सोमवार को बाजार में ‘मंडे फीवर’, गिफ्ट निफ्टी ने दिए हरियाली के संकेत, पर क्या कच्चा तेल बिगाड़ेगा खेल?
20 अप्रैल को शेयर बाजार खुलने से पहले संकेत सकारात्मक हैं. GIFT Nifty 280 अंक चढ़ा, जबकि Brent Crude $95 के पार पहुंच गया. सोना और चांदी में गिरावट दिखी. वैश्विक तनाव के बीच निवेशकों की नजर आज के बाजार ट्रेंड और तेल की चाल पर टिकी है.

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए संकेत मिले-जुले लेकिन सकारात्मक नजर आ रहे हैं. वैश्विक स्तर पर जारी तनाव के बावजूद घरेलू बाजार मजबूती के साथ खुलने की तैयारी में है. निवेशकों की नजर एक तरफ 21 अप्रैल की कूटनीतिक डेडलाइन पर है, तो दूसरी कच्चे तेल की कीमतों में आए ताजा उछाल ने दुनिया भर के आर्थिक पंडितों के माथे पर बल ला दिए हैं. एशियाई और अमेरिकी बाजारों से आ रहे आंकड़ों ने सोमवार की सुबह को दिलचस्प बना दिया है.
गिफ्ट निफ्टी और एशियाई बाजारों का हाल: तेजी का रुख
सोमवार की सुबह भारतीय निवेशकों के लिए अच्छी खबर लेकर आई है. GIFT Nifty मामूली लेकिन हरे निशान के साथ 24,461 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है, जो करीब 0.43% की बढ़त दिखा रहा है. यह निफ्टी की मजबूत शुरुआत का साफ संकेत है. एशियाई बाजारों में भी उत्साह दिख रहा है:
- Nikkei 225 (जापान): आज सुबह 59,003 के स्तर पर है, जो 527.10 अंकों (+0.90%) की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है.
- चीन का Hang Seng (17 अप्रैल) 26,160 पर 0.89% गिरकर बंद हुआ था और Shanghai Composite में भी 0.10% की मामूली सुस्ती देखी गई थी.
DOW फ्यूचर्स में दबाव, नैस्डैक में दम
अमेरिकी बाजारों से आ रहे संकेत थोड़े विरोधाभासी हैं. जहां Dow Jones Futures (20 अप्रैल, सुबह 6:28 बजे) 456 अंकों (-0.92%) की गिरावट के साथ 48,991.37 पर ट्रेड कर रहा है, वहीं पिछले कारोबारी सत्र में Nasdaq और S&P 500 अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए थे. नैस्डैक में 1.52% की तेजी रही थी, जो आईटी शेयरों के लिए अच्छा संकेत है.
कच्चा तेल और सोने-चांदी की चाल: विरोधाभास का माहौल
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 20 अप्रैल के लिए निफ्टी का आउटलुक सकारात्मक बना हुआ है, लेकिन बाजार के सामने सबसे बड़ी चुनौती कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें हैं. Brent Crude अब $95.96 प्रति बैरल पर पहुंच चुका है, जो 6.17% का उछाल है. आमतौर पर तेल का महंगा होना भारतीय बाजार के लिए नकारात्मक होता है, लेकिन फिलहाल बाजार इस डर को दरकिनार कर ‘प्री-मार्केट’ तेजी पर फोकस कर रहा है.
वहीं, सुरक्षित निवेश माने जाने वाले गोल्ड और सिल्वर में मुनाफावसूली या गिरावट का रुख दिख रहा है:
- सोना (Gold): अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह $4,777.14 प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है, जिसमें $81.46 (-1.68%) की गिरावट दर्ज की गई है.
- चांदी (Silver): चांदी भी $79.89 के स्तर पर आ गई है, जो $1.58 (-1.93%) की सुस्ती दिखा रही है.
यह भी पढ़ें: Nifty Outlook 20 April: 24,500 पर टिकी बाजार की नजर, ब्रेकआउट या रुकावट? जानें एक्सपर्ट्स की राय
एक्सपर्ट की राय: सावधानी के साथ खरीदारी
विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी के लिए 24,500-24,600 का स्तर मजबूत सपोर्ट का काम करेगा. लेकिन कच्चे तेल की कीमतें $100 की तरफ बढ़ना और डॉव फ्यूचर्स की सुस्ती ऊपरी स्तरों पर बिकवाली का दबाव बना सकती है. 21 अप्रैल को ईरान-अमेरिका के बीच सीजफायर खत्म होने की खबर बाजार में किसी भी वक्त ‘शॉक वेव’ ला सकती है, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.