इन 4 स्मॉलकैप शेयरों पर FII फिदा, मार्च 2026 में तेजी से बढ़ाई हिस्सेदारी; आप भी रखें रडार पर
मार्च 2026 में भारी बिकवाली के बावजूद FII ने चुनिंदा स्मॉलकैप शेयरों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. रेपको होम फाइनेंस और शारदा क्रॉपकेम जैसी कंपनियों में विदेशी निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी ने निवेशकों का ध्यान खींचा है. यह रुझान दिखाता है कि गिरते बाजार में भी मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियां आकर्षण का केंद्र बनी रहती हैं. अगर आप भी निवेश के नए मौके तलाश रहे हैं, तो इन स्मॉलकैप शेयरों को अपनी रडार पर रख सकते हैं.

FII Investment Smallcap Stocks: मार्च 2026 का महीना भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहद उतार-चढ़ाव भरा साबित हुआ. इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारी बिकवाली करते हुए करीब 1.12 ट्रिलियन रुपये से अधिक की निकासी की, जिससे बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली. खासकर बैंकिंग सेक्टर पर इसका गहरा असर पड़ा और बैंक निफ्टी में ज्यादा गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, इस भारी बिकवाली के बीच कुछ FII ने चुनिंदा स्मॉलकैप कंपनियों में निवेश बढ़ाया. तो चलिए आपको बताते हैं इन कंपनियों के बारे में.
Shringar House of Mangalsutra
जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही में कई स्मॉलकैप कंपनियों में FII की हिस्सेदारी बढ़ी है. इनमें सबसे पहला नाम आता है Shringar House of Mangalsutra का. यह कंपनी सोने के मंगलसूत्र के डिजाइन, निर्माण और मार्केटिंग का काम करती है और भारत के बाजार में करीब 6 फीसदी हिस्सेदारी रखती है. कंपनी ने पिछले 3 वर्षों में बिक्री में 21 फीसदी और मुनाफे में 45 फीसदी की वार्षिक बढ़ोतरी दर्ज की है. equitymaster की रिपोर्ट के मुताबिक दिसंबर तिमाही से मार्च 2026 तक FII की हिस्सेदारी 3.36 फीसदी से बढ़कर 5.77 फीसदी हो गई है.
Granules India
दूसरी कंपनी Granules India है, जिसमें FII की हिस्सेदारी 13.55 फीसदी से बढ़कर 15.31 फीसदी हो गई है. यह कंपनी API और दवा निर्माण के क्षेत्र में काम करती है और 80 से अधिक देशों में अपने उत्पाद बेचती है. पिछले 5 वर्षों में कंपनी ने स्थिर बढ़ोतरी दिखाई है और नए प्रोडक्ट लॉन्च के जरिए अपने पोर्टफोलियो को मजबूत किया है.
Repco Home Finance
तीसरी कंपनी Repco Home Finance है, जो हाउसिंग लोन और मॉर्गेज सर्विस प्रदान करती है. इसमें FII की हिस्सेदारी भी बढ़ी है, जो निवेशकों के भरोसे को दिखा रहा है. कंपनी की खासियत इसका टियर 2 और टियर 3 शहरों में मजबूत नेटवर्क है. हालांकि, इसकी ग्रोथ मध्यम रही है, लेकिन एसेट क्वालिटी में सुधार और डिजिटल सिस्टम अपग्रेड के चलते भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. दिसंबर तिमाही से मार्च 2026 के बीच FII की हिस्सेदारी 12.68 फीसदी से बढ़कर 13.37 फीसदी हो गई है.
Sharda Cropchem
सूची में चौथी कंपनी Sharda Cropchem है, जो ग्लोबल एग्रीकेमिकल सेक्टर में सक्रिय है. कंपनी का एसेट-लाइट मॉडल और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत उपस्थिति इसे खास बनाती है. हाल के तिमाही रिजल्ट में कंपनी की आय में 39 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसमें एग्रीकेमिकल बिजनेस ने 48 फीसदी की ग्रोथ दिखाई. मार्च 2026 तक FPI की हिस्सेदारी 4.2 फीसदी से बढ़कर 4.60 फीसदी हो गई है.
यह भी पढ़ें: Closing Bell: US-ईरान सीजफायर से झूमा बाजार, सेंसेक्स 2946 अंक और निफ्टी 24000 पर बंद; निवेशकों ने कमाए 17 लाख करोड़
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.