Share Market Today: सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ खुले, मेटल और IT शेयरों में तेजी; इन्फोसिस, टाटा स्टील टॉप गेनर्स
Share Market Today: ट्रेडर्स ईरान पर प्रतिबंध लगाने की अमेरिका के प्लान डिटेल्स का इंतजार कर रहे हैं. ईरान पर नए प्रतिबंधों के बारे में अमेरिका की घोषणा से पहले तेल की कीमतों में नरमी आई. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने शुक्रवार को 542.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

Share Market Today: तेल की कीमतों में गिरावट के बीच निफ्टी50 और सेंसेक्स सोमवार को बढ़त के साथ खुले. वहीं, ट्रेडर्स ईरान पर प्रतिबंध लगाने की अमेरिका के प्लान डिटेल्स का इंतजार कर रहे हैं. शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 198 अंक या 0.26 फीसदी बढ़कर 77,740 पर खुला. निफ्टी50 भी 48 अंक या 0.20 फीसदी की बढ़त के साथ 24,297 पर कारोबार कर ओपन हुआ.
टॉप गेनर्स और लूजर्स
आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर बढ़त के साथ खुले. इन्फोसिस, टाटा स्टील और HCL टेक सबसे अधिक बढ़त वाले शेयर रहे, जबकि एशियन पेंट्स और अडानी पोर्ट्स में मामूली गिरावट देखी गई.
सेक्टोरल इंडेक्स
सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी मीडिया और निफ्टी IT में सबसे ज्यादा बढ़त हुई. वहीं, निफ्टी फार्मा में सबसे अधिक गिरावट आई.
बाजार में तेजी की वजह?
बाजार में तेजी की वजह ग्लोबल स्तर पर मिले सकारात्मक संकेतों के बीच HDFC बैंक और इंफोसिस जैसे ब्लू-चिप शेयरों में खरीदारी थी.
हालांकि, एक एक्सपर्ट ने कहा कि लगातार जारी जियो-पॉलिटिकल तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें निवेशकों के जोखिम लेने की इच्छा को प्रभावित कर रही हैं.
पश्चिम एशिया में तनाव बाजार के मूड को तय कर रहा है. ईरान ने अमेरिका के ‘इकोनॉमिक वॉर’ में शामिल देशों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है, जिससे यह चिंता बढ़ गई है कि निकट भविष्य में टकराव कम होने के बजाय और बढ़ सकता है.
एशियाई बाजार
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई का SSE कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे.
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने शुक्रवार को 542.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.