Kotak Mahindra Bank Q1 Results: 22.6 फीसदी बढ़ा मुनाफा, 5480 करोड़ रुपये पहुंचा प्रॉफिट
कोटक महिंद्रा बैंक ने वित्त वर्ष 2026 27 की पहली तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. बैंक का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 22.55 फीसदी बढ़कर 5480.46 करोड़ रुपये हो गया. स्टैंडअलोन मुनाफा भी बढ़कर 4122.96 करोड़ रुपये पहुंच गया. बैंक की डिपॉजिट राशि और एडवांस में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई.

Kotak Mahindra Bank Q1 Results: कोटक महिंद्रा बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. बैंक का कंसोलिडेट नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22.6 फीसदी बढ़कर 5480.46 करोड़ रुपये पहुंच गया. बैंक की इंटरेस्ट इनकम और फीस से होने वाली कमाई में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली. डिपॉजिट और लोन डिस्ट्रीब्यूशन दोनों में दो अंकों की वृद्धि दर्ज की गई. हालांकि बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन यानी एनआईएम पिछले साल और पिछली तिमाही के मुकाबले कुछ कम हुआ है.
मुनाफे में 22.6 फीसदी की बढ़ोतरी
कोटक महिंद्रा बैंक का कंसोलिडेट नेट प्रॉफिट जून तिमाही में 5480.46 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी तिमाही में बैंक का मुनाफा 4472.18 करोड़ रुपये था. वहीं स्टैंडअलोन आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ बढ़कर 4122.96 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 3281.68 करोड़ रुपये था. इससे बैंक की मजबूत कमाई का पता चलता है.
इंटरेस्ट इनकम और फीस से कमाई बढ़ी
बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम यानी मुख्य ब्याज आय 9 फीसदी बढ़कर 7928 करोड़ रुपये पहुंच गई. पिछले साल इसी अवधि में यह 7259 करोड़ रुपये थी. फीस और सर्विस से होने वाली इनकम भी 11 फीसदी बढ़कर 2500 करोड़ रुपये हो गई. हालांकि तिमाही आधार पर फीस इनकम में 10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
एनआईएम में आई हल्की गिरावट
बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन जून तिमाही में घटकर 4.53 फीसदी रह गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह 4.65 फीसदी था, जबकि पिछली तिमाही में यह 4.67 फीसदी था. एनआईएम में कमी यह दिखाती है कि ब्याज से मिलने वाला मार्जिन कुछ दबाव में रहा.
यह भी पढ़ें- HFCL समेत इन 10 शेयरों ने मचाया धमाल, 2026 में अब तक दिया 213 फीसदी तक रिटर्न; जानें डिटेल
डिपॉजिट और लोन डिस्ट्रीब्यूशन में मजबूत वृद्धि
कोटक महिंद्रा बैंक के कुल डिपॉजिट में सालाना आधार पर 14 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 5.59 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. चालू खाते की डिपॉजिट राशि 15 फीसदी बढ़कर 78107 करोड़ रुपये हो गई. बैंक का कुल लोन डिस्ट्रीब्यूशन भी 15 फीसदी बढ़कर 5.28 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 4.59 लाख करोड़ रुपये था.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.