₹51 से ₹767 पर पहुंचा ये रेलवे स्टॉक, 1301% तक दिया रिटर्न, 118 फीसदी की रफ्तार से बढ़ा मुनाफा; रखें नजर

रेलवे कवच से जुड़ी HBL Engineering के शेयर ने पांच साल में करीब 1301% का रिटर्न दिया है. जुलाई 2021 में करीब 51 रुपये का यह स्टॉक अब लगभग 767 रुपये पर पहुंच गया है. कंपनी के मुनाफे की पांच साल की कंपाउंडेड ग्रोथ 118 फीसदी रही.

रेलवे स्टॉक Image Credit: Canva

Railway Kavach Stock: रेलवे की सुरक्षा और आधुनिक तकनीक पर सरकार का फोकस बढ़ने से इस सेक्टर से जुड़ी कंपनियों की तस्वीर तेजी से बदली है. खासकर स्वदेशी एंटी-कोलिजन सिस्टम ‘कवच’ से जुड़ी कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिले हैं. इसका असर कुछ कंपनियों की कमाई के साथ उनके शेयरों पर भी दिखा है. ऐसी ही एक कंपनी HBL Engineering Limited है, जिसके स्टॉक ने पिछले 5 साल में करीब 1301 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, कंपनी के मुनाफे की 5 साल की कंपाउंडेड ग्रोथ 118 फीसदी सालाना रही है.

₹50 से ₹760 के करीब पहुंचा स्टॉक

HBL Engineering Limited का मार्केट कैप 21,228 करोड़ है. जुलाई 2021 में कंपनी के शेयर की कीमत करीब 51 रुपये थी, जो 13 जुलाई 2026 को 767.70 रुपये पर पहुंच गई है. इस तरह स्टॉक ने पांच साल में करीब 1301 फीसदी का रिटर्न दिया है. शेयर में आई इस तेजी के पीछे कंपनी की कमाई और खासकर रेलवे सुरक्षा से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार की बड़ी भूमिका रही है.

कंपनी के शेयर का हाल?

HBL Engineering Ltd का शेयर 13 जुलाई को दोपहर 2:15 बजे 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 768 रुपये पर कारोबार कर रहा. स्टॉक का 52 हफ्तों का हाई 1,122 रुपये और लो 552 रुपये है. कंपनी का स्टॉक P/E 25.4 है, जबकि बुक वैल्यू 79.9 रुपये है. इसका डिविडेंड यील्ड 0.26 फीसदी है. वहीं, कंपनी का ROCE 58.4 फीसदी और ROE 45.3 फीसदी है. शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है.

तीन गुना से ज्यादा हुआ मुनाफा

31 मार्च 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष में कंसोलिडेटेड आधार पर HBL Engineering की ऑपरेशंस से कुल आय बढ़कर ₹3,302.83 करोड़ हो गई. वित्त वर्ष 2025 में यह 276 करोड़ रुपये थी. वहीं, वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 814 करोड़ रुपये रहा. कंपनी की कंसोलिडेटेड अर्निंग पर शेयर यानी EPS भी 9.96 रुपये से बढ़कर 29.40 रुपये हो गई. ये आंकड़े कंपनी की कमाई में बड़े बदलाव को दिखाते हैं.

5 साल में 118% की रफ्तार से बढ़ा मुनाफा

HBL Engineering की पांच साल की कंपाउंडेड सेल्स ग्रोथ 29 फीसदी रही है. वहीं, इसी अवधि में कंपनी के मुनाफे की सालाना कंपाउंडेड ग्रोथ 118 फीसदी रही है. कंपनी के इलेक्ट्रॉनिक्स और रेलवे सुरक्षा कारोबार में आई तेजी ने पिछले पांच साल में मुनाफे की रफ्तार बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है.

इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट ने बदली कंपनी की तस्वीर

कंपनी के सेगमेंट के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्रोथ की बड़ी वजह साफ दिखाई देती है. रेलवे सुरक्षा और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार वाले इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर 1,626.25 करोड़ रुपये हो गया. वित्त वर्ष 2025 में इस सेगमेंट का रेवेन्यू सिर्फ 282.15 करोड़ रुपये था.

इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट का मुनाफा भी 25.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 818.49 करोड़ रुपये हो गया. इसके उलट कंपनी के पुराने इंडस्ट्रियल बैटरीज और डिफेंस एंड एविएशन बैटरीज सेगमेंट का कारोबार सालाना आधार पर लगभग स्थिर रहा.

रेलवे से मिल रहे नए ऑर्डर

कंपनी की ऑर्डर पाइपलाइन मजबूत बनी हुई है. हाल में भारतीय रेलवे से मिले कॉन्ट्रैक्ट ने आने वाले समय में कंपनी के रेवेन्यू को लेकर बेहतर विजिबिलिटी दी है. हालांकि, कंपनी के मैनेजमेंट ने साफ किया है कि इस कारोबार में मुनाफा हर तिमाही एक जैसी रफ्तार से नहीं बढ़ सकता है. शेयरधारकों को दिए एक नोट में बोर्ड ने बताया कि कवच कॉन्ट्रैक्ट की प्रकृति के आधार पर उनकी प्रॉफिटेबिलिटी अलग-अलग होती है.

रेलवे के अलावा इन कारोबार पर भी फोकस

HBL Engineering का मैनेजमेंट कई साल से दूसरे हाई-टेक और ज्यादा मार्जिन वाले कारोबार में भी निवेश कर रहा है. कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में ये कारोबार बिक्री और मुनाफे में अहम योगदान देंगे.

मजबूत ऑर्डर बुक, नए सेगमेंट में बेहतर मार्जिन और रेलवे कारोबार से आगे बढ़ने की कंपनी की योजना निवेशकों के लिए अहम पहलू हैं. खासकर ऐसे समय में जब कंपनी का स्टॉक पहले ही मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है.

क्या करती है HBL Engineering

HBL Engineering Limited को पहले HBL Power Systems Limited के नाम से जाना जाता था. हैदराबाद स्थित यह कंपनी इंडस्ट्रियल बैटरीज, डिफेंस एंड एविएशन बैटरीज और इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में काम करती है.

कंपनी के इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में रेलवे सुरक्षा सिस्टम ‘कवच’ के साथ डिफेंस और एविएशन से जुड़े एप्लिकेशन शामिल हैं. इस वजह से कंपनी भारत में रेलवे के आधुनिकीकरण और डिफेंस सेक्टर में स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने की मुहिम से जुड़ी अहम कंपनियों में शामिल है.

इसे भी पढ़ें- Happiest Minds में मेजॉरिटी हिस्सेदारी खरीदने की दौड़ में सबसे आगे ITC Infotech, जानें- क्यों अहम है ये डील

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.