Bajaj Finance Share Price: 10% गिरावट के बाद बड़ा फंडरेज, QIP से जुटेंगे 11,700 करोड़

Bajaj Finance के शेयर में एक महीने में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है. इसी बीच कंपनी ने 17,500 करोड़ रुपये तक की कैपिटल जुटाने की योजना को मंजूरी दी है. इसमें 11,700 करोड़ रुपये का QIP और Bajaj Finserv को 5,800 करोड़ रुपये के वारंट जारी करना शामिल है.

Bajaj Finance के शेयर में एक महीने में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है. Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Bajaj Finance के शेयर में पिछले एक महीने में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है. इसी बीच कंपनी ने बड़ा फंड जुटाने का फैसला किया है. कंपनी के बोर्ड ने 11,700 करोड़ रुपये तक के QIP को मंजूरी दी है. इसके साथ ही Bajaj Finserv को 5,800 करोड़ रुपये तक के वारंट जारी किए जाएंगे. दोनों प्रस्तावों से कंपनी को कुल 17500 करोड़ रुपये तक की कैपिटल मिल सकती है. इस खबर का असर Bajaj Finance के शेयर पर देखने को मिल सकता है.

Bajaj Finance जुटाएगी 11700 करोड़ रुपये

Bajaj Finance के बोर्ड ने 11,700 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए QIP को मंजूरी दी है. इसके तहत 1 रुपये फेस वैल्यू वाले नए इक्विटी शेयर QIB को जारी किए जाएंगे. यह इश्यू SEBI ICDR रेगुलेशन के चैप्टर VI के तहत किया जाएगा. कंपनी इस प्रस्ताव के लिए शेयरधारकों की मंजूरी लेगी.

5,800 करोड़ रुपये के वारंट

QIP के अलावा Bajaj Finance ने 5,800 करोड़ रुपये तक के वारंट जारी करने को भी मंजूरी दी है. ये वारंट Bajaj Finserv को जारी किए जाएंगे. हर वारंट को उतने ही इक्विटी शेयर में बदला जा सकेगा. इन शेयरों को कंपनी के मौजूदा पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयरों के बराबर अधिकार मिलेंगे.

वारंट की कीमत बाद में तय होगी

Bajaj Finance के मुताबिक, वारंट का इश्यू प्राइस बाद में तय किया जाएगा. यह कीमत लागू कानून और SEBI ICDR Regulations के तहत तय होगी. कीमत तय करते समय लागू फ्लोर प्राइस से कम कीमत नही रखी जाएगी. वारंट जारी होने के समय कुल रकम का कम से कम 25 फीसदी भुगतान करना होगा. बाकी 75 फीसदी रकम वारंट को शेयरों में बदलते समय देनी होगी.

18 महीने में वारंट इस्तेमाल करना होगा

Bajaj Finserv को वारंट जारी होने के बाद 18 महीने के भीतर इन्हे इक्विटी शेयरों में बदलने का विकल्प मिलेगा. अगर तय अवधि में वारंट का इस्तेमाल नहीं किया गया तो Bajaj Finance के पास मिलने वाली रकम जब्त हो सकती है. प्रस्तावित वारंट अलॉटमेंट शेयरधारकों की विशेष मंजूरी के 15 दिन के भीतर पूरा होने की उम्मीद है.

Bajaj Finserv की हिस्सेदारी कितनी है

Bajaj Finserv अभी Bajaj Finance की प्रमोटर और होल्डिंग कंपनी है. उसके पास Bajaj Finance की कुल जारी और पेड अप इक्विटी शेयर कैपिटल की 51.30 फीसदी हिस्सेदारी है. Bajaj Finserv ने कहा है कि वह प्रस्तावित वारंट में निवेश करके Bajaj Finance के प्रति अपना समर्थन और प्रतिबद्धता दिखाना चाहती है. कंपनी के मुताबिक यह निवेश Bajaj Finance की तत्काल कैपिटल जरूरत के कारण नही किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- Closing Bell: शेयर मार्केट में हाहाकार, निवेशकों के 5 लाख करोड़ डूबे; Sensex 571 और Nifty 198 अंक फिसला

शेयर पर क्या होगा असर

QIP के जरिए नए शेयर जारी होने से कंपनी के कुल शेयरों की संख्या बढे़गी. इससे मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी का फीसदी कम हो सकता है. इसे इक्विटी डाइल्यूशन कहा जाता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि मौजूदा शेयरधारकों की वैल्यू सीधे कम हो जाएगी. इसका असर QIP की कीमत, जुटाई गई रकम और कंपनी उस कैपिटल का इस्तेमाल किस तरह करती है, इस पर निर्भर करेगा.