TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Gold-Silver Price: सोने की कीमत ₹1.40 लाख के नीचे लुढ़की, चांदी 9500 रुपये हुई सस्ती; जानें- ताजा भाव

Gold-Silver Price Updates: विदेशी बाजारों में स्पॉट गोल्ड 3,856.61 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि चांदी 1 फीसदी बढ़कर 47.44 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई. 9 नवंबर से अब तक सोने की कीमत में 8,300 रुपये, यानी लगभग 6 फीसदी की गिरावट आई है.

सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट Image Credit: Tv9 Network

Highlights

  • 5 नवंबर से अब तक आठ सत्रों में चांदी की कीमत में 25,000 रुपये की गिरावट आई है.
  • 9 नवंबर से अब तक सोने की कीमत में 8,300 रुपये, यानी लगभग 6 फीसदी की गिरावट आई है.
  • गोल्ड-बैक्ड ETF से भी एक हफ्ते में लगभग 1,58,000 औंस सोने की निकासी दर्ज की गई है.

Gold-Silver Price Updates: मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में कमजोर वैश्विक रुझानों और मजबूत रुपये के बीच, सोने की कीमतों में लगातार छठे सत्र में गिरावट आई. सोना 1,400 रुपये गिरकर 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 5 फीसदी लुढ़ककर 1.69 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गई.

सोने की कीमत में बड़ी गिरावट

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत सोमवार के 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 1,400 रुपये घटकर 1,38,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई. 9 नवंबर से अब तक सोने की कीमत में 8,300 रुपये, यानी लगभग 6 फीसदी की गिरावट आई है.

चांदी की कीमत में कितनी गिरावट?

चांदी पर भी भारी बिकवाली का असर दिखा. इसकी कीमत 9,500 रुपये यानी 5.3 फीसदी गिरकर 1,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गई, जो एक साल का निचला स्तर है. पिछले सत्र में यह 1.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

चांदी का भाव पिछले साल 13 नवंबर को भी इसी स्तर पर था, जब स्थानीय बाजार में यह लगभग 1,69,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी. 5 नवंबर से अब तक आठ सत्रों में चांदी की कीमत में 25,000 रुपये, यानी 13 फीसदी की गिरावट आई है.

सोने की कीमतों में दबाव क्यों?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘मंगलवार को कमजोर वैश्विक रुझानों के कारण घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा, जबकि भारतीय रुपये के मजबूत होने से यह दबाव और बढ़ गया.’

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का मजबूत होकर 93.51 के स्तर पर पहुंचना – जो अप्रैल के बाद का सबसे मजबूत स्तर है – घरेलू सर्राफा बाजार पर अतिरिक्त दबाव का कारण बना.

विदेशी बाजारों में स्पॉट गोल्ड और सिल्वर

विदेशी बाजारों में स्पॉट गोल्ड 3,856.61 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि चांदी 1 फीसदी बढ़कर 47.44 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई.

एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी रिसर्च एनालिस्ट, सैश सावंत ने कहा, ‘फेड (Fed) द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें बढ़ने के बीच, सोने की स्पॉट कीमतें एक साल के निचले स्तर तक गिरने के बाद मंगलवार को कुछ संभली हैं.’

उन्होंने आगे कहा कि सोने की कीमत अभी भी जनवरी के 5,602 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से लगभग 31.5 फीसदी नीचे है, और 2015 के बाद से यह साल इसके लिए सबसे खराब साबित हो सकता है. इसकी मुख्य वजह मौद्रिक नीति (monetary policy) है.

बढ़ गई है अपॉर्चुनिटी कॉस्ट

सावंत ने बताया कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और डॉलर के 19 महीने के उच्च स्तर के करीब पहुंचने से, बिना रिटर्न देने वाली कीमती धातुओं (जैसे सोना) को अपने पास रखने की ‘अपॉर्चुनिटी कॉस्ट’ बढ़ गई है. गोल्ड-बैक्ड ETF से भी एक हफ्ते में लगभग 1,58,000 औंस सोने की निकासी दर्ज की गई है.

उन्होंने कहा कि फेड की 27-28 अक्टूबर की बैठक के मिनट्स, जो बुधवार को जारी होने वाले हैं, कीमती धातुओं के लिए अगला बड़ा ट्रिगर साबित हो सकते हैं.

गोल्ड का आउटलुक

भविष्य के आउटलुक पर मिराए एसेट शेरखान (Mirae Asset Sharekhan) के कमोडिटी प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा कि निकट भविष्य में कीमती धातुओं पर दबाव बने रहने की संभावना है, क्योंकि बाजार दिसंबर और अगले साल की पहली छमाही में ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी के लिए खुद को तैयार कर रहा है.

यह भी पढ़ें: क्या अब एनवीडिया के CEO कभी नहीं बन सकेंगे जेन्सेन हुआंग? बोर्ड ने रिजेक्ट कर दिया वापसी का प्रस्ताव