TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

कौन हैं जिमी टाटा, जो रहते हैं लाइमलाइट से दूर? टाटा ग्रुप में रखते हैं बड़ी हिस्सेदारी

टाटा ग्रुप में जारी विवाद के बीच रतन टाटा के छोटे भाई जिमी नवल टाटा चर्चा में हैं. उन्होंने नोएल टाटा के कामकाज पर सवाल उठाते हुए टाटा संस की लिस्टिंग का समर्थन किया है. जिमी के पास कंपनी की करीब 0.81 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,000 से 10,000 करोड़ रुपये बताई जाती है.

जिमी नवल टाटा

Highlights

  • जिमी टाटा के पास टाटा संस की 0.81 फीसदी हिस्सेदारी है
  • उन्होंने नोएल टाटा के कामकाज और ट्रस्ट में परिवार की भूमिका पर सवाल उठाए
  • जिमी टाटा टाटा संस की लिस्टिंग और चंद्रशेखरन के समर्थन में हैं

टाटा ग्रुप में इन दिनों परिवार और कारोबार के नियंत्रण को लेकर खींचतान तेज हो गई है. इस पूरे विवाद के बीच एक ऐसा नाम चर्चा में आया है, जो दशकों से लाइमलाइट से दूर रहा है. इनका नाम है जिमी नवल टाटा. रतन टाटा के छोटे भाई जिमी टाटा ने अब टाटा ग्रुप के भविष्य, टाटा संस की लिस्टिंग और नोएल टाटा के कामकाज को लेकर अपनी राय रखी है. उन्होंने टाटा ट्रस्ट्स में परिवार के सदस्यों की बढ़ती भूमिका पर सवाल उठाए हैं. खास बात यह है कि जिमी टाटा खुद टाटा संस में बड़ी व्यक्तिगत हिस्सेदारी रखते हैं.

कौन हैं जिमी नवल टाटा?

जिमी नवल टाटा, दिवंगत रतन टाटा के छोटे भाई हैं. वह लंबे समय से टाटा ग्रुप के सार्वजनिक कार्यक्रमों और कारोबारी गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं. उनकी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा निजी तौर पर गुजरा है. वह न तो कारोबार की कमान संभालने के लिए आगे आए और न ही सार्वजनिक रूप से अपनी पहचान बनाने की कोशिश की.

जिमी टाटा के पास मोबाइल फोन तक नहीं है. वह अखबारों के जरिए दुनिया की खबरें रखते हैं. पहले वह मुंबई के कोलाबा इलाके में रहते थे, लेकिन अब पुणे में रह रहे हैं. उन्हें स्क्वैश खेलने का भी शौक रहा है. हालांकि, कारोबार से दूरी के बावजूद टाटा ग्रुप से उनका रिश्ता आज भी काफी मजबूत है.

टाटा संस में कितनी है जिमी टाटा की हिस्सेदारी?

जिमी टाटा के पास टाटा संस के 3,262 शेयर हैं. यह कंपनी में करीब 0.81 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. इस तरह वह टाटा संस में सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारकों में शामिल हैं. उनके पास मौजूद हिस्सेदारी की अनुमानित वैल्यू 7,000 करोड़ रुपये से 10,000 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है.

जिमी टाटा सर रतन टाटा ट्रस्ट के स्थायी ट्रस्टी भी हैं. उनके पिता नवल टाटा के निधन के बाद 1989 में वह इस ट्रस्ट से जुड़े थे. इस ट्रस्ट के पास टाटा संस की करीब 23.56 फीसदी हिस्सेदारी है. वहीं, दोनों प्रमुख टाटा ट्रस्ट मिलकर टाटा संस में लगभग 66 फीसदी हिस्सेदारी रखते हैं.

नोएल टाटा के खिलाफ क्यों उठाई आवाज?

जिमी टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के कामकाज पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि ट्रस्ट में मौजूदा चेयरमैन के परिवार के सदस्यों की बढ़ती मौजूदगी से टाटा संस पर परिवार का नियंत्रण मजबूत हो सकता है.

उनका कहना है कि एक ही परिवार के एक से ज्यादा सदस्यों को किसी ट्रस्ट में जगह देना उचित नहीं है. इससे ट्रस्ट की बड़ी हिस्सेदारी पर परिवार का प्रभाव बढ़ सकता है. जिमी ने इसे टाटा संस पर पिछले दरवाजे से कब्जे की कोशिश बताया है.

उनके मुताबिक, सर रतन टाटा और सर दोराबजी टाटा ने इन ट्रस्ट की स्थापना आम लोगों के कल्याण के लिए की थी. इन संस्थाओं का मकसद गरीबी कम करना और भारतीय संस्कृति को सुरक्षित रखना था. ट्रस्टी इन संपत्तियों के मालिक नहीं, बल्कि उनके संरक्षक हैं.

टाटा संस की लिस्टिंग के समर्थन में क्यों हैं जिमी?

जिमी टाटा चाहते हैं कि टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट किया जाए. उनका मानना है कि लिस्टिंग से कंपनी के कामकाज में पारदर्शिता आएगी और जवाबदेही बढ़ेगी. इससे टाटा ट्रस्ट्स और कारोबारी गतिविधियों के बीच स्पष्ट अंतर भी कायम हो सकेगा.

दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक ने टाटा संस को अपर-लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के रूप में वर्गीकृत किया है. इस श्रेणी में आने वाली कंपनियों पर लिस्टिंग से जुड़े नियम लागू होते हैं. जिमी ने आरबीआई से इन नियमों को जल्द लागू कराने की मांग की है.

उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि टाटा संस को छोटी-छोटी कंपनियों में बांटकर लिस्टिंग की जरूरत से बचने की कोशिश समूह और शेयरधारकों के हित में नहीं होगी.

चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने के पक्ष में जिमी

टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल को लेकर भी विवाद चल रहा है. जिमी टाटा ने चंद्रशेखरन को दोबारा जिम्मेदारी देने का समर्थन किया है.

उनका कहना है कि चंद्रशेखरन ने टाटा ग्रुप की कंपनियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है. जिमी ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि टाटा संस के बोर्ड और टाटा ट्रस्ट्स में समर्थन मिलने के बावजूद नोएल टाटा ने उनके दोबारा चेयरमैन बनने का विरोध क्यों किया.

क्या अब ट्रस्ट की बैठकों में सक्रिय होंगे जिमी?

जिमी टाटा आमतौर पर ट्रस्ट की बैठकों और वोटिंग से दूरी बनाए रखते आए हैं. वह अपनी राय पत्रों और लिखित संदेशों के जरिए रखते रहे हैं. हालांकि, मौजूदा विवाद में उनकी खुलकर सामने आई राय ने टाटा ग्रुप के भीतर चल रही खींचतान को और अहम बना दिया है.

उनसे पूछा गया कि क्या अब वह ट्रस्ट की बैठकों में हिस्सा लेकर वोटिंग करेंगे, तो उन्होंने कहा कि यह परिस्थितियों पर निर्भर करेगा. ऐसे में आने वाले समय में टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के फैसलों में उनकी भूमिका पर सबकी नजर रहेगी.

यह भी पढ़ें- दुनिया के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल वॉरेन बफेट की दरियादिली, बच्चों के फाउंडेशन को दिए अरबों डॉलर