Bank Nifty में 800 अंक की गिरावट, CAS से आई तेजी खत्म; Yes Bank और Axis Bank सबसे ज्यादा टूटे

Bank Nifty में 1 सितंबर को तेज बिकवाली देखने को मिली और इंडेक्स करीब 800 अंक तक गिर गया. पिछले सत्र में Closing Auction Session यानी CAS के दौरान आई 600 अंक से ज्यादा की तेजी एक दिन में खत्म हो गई. Yes Bank, Axis Bank, SBI और IndusInd Bank जैसे शेयरों में भारी गिरावट रही.

Bank Nifty में 1 सितंबर को तेज बिकवाली देखने को मिली. Image Credit: Canva

Bank Nifty में मंगलवार को तेज गिरावट देखने को मिली. बैंकिंग इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा टूटकर करीब 800 अंक नीचे आ गया. पिछले कारोबारी सत्र में क्लोजिंग ऑक्शन सेशन यानी CAS के दौरान आई तेज तेजी का असर एक दिन भी नहीं टिक सका. कारोबारी सत्र खत्म होने तक Bank Nifty 1.06 फीसदी की गिरावट के साथ 57,409 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 57,222 तक फिसल गया था. Yes Bank, Axis Bank, SBI और IndusInd Bank जैसे शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली.

CAS से आई 600 अंक से ज्यादा की तेजी खत्म

31 अगस्त को Bank Nifty में कारोबारी सत्र के आखिरी दौर में तेज उछाल देखने को मिला था. इसके बाद क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के दौरान इसमें 600 अंक से ज्यादा की तेजी आई. Bank Nifty 58,025 के स्तर पर बंद हुआ और दिनभर में 529 अंक की बढ़त दर्ज की. लेकिन मंगलवार की गिरावट के बाद यह तेजी पूरी तरह खत्म हो गई. Bank Nifty सोमवार के 3 बजकर 15 मिनट वाले स्तर से भी नीचे चला गया.

57,222 तक फिसला Bank Nifty

मंगलवार को Bank Nifty में बिकवाली लगातार बढ़ती गई. दोपहर करीब 2 बजे यह 57,243 पर कारोबार कर रहा था. कारोबार के दौरान इंडेक्स 57,222 तक गिर गया. यह सोमवार के बंद स्तर से 800 अंक से ज्यादा की गिरावट है. टेक्निकल एक्सपर्ट ने Bank Nifty के लिए 57,300 को अहम सपोर्ट बताया था. मंगलवार की गिरावट में इंडेक्स इस स्तर के नीचे भी चला गया.

Yes Bank और Axis Bank में तेज बिकवाली

बैंकिंग शेयरों में कमजोरी व्यापक स्तर पर देखने को मिली. Yes Bank का शेयर करीब 3.55 फीसदी गिर गया. Axis Bank, SBI और IndusInd Bank में करीब 2.7 से 2.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. Union Bank में 2.58 फीसदी और Federal Bank में करीब 2.2 फीसदी की कमजोरी रही. IDFC First Bank और ICICI Bank भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे. हालांकि Kotak Mahindra Bank और PNB में तेजी देखने को मिली.

PSU और Private Bank इंडेक्स भी गिरे

Bank Nifty के साथ दूसरे बैंकिंग इंडेक्स भी दबाव में रहे. Nifty PSU Bank इंडेक्स करीब 1.47 फीसदी गिर गया. वहीं Nifty Private Bank में करीब 1.03 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली. सिर्फ बैंकिंग शेयर ही नहीं बल्कि व्यापक बाजार भी दबाव में रहा. Nifty Midcap 100 करीब 1.57 फीसदी और Nifty Smallcap 100 करीब 0.63 फीसदी गिर गया. बाजार में बिकवाली बढ़ने से India VIX में भी तेजी देखने को मिली.

CAS में रिकॉर्ड कारोबार के बाद आया उलटफेर

सोमवार को MSCI इंडेक्स रीबैलेंसिंग के दिन क्लोजिंग ऑक्शन सेशन में जबरदस्त कारोबार हुआ था. NSE में 31 अगस्त के CAS के दौरान करीब 39,718 करोड़ रुपये का टर्नओवर दर्ज किया गया. यह पिछले कारोबारी दिन की तुलना में करीब 42 गुना ज्यादा था. CAS में हुए इस बडे़ कारोबार ने Bank Nifty में तेज उछाल को बढ़ावा दिया. लेकिन अगले ही दिन बाजार में बिकवाली बढ़ने से यह तेजी टिक नहीं सकी. इससे साफ है कि सोमवार की तेजी में CAS का बड़ा योगदान था.

ये भी पढ़ें- 5 साल में 1500 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न, इन 5 शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल; रखें नजर

अब किन स्तरों पर रहेगी नजर

Bank Nifty के लिए 58,200 का स्तर अहम रेजिस्टेंस माना जा रहा था. वहीं 57,300 के आसपास सपोर्ट बताया गया था. मंगलवार को इंडेक्स 57,300 के नीचे फिसल गया है. अब निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि Bank Nifty इस स्तर के नीचे टिकता है या फिर वापसी करता है. बैंकिंग शेयरों में जारी बिकवाली और व्यापक बाजार की चाल आगे की दिशा तय कर सकती है.