Stock to Watch: इन 10 कंपनियों के शेयरों पर रहेगी नजर, सुर्खियों में टाटा ग्रुप से लेकर एयरटेल और ग्रो तक के स्टॉक
Stock to Watch: कंपनियों से जुड़े बड़े कारोबारी फैसलों, साझेदारी, शेयर बिक्री और प्रोजेक्ट अपडेट पर बाजार की नजर रहेगी. मंगलवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तेजी रही. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू वित्तीय शेयरों में विदेशी निवेश जारी रहने से बाजार को समर्थन मिला.

Stock to Watch: शेयर बाजार में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को कई कंपनियों के शेयर निवेशकों के रडार पर रहेंगे. इनमें टाटा ग्रुप की कंपनियां, भारती एयरटेल, HCL टेक्नोलॉजीज, ग्रो, IIFL फाइनेंस और ACME सोलर होल्डिंग्स शामिल हैं. इन कंपनियों से जुड़े बड़े कारोबारी फैसलों, साझेदारी, शेयर बिक्री और प्रोजेक्ट अपडेट पर बाजार की नजर रहेगी.
इससे पहले मंगलवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तेजी रही. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू वित्तीय शेयरों में विदेशी निवेश जारी रहने से बाजार को समर्थन मिला.
टाटा ग्रुप की कंपनियां
टाटा ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर चल रहे विवाद के कारण हलचल रह सकती है. टाटा ट्रस्ट्स के पूर्व ट्रस्टी डेरियस खंबाटा ने वाइस चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह को पत्र लिखकर टाटा संस की प्रस्तावित लिस्टिंग पर उनके बदले हुए रुख पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने इस दावे पर भी आपत्ति जताई है कि ट्रस्टियों को RBI के साथ हुई चर्चाओं की जानकारी दी गई थी. टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स और कंपनी के बीच चल रही खींचतान से ग्रुप की कंपनियों के शेयर निवेशकों के फोकस में रह सकते हैं.
HCL टेक्नोलॉजीज
HCL टेक्नोलॉजीज ने AI कंपनी Cohere के साथ साझेदारी की है. दोनों कंपनियां एंटरप्राइज और सरकारी संस्थानों के लिए सॉवरेन AI सॉल्यूशंस विकसित करेंगी और उपलब्ध कराएंगी. इस साझेदारी के तहत HCLTech कनाडा और जर्मनी में Cohere की पसंदीदा ग्लोबल सिस्टम इंटीग्रेटर पार्टनर्स में शामिल होगी. इस खबर के चलते कंपनी के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी.
भारती एयरटेल
भारती एयरटेल की सहायक कंपनी एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 139% बढ़कर 28.2 करोड़ रुपये हो गया. रेवेन्यू 8.9% बढ़कर 875.5 करोड़ रुपये रहा. सालाना आधार पर रेवेन्यू 3,500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.
ग्रो (Groww)
ग्रो की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures में बड़ा ब्लॉक डील हुआ है. Ribbit Capital और उससे जुड़ी एक अन्य इकाई ने मिलकर कंपनी के 8.7 करोड़ शेयर बेचे हैं. इस सौदे की कुल वैल्यू 1,905 करोड़ रुपये रही.
शेयरों की बिक्री NSE पर ब्लॉक डील के जरिए 219 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर की गई. इन शेयरों को घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों ने खरीदा है.
प्रॉक्टर एंड गैंबल हाइजीन एंड हेल्थ केयर
प्रॉक्टर एंड गैंबल हाइजीन एंड हेल्थ केयर ने टैक्स अधिकारियों के साथ एडवांस प्राइसिंग एग्रीमेंट (APA) किया है. इस समझौते के परिणामस्वरूप कंपनी पर 14.3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त टैक्स देनदारी आई है. हालांकि, इससे कंपनी की कंटिजेंट लायबिलिटीज यानी आकस्मिक देनदारियों में 94 करोड़ रुपये की कमी आई है.
जीके एनर्जी
जीके एनर्जी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी GK Energy Solar ने अपने मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MOA) में संशोधन किया है. इसके तहत कंपनी ने अपने कारोबार का दायरा बढ़ाते हुए ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन अमोनिया, ग्रीन मेथनॉल, एनर्जी स्टोरेज, इलेक्ट्रोलाइजर और फ्यूल सेल जैसे क्षेत्रों को शामिल किया है.
IIFL फाइनेंस
IIFL फाइनेंस में बड़ा शेयर बिक्री सौदा होने जा रहा है. फेयरफैक्स इंडिया की सहायक कंपनी FIH Mauritius Investments, IIFL फाइनेंस में अपनी 13.25% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में है. इस सौदे की कुल वैल्यू करीब 3,454 करोड़ रुपये है.
ACME सोलर होल्डिंग्स
ACME सोलर होल्डिंग्स ने राजस्थान के बीकानेर स्थित अपने FDRE प्रोजेक्ट में अतिरिक्त 52.32 MW/209.28 MWh क्षमता का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) शुरू किया है. कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का कमर्शियल ऑपरेशन 19 नवंबर से शुरू होने वाला है. इस नई क्षमता के जुड़ने के बाद कंपनी की कुल चालू BESS क्षमता 247.67 MW/990.68 MWh हो गई है.
अशोका बिल्डकॉन
अशोका बिल्डकॉन ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के एक प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (L1 Bidder) के रूप में जगह बनाई है. इस प्रोजेक्ट के लिए कंपनी ने 1,465 करोड़ रुपये की EPC बोली लगाई है. इसमें GST शामिल नहीं है.
सिग्नेचर ग्लोबल
सिग्नेचर ग्लोबल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Maa Vaishno Net-Tech ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में 474.66 एकड़ जमीन के लिए सफल बोली लगाई है.
कंपनी ने इस जमीन के लिए 194.19 करोड़ रुपये की बोली लगाई है. यह जमीन नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के इलाके में स्थित है.
प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स
प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Prestige Falcon Realty Ventures ने Advent Convention and Hotels International में 50% हिस्सेदारी खरीदी है. Advent मुंबई के अंधेरी ईस्ट में एक कमर्शियल प्रोजेक्ट विकसित कर रही है.
गोदरेज प्रॉपर्टीज
गोदरेज प्रॉपर्टीज से जुड़ी दो नियामकीय खबरें सामने आई हैं. पहली, तमिलनाडु रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) ने RERA एक्ट के कथित उल्लंघन के मामले में कंपनी को 1 लाख रुपये का जुर्माना नोटिस भेजा है.
दूसरी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण नियंत्रण नियमों के कथित उल्लंघन के चलते गुरुग्राम के सेक्टर-3 स्थित कंपनी के ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट का संचालन बंद करने का निर्देश दिया है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.