गिरते बाजार में इस स्टॉक ने मचाया गदर! 11 फीसदी तक चढ़ा शेयर, सेबी के कदम से मिला बूस्ट; भाव ₹20 से कम
सोमवार को शेयर में 11 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली, लेकिन लंबी अवधि में इसका प्रदर्शन अभी भी कमजोर है. पिछले एक महीने में शेयर करीब 32 प्रतिशत, तीन महीने में 58 प्रतिशत, छह महीने में 75 प्रतिशत और एक साल में करीब 85 प्रतिशत टूट चुका है.

अमेरिका-ईरान तनाव के चलते सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली. इसके बावजूद Elitecon International के शेयर में जोरदार तेजी दर्ज की गई. कंपनी का शेयर बीएसई पर करीब 11.08 प्रतिशत चढ़कर 19.85 रुपये पर पहुंच गया. कंपनी को सेबी की ओर से राहत मिलने के बाद निवेशकों की खरीदारी बढ़ी. हालांकि, बीते एक हफ्ते में इसमें 8 फीसदी तक गिरावट देखने को मिली है.
सेबी के कदम से शेयर में आई तेजी
कंपनी ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को सेबी ने उसके अनुरोध पर संबंधित बैंकों को जरूरी स्पष्टीकरण भेजा. इसके बाद Kotak Mahindra Bank ने कंपनी को जानकारी दी कि उसके बैंक खाते पर लगी रोक हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कंपनी का कहना है कि इससे वह कर्मचारियों की सैलरी, सप्लायर के भुगतान, ग्राहकों से जुड़े काम और दूसरे जरूरी खर्च आसानी से कर सकेगी.
अब कंपनी की क्या योजना है?
Elitecon International ने कहा कि अब उसकी प्राथमिकता बैंक का कामकाज पूरी तरह सामान्य करना, रुके हुए भुगतान करना, नई भर्तियां शुरू करना और वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय नतीजे समय पर जारी करना है. इसके साथ ही कंपनी नए कारोबार के अवसरों पर भी काम करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि आगे सभी कानूनी और रेगुलेटरी नियमों का पूरी तरह पालन हो.
क्या है पूरा मामला?
30 मार्च 2026 को सेबी ने Elitecon International, उसके प्रमोटर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ अंतरिम आदेश जारी किया था. इस आदेश के तहत कंपनी के बैंक खातों से पैसे निकालने पर रोक लगा दी गई थी. हालांकि, सेबी ने यह भी साफ किया था कि यह शुरुआती जांच के आधार पर लिया गया फैसला है. मामले की जांच अभी जारी है और अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. कंपनी ने इन आरोपों को गलत बताया है और रेगुलेटरी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रख रही है.
कारोबार पर पड़ा था असर
बैंक खाते पर लगी रोक की वजह से कंपनी को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कत आई. कर्मचारियों की सैलरी, सप्लायर के भुगतान और दूसरे जरूरी लेनदेन प्रभावित हुए. इसी वजह से कंपनी ने 10 जुलाई 2026 को सेबी से राहत देने की मांग की थी. अब राहत मिलने के बाद कंपनी का कहना है कि जैसे-जैसे बैंक का कामकाज सामान्य होगा, वह नई भर्तियां करेगी और कारोबार बढ़ाने के नए अवसरों पर भी काम शुरू करेगी.
शेयर का प्रदर्शन
सोमवार को शेयर में 11 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली, लेकिन लंबी अवधि में इसका प्रदर्शन अभी भी कमजोर है. पिछले एक महीने में शेयर करीब 32 प्रतिशत, तीन महीने में 58 प्रतिशत, छह महीने में 75 प्रतिशत और एक साल में करीब 85 प्रतिशत टूट चुका है. ऐसे में निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि कंपनी का कारोबार कितनी तेजी से सामान्य होता है और आगे उसके प्रदर्शन में कितना सुधार आता है.
इसे भी पढ़ें- क्रूड 90 डॉलर पार, टूटा बाजार: सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा लुढ़का, निफ्टी 24200 के नीचे, RIL में तेजी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.