जितनी कई कंपनियों की मार्केट कैप, उतना ऑर्डर ले बैठी है ये नवरत्न PSU, नहीं है कोई कर्ज, डिविडेंड भी देती है तगड़ा
डिफेंस सेक्टर की दिग्गज Navratna PSU कंपनी एक बार फिर चर्चा में है. कंपनी के पास ₹73,882 करोड़ का मेगा ऑर्डर बुक है, जिसने आने वाले कई सालों की कमाई को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है. Goldman Sachs और UBS जैसी विदेशी ब्रोकरेज फर्मों ने भी स्टॉक को करीदने की सलाह दी है.

Best Defence PSU Stock to buy: शेयर बाजार में कई ऐसी लिस्टेड कंपनियां हैं जिनकी कुल वैल्यू (मार्केट कैप) भी ₹30,000 करोड़ से ₹70,000 करोड़ के बीच सिमट जाती है. लेकिन रक्षा क्षेत्र की दिग्गज ‘नवरत्न’ पीएसयू (PSU) कंपनी के पास सिर्फ अकेले उतना तो ऑर्डर बुक पड़ा है. ₹73,882 करोड़ के रिकॉर्डतोड़ ऑर्डर बुक के साथ यह कंपनी आने वाले कई सालों के लिए अपनी कमाई की गारंटी तय कर चुकी है.
हाल ही में भारी मुनाफावसूली के चलते कंपनी के शेयरों में करीब 3.7 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह ₹407 के निचले स्तर पर आ गया (पिछला क्लोजिंग प्राइस ₹413.15 था). इसके बावजूद, 3 लाख करोड़ से ज्यादा के मार्केट कैप वाली इस कंपनी पर दिग्गज ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म्स बेहद बुलिश हैं. यह स्टॉक है BEL.
क्यों मजबूत है BEL की स्थिति?
नए ऑर्डर्स की रफ्तार: चालू वर्ष के दौरान कंपनी को करीब ₹30,000 करोड़ के नए ऑर्डर्स मिले हैं, जो रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में इसकी मजबूत मांग को दिखाते हैं.
बुक-टू-बिल रेशियो (2.7x): कंपनी का बुक-टू-बिल रेशियो 2.7 गुना है. इसका सीधा मतलब है कि कंपनी जितनी तेजी से रेवेन्यू जेनरेट कर रही है, उससे कहीं ज्यादा रफ्तार से उसे नए ऑर्डर्स मिल रहे हैं. यह भविष्य में रेवेन्यू ग्रोथ की गारंटी का संकेत है.
दिग्गज ब्रोकरेज हाउसेज की राय
ट्रेडब्रेन की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लोबल ब्रोकरेज फर्मों ने BEL के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए इस पर भरोसा जताया है:
Goldman Sachs
- टार्गेट प्राइस: ₹475
- पॉजिटिव फैक्टर्स: 2.7x का शानदार बुक-टू-बिल रेशियो और लगातार मिलता मजबूत बिजनेस.
- नतीजे: कंपनी के हालिया नतीजे बाजार के अनुमानों से बेहतर रहे हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
- ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2027 (FY27) में नए ऑर्डर्स की निरंतरता और मार्जिन को बनाए रखना कंपनी के लिए अहम होगा.
UBS
- टार्गेट प्राइस: ₹500
- पॉजिटिव फैक्टर्स: भारी ऑर्डर इनफ्लो की बदौलत कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 (FY26) के अपने गाइडेंस को पीछे छोड़ दिया है.
कितनी बेहतर है वित्तीय सेहत
BEL के सालाना वित्तीय आंकड़े यह साबित करते हैं कि कंपनी केवल ऑर्डर्स ले नहीं रही, बल्कि उन्हें समय पर पूरा भी कर रही है:
- रेवेन्यू: मार्च 2025 में कंपनी का रेवेन्यू ₹9,150 करोड़ था, जो मार्च 2026 में 11.75% बढ़कर ₹10,224 करोड़ हो गया है.
- नेट प्रॉफिट: इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध मुनाफा ₹2,127 करोड़ से बढ़कर ₹2,226 करोड़ पर पहुंच गया है.
- लॉन्ग टर्म ग्रोथ: पिछले 5 सालों में कंपनी का प्रॉफिट 23.6% की शानदार सीएजीआर (CAGR) से बढ़ा है.
बैलेंस शीट की 3 सबसे बड़ी ताकतें
- कर्ज मुक्त: BEL पूरी तरह से एक डेट-फ्री (कर्ज मुक्त) कंपनी है, जो इसके वित्तीय रूप से सुरक्षित होने का सबसे बड़ा प्रमाण है.
- शानदार रिटर्न प्रोफाइल: कंपनी का ROCE 36.5% और ROE 27.6% है, जो निवेशकों के पैसे पर बेहतरीन रिटर्न को दर्शाता है.
- डिविडेंड पेआउट: कंपनी अपने मुनाफे का 34.5% हिस्सा डिविडेंड के रूप में शेयरधारकों को बांटती है, जिससे निवेशकों को रेगुलर इनकम भी मिलती है.
यह भी पढ़ें: 21 मई को RVNL, JK Cement, Pace Digitek, GPT Infra समेत इन शेयरों पर रखें नजर, इंट्राडे में दिख सकती है हलचल!
आत्मनिर्भर भारत के पथ पर BEL
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड मुख्य रूप से भारतीय एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर के लिए रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर इक्विपमेंट और एडवांस डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स बनाती है. देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के अलावा, कंपनी अब नॉन-डिफेंस सेक्टर जैसे- होमलैंड सिक्योरिटी, स्मार्ट सिटीज और स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन सिस्टम में भी अपने पैर पसार रही है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.