IRCTC या RVNL नहीं ये 2 रेलवे स्टॉक्स बन सकते हैं सोने का अंडा, अभी 52 वीक हाई से 43% तक नीचे, पर ग्रोथ का दिख रहा दम
Titagarh और RailTel जैसे उभरते रेलवे स्टॉक्स 52 वीक हाई से नीचे ट्रेड कर रहे हैं, लेकिन ग्रोथ की मजबूत संभावनाएं दिख रही है. टीटागढ़ जहां इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार से फायदा उठा रही है, जबकि RailTel डिजिटल नेटवर्क और डेटा सेवाओं के जरिए कमाई बढ़ा रही है. रेलवे के स्मार्ट और डिजिटल बदलाव के दौर में ये दोनों शेयर लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न दे सकते हैं.

Railway Stocks: देश की रेलवे अब सिर्फ ट्रेन और पटरियों तक सीमित नहीं रही है, बल्कि यह एक स्मार्ट और डिजिटल नेटवर्क में बदल रही है. रिकॉर्ड कैपेक्स, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार और फ्रेट कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट इस बदलाव की झलक देते हैं. लेकिन असली बदलाव अब उस तरीके में हो रहा है, जिससे रेलवे सिस्टम काम करता है. वैसे तो रेलवे में बदलाव की बात आते ही इस सेक्टर के दिग्गज खिलाडि़यों IRCTC या RVNL का नाम सामने आता है. मगर इस समय दो कंपनियां तेजी से उभर रही हैं. जिनमें Titagarh Rail Systems और RailTel Corporation of India शामिल हैं. रेलवे सिस्टम के साथ इनका तालमेल और इनकी ग्रोथ इनके शेयरों को लाइमलाइट में ला रहे हैं. अभी ये शेयर भले ही अपने हाई से नीचे हो, लेकिन इनके बेहतर रिटर्न देने की उम्मीद है.
Titagarh Rail Systems
यह रेलवे के लिए वैगन, कोच, मेट्रो और शिप्स बनाती है, यानी यह सीधे भारत के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के केंद्र में है. FY25 में कंपनी का रेवेन्यू 3,868 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 275 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का ऑर्डर बुक करीब 27,755 करोड़ रुपये का है, जो आने वाले कई सालों के लिए मजबूत विजिबिलिटी देता है. हालांकि अब कंपनी सिर्फ वैगन बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहती. पैसेंजर और मेट्रो प्रोजेक्ट्स में तेजी से बढ़ती हिस्सेदारी इसके बिजनेस मॉडल को बदल रही है, जहां बेहतर मार्जिन और लंबी अवधि के प्रोजेक्ट्स मिलते हैं. इससे कपनी की ग्रोथ बढ़ सकती है. जिसका फायदा इसके शेयरों में भी दिखेगा.
शेयर का हाल
शेयर की वर्तमान कीमत 691.70 रुपये है, जबकि 52 वीक हाई 974.35 रुपये है. यानी ये अपने ऑल टाइम हाई से लगभग 29.0% नीचे ट्रेड कर रहा है. हालांकि 7 अप्रैल को इसमें जबरदस्त तेजी देखने को मिली. ये 10 फीसदी से ज्यादा उछल गया. इसका आज का इंट्रा डे हाई 724 रुपये दर्ज किया गया. साल भर में इसने थोड़ा नेगेटिव रिटर्न दिया है, लेकिन लॉन्ग टर्म में देखें तो 3 साल में इसने 135 फीसदी और 5 साल में 1333 फीसदी का धमाकेदार रिटर्न दिया है.
RailTel
RailTel रेलवे के डिजिटल नेटवर्क को संभालती है. 62,000 रूट किलोमीटर फाइबर नेटवर्क और 7,000 से ज्यादा स्टेशनों को जोड़ने वाली यह कंपनी देश के बड़े डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर का हिस्सा बन चुकी है. FY25 में इसका रेवेन्यू 3,478 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 315 करोड़ रुपये रहा. इसकी खास बात यह है कि इसका ग्रोथ मॉडल फिजिकल प्रोडक्शन पर नहीं, बल्कि नेटवर्क के इस्तेमाल पर आधारित है. पिछले कुछ सालों में कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ 28% से 35% के बीच रही है और मार्जिन भी स्थिर बने हुए हैं. मगर रेलवे के विस्तार से इसे फायदा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: इन 3 शेयरों पर लट्टू हुए FIIs, 25% से सीधे 46% तक बढ़ाई हिस्सेदारी, क्या आने वाली है बड़ी तेजी
शेयर का हाल
शेयर की वर्तमान कीमत ₹268.58 है, जबकि 52 वीक हाई 478.95 रुपये है, ऐसे में ये अपने हाई से करीब 43.9% नीचे ट्रेड कर रहा है. हालांकि आज, 7 अप्रैल को इसके शेयर में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली. साल भर का इसका प्रदर्शन बहुत खास नहीं रहा है. जबकि 3 साल में इसने 156 फीसदी रिटर्न दिया है.
कहां है असली मौका?
रेलवे सेक्टर अब एक ऐसे मोड़ पर है जहां सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे कुशलता से चलाना ज्यादा जरूरी हो गया है. जैसे-जैसे नेटवर्क बड़ा होगा, मैनेजमेंट और डिजिटल सिस्टम की अहमियत बढ़ेगी. ऐसे में जहां Titagarh रेलवे के विस्तार से फायदा उठाएगी, वहीं RailTel उस जटिल सिस्टम को संभालकर कमाई करेगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.