75% गिरा इस कंपनी का नेट प्रॉफिट, बुरी तरह टूटे शेयर, जानें क्या रहे कमजोर नतीजों की वजह?
नतीजों के बाद कंपनी के शेयर में भी दबाव देखने को मिला और यह कारोबार के दौरान 3 फीसदी तक टूट गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 424 करोड़ रुपये था, जो इस बार घटकर 104 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, कंपनी की आय में बढ़त दर्ज की गई.

Jindal Saw के शेयर बुधवार को निवेशकों के रडार पर रहे. वजह है कंपनी का तिमाही नतीजा. दरअसल, कंपनी ने जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 75.47 फीसदी गिरकर 104 करोड़ रुपये रह गया. कमजोर निर्यात कारोबार और वाटर पाइप बिजनेस में चुनौतियों का असर कंपनी के प्रदर्शन पर पड़ा. नतीजों के बाद कंपनी के शेयर में भी दबाव देखने को मिला और यह कारोबार के दौरान 3 फीसदी तक टूट गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 424 करोड़ रुपये था, जो इस बार घटकर 104 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, कंपनी की आय में बढ़त दर्ज की गई.
रेवेन्यू में 9 फीसदी की बढ़त
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 9 फीसदी बढ़कर 4,452 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 4,085 करोड़ रुपये था.
MENA क्षेत्र में तनाव से निर्यात कारोबार प्रभावित
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में MENA क्षेत्र में जारी जियो पॉलिटिकल टेंशन के कारण उसका निर्यात कारोबार प्रभावित रहा. अबू धाबी स्थित यूनिट के संचालन पर भी असर पड़ा, क्योंकि प्रमुख समुद्री मार्ग बंद होने से सप्लाई चेन बाधित हुई और कारोबार प्रभावित हुआ.
सऊदी अरब में नया जॉइंट वेंचर
जिंदल सॉ ने Buhur Investment Company के साथ मिलकर सऊदी अरब में HSAW और LSAW पाइप बनाने के लिए जॉइंट वेंचर शुरू किया है. यह कंपनी की 51 फीसदी हिस्सेदारी वाली स्टेप डाउन सब्सिडियरी होगी. नई यूनिट में HSAW और LSAW पाइप की उत्पादन क्षमता 3 लाख टन प्रति वर्ष होगी. इसके अलावा कंपनी ने सऊदी अरब में डक्टाइल आयरन पाइप प्लांट के लिए भी जॉइंट वेंचर समझौता किया है.
वाटर पाइप कारोबार में बनी हुई हैं चुनौतियां
कंपनी ने कहा कि भारत में उसका वाटर पाइप कारोबार, खासकर डक्टाइल आयरन पाइप सेगमेंट, अभी भी चुनौतियों का सामना कर रहा है. हालांकि कंपनी के पास एक साल से ज्यादा का ऑर्डर बुक मौजूद है, फिर भी इस कारोबार में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा है. मार्च 2026 तिमाही के अंत तक कंपनी का कुल ऑर्डर बुक करीब 1.171 अरब डॉलर का था. इसमें 1.164 अरब डॉलर के आयरन और स्टील पाइप तथा 70 लाख डॉलर के पेलेट ऑर्डर शामिल थे.
शेयर में आई गिरावट
कमजोर तिमाही नतीजों के बाद बुधवार को Jindal Saw का शेयर कारोबार के दौरान 253.15 रुपये तक फिसल गया. बाद में यह करीब 260 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक सप्ताह में शेयर 4.03 फीसदी टूटा है, जबकि तीन महीने में 22.46 फीसदी और एक साल में 11.93 फीसदी की बढ़त दर्ज कर चुका है. पिछले हफ्ते कंपनी के शेयरों ने अपना नया 52-वीक हाई बनाया था.
इसे भी पढ़ें- बल्क डील के बाद फिर रॉकेट बना ये शेयर, एक महीने में 38% की आई रैली, FII ने बढ़ाई होल्डिंग; रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.