के साथ उसकी ऑर्डर बुक भी निवेशकों के लिए अहम है. 30 सितंबर 2026 तक Apollo Micro Systems की कंसोलिडेटेड ऑर्डर बुक रिकॉर्ड 1,765 करोड़ रुपये पर पहुंच गई थी.

इसका मतलब है कि कंपनी के पास आने वाले समय में काम की अच्छी उपलब्धता है. अप्रैल से सितंबर के बीच कंपनी ने करीब 639 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया. इस आधार पर मौजूदा ऑर्डर बुक कंपनी को एक साल से ज्यादा समय तक कारोबार की विजिबिलिटी देती है, हालांकि वास्तविक रेवेन्यू इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनी इन ऑर्डर्स को कितनी तेजी से पूरा करती है.

ऑल-टेरेन व्हीकल से लेकर एक्सपोर्ट तक

Apollo Micro Systems अपने कारोबार को डिफेंस के नए क्षेत्रों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है. कंपनी की सब्सिडियरी Apollo Defence Industries ने भारतीय कंपनी A-Thon Allterrain में 26% तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए बाइंडिंग एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट पर हस्ताक्षर किए हैं. A-Thon Allterrain ऑल-टेरेन यूटिलिटी व्हीकल यानी ऐसे वाहन बनाती है, जो कठिन और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी चल सकते हैं.

इस संभावित सौदे से कंपनी को लैंड डिफेंस सिस्टम और मिलिट्री व्हीकल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का मौका मिल सकता है. इसके साथ ही कंपनी की ‘Vision 2036’ योजना में विदेशी बाजारों में विस्तार और ग्लोबल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) के साथ कारोबार बढ़ाने पर जोर दिया गया है.

यह भी पढ़ें: NSE Share Target: पैसा कमाने का बड़ा मौका! ब्रोकरेज ने दिया टारगेट, 20% उछल सकता है भाव

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.