तेजी से कर्ज घटा रही ये ज्वेलरी कंपनी, Q4 में ₹123 करोड़ का उतारा बकाया, प्लान जान शेयरों ने भरी रफ्तार, 3% उछले
Renaissance Global ने Q4FY26 में ₹123 करोड़ कर्ज घटाकर बैलेंस शीट मजबूत की, जिससे शेयर में 3% से ज्यादा तेजी आई. ग्लोबल प्रेजेंस और मजबूत रणनीति के चलते निवेशकों का भरोसा इस शेयर पर बढ़ रहा है. कंपनी के कर्ज घटाने से मार्केट में भी इसकी स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है.

Jewelry Stock: सीजफायर के ऐलान के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में मजबूती थी. इसी बीच ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी Renaissance Global भी चर्चा में आ गई है. कंपनी के शेयर में 8 अप्रैल को करीब 3.49% की तेजी देखने को मिली और यह ₹106.70 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. इस तेजी के पीछे कंपनी का मजबूत बिजनेस अपडेट और कर्ज में बड़ी कमी का ऐलान है.
Q4 में घटाया ₹123 करोड़ का कर्ज
कंपनी ने FY26 की चौथी तिमाही में अपने कुल कर्ज में करीब ₹123 करोड़ की कमी की है. यह Q3FY26 के मुकाबले लगभग 20% की गिरावट है. अगर इसे स्थिर विनिमय दर (constant currency) के आधार पर देखें तो यह कमी करीब 24% तक पहुंचती है. यह कदम कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत करने और वित्तीय स्थिति सुधारने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 18 बार डिविडेंड बांट चुकी है ये फाइनेंस कंपनी, फिर निवेशकों को देगी तोहफा, 13 अप्रैल की बोर्ड मीटिंग पर नजर
कैसे की कर्ज में कटौती?
कंपनी प्रबंधन के अनुसार बेहतर वित्तीय प्रबंधन, वर्किंग कैपिटल के कुशल उपयोग और अनुशासित कैपिटल अलोकेशन की वजह से कर्ज घटाने में मदद मिली है. इससे आगे चलकर ब्याज लागत में कमी आएगी और कंपनी की फाइनेंशियल फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ेगी.
क्या करती है कंपनी?
Renaissance Global एक मुंबई स्थित फाइन ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, जिसकी मौजूदगी अमेरिका, कनाडा, यूके और एशिया जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में है. कंपनी Disney, Hallmark और NFL जैसे ग्लोबल ब्रांड्स के साथ साझेदारी में काम करती है. इसके अलावा कंपनी के अपने ब्रांड्स जैसे Jean Dousset, With Clarity और Irasva भी बाजार में मौजूद हैं, जो इसे B2B और D2C दोनों सेगमेंट में मजबूत बनाते हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.