अडानी या रिलायंस नहीं, ये ऑयल कंपनी है डिविडेंड देने में सबकी बाप, कैश फ्लो भी मजबूत, स्‍टॉक पर रखें नजर

Oil and Natural Gas Corporation Limited मजबूत कैश फ्लो के दम पर लगातार मोटा डिविडेंड दे रही है. कंपनी ₹2 लाख करोड़ निवेश कर ग्रीन एनर्जी और नेट जीरो उत्‍सजर्न के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है, जबकि ऑपरेशन और उत्पादन में भी इसकी मजबूत पकड़ बनी हुई है. हालिया गिरावट के बावजूद स्टॉक ने लंबी अवधि में शानदार रिटर्न दिया है, जिससे यह निवेशकों के लिए नजर रखने वाला शेयर बना हुआ है.

ONGC dividend Image Credit: canva/AI image

High Dividend Payout Stock: देश की दिग्‍गज कंपनियों का नाम आते ही दिमाग में सबसे पहला नाम रिलायंस और अडानी का आता है. मगर तेल और गैस सेक्‍टर की बड़ी कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ONGC) ने भी बाजार में अपनी खास पकड़ बनाई हुई है. अपने दमदार फंडामेंटल्‍स और मजबूत कैश फ्लो के आधार पर कंपनी अक्‍सर अपना मुनाफा निवेशकों से बांटती रहती है. यही वजह है कि ये डिविडेंड देने मे सबकी आगे मानी जाती है.

ONGC न सिर्फ निवेशकों को मोटा डिविडेंड देती है, बल्कि अपने कारोबार के विस्‍तार पर भी फोकस करती है. यही वजह है कंपनी ने अपने भविष्य के लिए ₹2 लाख करोड़ का भारी भरकम निवेश कर रही है. ONGC देश की ऊर्जा सुरक्षा की रीढ़ मानी जाती है. कंपनी भारत के कुल कच्चे तेल उत्पादन का करीब 72.8% और कुल हाइड्रोकार्बन उत्पादन का 63.3% हिस्सा संभालती है. कंपनी अब ग्रीन एनर्जी की ओर तेजी से बढ़ रही है. चूंकि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से गैस और तेल सप्‍लाई में दिक्‍कत आ रही है. ऐसे में इस कंपनी की नई रणनीतियां इसमें आगे की ग्रोथ की ओर इशारा करते हैं.

नेट जीरो की ओर बड़ा कदम

ONGC ने 2038 तक नेट जीरो एमीशन यानी उत्‍सर्जन (Scope-1 और Scope-2) हासिल करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए कंपनी करीब ₹2 लाख करोड़ का निवेश करने जा रही है. यह कदम दिखाता है कि कंपनी पारंपरिक तेल-गैस बिजनेस के साथ-साथ भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को भी ध्यान में रख रही है.

डिविडेंड में भी नहीं कोई समझौता

इतना बड़ा निवेश करने के बावजूद ONGC ने अपने निवेशकों को निराश नहीं किया है. FY25 में कंपनी ने करीब ₹15,411 करोड़ का डिविडेंड दिया, जो 43.27% का मजबूत पेआउट रेशियो दर्शाता है. मजबूत कैश फ्लो के दम पर ONGC ने FY26 में अब तक ₹12.25 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दे दिया है, जो पिछले साल के बराबर है. अगर इसका पिछला रिकॉर्ड देखें तो ONGC ने पिछले 5 वित्तीय वर्षों से लगातार हर साल डिविडेंड दिया है. इतना ही नहीं, FY22 से FY24 तक हर साल डिविडेंड में बढ़ोतरी हुई है. FY25 में भी कंपनी ने कुल ₹12.25 प्रति शेयर डिविडेंड दिया था. वही FY24 में ₹12.25 प्रति शेयर, FY23 में ₹11.25, FY22 में ₹10.5 और FY21 में ₹8.60 प्रति शेयर डिविडेंड दिया गया था.

मजबूत ऑपरेशन और बड़ा नेटवर्क

ONGC का ऑपरेशन काफी बड़ा है. कंपनी के पास 268 ऑफशोर फैसिलिटीज, 69 ड्रिलिंग रिग्स, 25,500 किलोमीटर से ज्यादा पाइपलाइन नेटवर्क है. FY25 में कंपनी ने 18.558 MMT कच्चा तेल और 19.654 BCM गैस का उत्पादन किया था.

यह भी पढ़ें: 19 महीनों में ₹15 का शेयर हुआ 10 हजार के पार, रचा गया अमीर बनने का खेल! सेबी ने लगाई 39 लोगों और कंपनियों के ट्रेडिंग पर रोक

मुनाफे पर दबाव, फिर भी मजबूत स्थिति

  • ग्लोबल क्रूड कीमतों में गिरावट का असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ा है. FY25 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 12.1% घटकर ₹35,610 करोड़ रहा.
  • 9MFY26 में भी रेवेन्यू और मुनाफे में गिरावट देखी गई, लेकिन कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 50% से ज्यादा बना हुआ है, जो इसकी मजबूती दिखाता है.

कैश फ्लो बना सबसे बड़ा सहारा

ONGC की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत कैश फ्लो है. FY25 में कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो ₹73,010 करोड़ रहा. यही कारण है कि कंपनी भारी निवेश के बावजूद लगातार डिविडेंड देने में सक्षम है.

शेयर का हाल

ONGC शेयर की बात करें तो कच्‍चे तेल पर मचे घमासान के चलते इसकी कीमत अभी डाउन है. शुक्रवार को यह हल्‍की गिरावट के साथ 286.50 रुपये पर बंद हुआ था. हालांकि 3 महीनों में ये स्‍टॉक 22 फीसदी चढ़ा है. साल भर में इसने 25 फीसदी और 5 साल में 184 फीसदी तक का रिटर्न दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.