Opening Bell: 74,849 पर खुला सेंसेक्स, 23,150 पर निफ्टी; IT और बैंकिंग शेयर्स में बिकवाली
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन 19 अक्टूबर को शेयर बाजार हरे निशान में खुला, लेकिन शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में फिसल गए. प्राइवेट बैंक और IT शेयरों में दबाव देखने को मिला, जबकि फार्मा इंडेक्स बढ़त में रहा. ONGC और SBI टॉप गेनर्स में शामिल रहे, जबकि Axis Bank में 3.47% की गिरावट दर्ज की गई.

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार, 19 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान में हुई. सुबह कारोबार शुरू होने पर निफ्टी 23,150.85 पर, जबकि सेंसेक्स 74,849.30 पर खुला. शुरुआती कारोबार में बाजार में हल्की तेजी देखने को मिली, लेकिन कुछ ही देर में सेंसेक्स और निफ्टी फिसलकर लाल निशान में कारोबार करने लगे.
बैंकिंग शेयरों में दबाव
घरेलू बाजार में प्राइवेट बैंक शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रही है. निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 353.25 अंक यानी 1.28% गिरकर 27,347.30 पर कारोबार कर रहा था. बीएसई बैंकएक्स में 0.22% और निफ्टी मिडकैप सिलेक्ट में 0.15% की गिरावट रही. निफ्टी आईटी भी 0.38% नीचे था.
हालांकि, निफ्टी फार्मा 177.35 अंक यानी 0.69% की बढ़त के साथ 25,959 पर पहुंच गया. निफ्टी मेटल में भी 0.02% की मामूली तेजी रही.
ONGC और SBI में तेजी, Axis Bank में सबसे ज्यादा गिरावट
निफ्टी 50 के शेयरों में ONGC 1.62%, SBI 1.29%, L&T 1.04%, UltraTech Cement 1.02% और Eicher Motors 1.02% की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स में शामिल रहे. वहीं, Axis Bank 3.47% गिरकर 1,245.20 रुपये पर कारोबार कर रहा था. HDFC Bank में 1.46%, Infosys में 1.40%, TMPV में 0.71% और Trent में 0.46% की गिरावट दर्ज की गई.
कंपनियों के नतीजों और दूसरे ट्रिगर्स पर नजर
घरेलू बाजार में दूसरी तिमाही के नतीजे निवेशकों के लिए अहम रहेंगे. Bajaj Finance, UltraTech Cement, L&T Technology Services, Union Bank of India और Hindustan Zinc समेत कई कंपनियां अपने नतीजे जारी करने वाली हैं. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों, रुपये की चाल और विदेशी निवेशकों की खरीद-बिक्री पर भी बाजार की नजर रहेगी.
ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत
वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है. GIFT Nifty 3 अंक यानी 0.01% की मामूली बढ़त के साथ 23,097.50 पर था. वहीं, Dow Futures 280.20 अंक यानी 0.54% चढ़कर 52,281.70 पर कारोबार कर रहा.
दूसरी ओर, जापान का Nikkei 573.78 अंक यानी 0.88% गिरकर 64,750.51 पर आ गया, जबकि हांगकांग का Hang Seng 127.40 अंक यानी 0.52% नीचे 24,186.80 पर था. जर्मनी का DAX 113.50 अंक यानी 0.45% की बढ़त के साथ 25,582.50 पर कारोबार कर रहा था.
इसे भी पढ़ें- फ्लाइट टिकट के मनमाने दाम पर नहीं लगेगी लगाम! सिर्फ इन हालात में दखल देगी सरकार; नए नियमों में क्या है खास?