BSE का नेट प्रॉफिट 174% उछला, रेवेन्यू भी बढ़ा, शेयर रिकॉर्ड हाई के करीब, आज दिख सकती है हलचल
BSE ने दिसंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया. इससे कंपनी के नेट प्रॉफिट से लेकर रेवेन्यू में बढ़त दर्ज की, जिससे कारोबार और कमाई दोनों मजबूत हुए. मजबूत नतीजों के दम पर शेयर रिकॉर्ड हाई के करीब पहुंच गया है और आज इसमें तेज हलचल देखने को मिल सकती है.
BSE Q3 Results: एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंजों में शामिल BSE ने दिसंबर तिमाही के नतीजों से निवेशकों को खुश कर दिया है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 174% की जोरदार छलांग लगाकर 220 करोड़ रुपये से बढ़कर 603 करोड़ रुपये पहुंच गया. तिमाही आधार पर भी मुनाफा 538 करोड़ रुपये से 12% बढ़ा है. रेवेन्यू में भी दमदार तेजी देखने को मिली. ऐसे में शेयरों में भी उछाल देखने को मिला. शेयर अपने रिकॉर्ड हाई के करीब है. आज इसमें हलचल देखने को मिल सकती है.
कमाई बढ़ी
कंपनी की आय 62% बढ़कर 1,244 करोड़ रुपये हो गई. इस ग्रोथ की सबसे बड़ी वजह ट्रांजैक्शन चार्जेस रहे, जो पिछले साल के 511 करोड़ रुपये से बढ़कर 952 करोड़ रुपये पर पहुंच गए. कॉरपोरेट सर्विसेज से होने वाली कमाई भी बढ़कर 156 करोड़ रुपये हो गई, जबकि क्लियरिंग और सेटलमेंट से ट्रेजरी इनकम 42.9 करोड़ रुपये रही. इक्विटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां ऑप्शंस का एवरेज डेली टर्नओवर 210 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले दोगुना है.
शेयर का प्रदर्शन
शेयर प्रदर्शन की बात करें तो स्टॉक फरवरी के निचले स्तर से करीब 25% रिकवर होकर 2,985 रुपये पर पहुंच गया है और अपने रिकॉर्ड हाई 3,030 रुपये के करीब ट्रेड कर रहा है. साल 2025 में अब तक यह शेयर निवेशकों को 48% का रिटर्न दे चुका है. सोमवार को भी शेयर 3% की तेजी के साथ बंद हुआ. मजबूत नतीजों और बढ़ती ट्रेडिंग एक्टिविटी के चलते BSE के शेयरों में आगे भी रफ्तार बनी रहने की उम्मीद है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




