दुनिया के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल वॉरेन बफेट की दरियादिली, बच्चों के फाउंडेशन को दिए अरबों डॉलर
दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट ने थैंक्सगिविंग के मौके पर करीब 45,000 करोड़ रुपये के बर्कशायर हैथवे शेयर दान करने का ऐलान किया है. यह रकम उनके बच्चों से जुड़े चार फाउंडेशन को मिलेगी. खास बात है कि बिल गेट्स का गेट्स फाउंडेशन इस बार भी दान की लिस्ट से बाहर है. बफेट 2034 तक अपनी पूरी हिस्सेदारी दान करेंगे.
Highlights
- वॉरेन बफेट ने चार फाउंडेशन को 5.47 अरब डॉलर के शेयर दान किए
- गेट्स फाउंडेशन को 2006 से 47 अरब डॉलर से ज्यादा मिल चुके हैं
- बफेट 2034 तक बर्कशायर हैथवे की अपनी पूरी हिस्सेदारी दान करेंगे
दुनिया के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट ने एक बार फिर अपनी दरियादिली से सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने थैंक्सगिविंग के मौके पर करीब 5.47 अरब डॉलर यानी लगभग 45,000 करोड़ रुपये के शेयर दान करने का ऐलान किया है. यह रकम उनकी कंपनी बर्कशायर हैथवे के शेयरों के रूप में चार चैरिटेबल फाउंडेशन को दी जाएगी. खास बात यह है कि इस बार भी बिल गेट्स का गेट्स फाउंडेशन उनकी इस लिस्ट से बाहर रहा है.
चार फाउंडेशन को मिलेंगे बर्कशायर हैथवे के शेयर
96 साल के वॉरेन बफेट ने कुल 9.23 मिलियन क्लास बी शेयर दान करने का फैसला किया है. इनकी मौजूदा वैल्यू करीब 5.47 अरब डॉलर है. इन शेयरों को उनके तीन बच्चों से जुड़े चार फाउंडेशन के बीच बांटा जाएगा.
इसमें सबसे बड़ा हिस्सा उनकी पहली पत्नी के नाम पर बने सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को मिलेगा. इस फाउंडेशन को 3.69 मिलियन शेयर दिए जाएंगे, जिनकी कीमत करीब 2.2 अरब डॉलर है.
बाकी तीन फाउंडेशन को 1.845 मिलियन शेयर यानी करीब 1.1 अरब डॉलर के शेयर मिलेंगे. इनमें शेरवुड फाउंडेशन, हॉवर्ड जी बफेट फाउंडेशन और नोवो फाउंडेशन शामिल हैं.
गेट्स फाउंडेशन को फिर नहीं मिला दान
बफेट के इस फैसले में सबसे ज्यादा चर्चा गेट्स फाउंडेशन को दान नहीं मिलने की हो रही है. बिल गेट्स और वॉरेन बफेट लंबे समय तक अच्छे दोस्त रहे हैं. बफेट ने 2006 से गेट्स फाउंडेशन को 47 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम बर्कशायर हैथवे के शेयरों के रूप में दी थी.
हालांकि, पिछले साल के बाद उन्होंने इस फाउंडेशन को दान देना बंद कर दिया. बिल गेट्स के जेफरी एपस्टीन से संबंधों को लेकर सामने आए खुलासों के बाद दोनों के रिश्तों पर भी सवाल उठे थे. बफेट ने अब अपना ध्यान अपने बच्चों की ओर से संचालित चार फाउंडेशन पर केंद्रित किया है.
2034 तक अपनी पूरी हिस्सेदारी दान करेंगे बफेट
वॉरेन बफेट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह बर्कशायर हैथवे में अपनी बची हुई हिस्सेदारी को 31 दिसंबर 2034 तक इन चार फाउंडेशन को दान कर देंगे. उनका मकसद इन संस्थाओं के जरिए हर साल सामाजिक कार्यों के लिए दिए जाने वाले अनुदान को बढ़ाना है.
ताजा दान के बाद इन चारों फाउंडेशन को बफेट की ओर से अब तक 29 अरब डॉलर से ज्यादा के शेयर मिल चुके हैं. इसके बावजूद बफेट के पास कंपनी की करीब 13 फीसदी हिस्सेदारी बनी हुई है.
बच्चों की काबिलियत पर पूरा भरोसा
अपने थैंक्सगिविंग संदेश में बफेट ने कहा कि उनके बच्चों ने दशकों से अच्छे सामाजिक कार्यों के लिए सोच-समझकर पैसा खर्च किया है. उन्हें अपने बच्चों की काबिलियत और ईमानदारी पर 100 फीसदी भरोसा है.
उन्होंने यह भी कहा कि बर्कशायर हैथवे के भविष्य को लेकर उनका भरोसा पहले की तरह मजबूत है. कंपनी की कमान संभाल रहे ग्रेग एबेल की लीडरशिप से भी वह संतुष्ट हैं.
बफेट ने अपने संदेश में दयालुता का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी अहमियत समय के साथ और बढ़ती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी जिंदगी में मदद करने वाले लोगों का शुक्रिया अदा करें और दूसरों की मदद करने के लिए आगे आएं.
Latest Stories
भारतीय IT प्रोफेशनल्स के लिए अमेरिका में बढ़ेंगी मुश्किलें? H-1B वीजा पर नई स्टडी ने बढ़ाई चिंता!
कौन हैं जिमी टाटा, जो रहते हैं लाइमलाइट से दूर? टाटा ग्रुप में रखते हैं बड़ी हिस्सेदारी
मिसाइल और रडार के बाद अब Apollo Defence बनाएगी मिलिट्री व्हीकल्स, A Thon में खरीदेगी 26% हिस्सेदारी!
