TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

विदेशी निवेश के दम पर रुपये ने लगाई छलांग, 31 पैसे मजबूत होकर 93.63 पर पहुंचा; पॉजिटिव रुझान से बदली चाल

Indian Rupee Today: इस महीने अब तक भारतीय इक्विटी बाजारों में 8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का विदेशी संस्थागत निवेश (FII) आया है, और घरेलू शेयर बाजारों में आई तेजी ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है. रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.72 पर खुला.

भारतीय रुपया Image Credit: CANVA

Highlights

  • विदेशी फंडों के भारी निवेश और घरेलू शेयर बाजारों में पॉजिटिव रुझान से इसे समर्थन मिला.
  • घरेलू शेयर बाजारों में आई तेजी ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है.
  • इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.72 पर खुला.

Indian Rupee Today: मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे मजबूत होकर 93.63 पर पहुंच गया. ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट, विदेशी फंडों के भारी निवेश और घरेलू शेयर बाजारों में पॉजिटिव रुझान से इसे समर्थन मिला. फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि ब्रेंट क्रूड की कीमतों में गिरावट से बढ़ते इंपोर्ट बिलों को लेकर चिंताएं कम हुईं.

इसके अलावा, इस महीने अब तक भारतीय इक्विटी बाजारों में 8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का विदेशी संस्थागत निवेश (FII) आया है, और घरेलू शेयर बाजारों में आई तेजी ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है.

इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट

इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.72 पर खुला और बाद में मजबूत होकर 93.63 के स्तर पर पहुंच गया. इस तरह, पिछले बंद भाव के मुकाबले इसमें 31 पैसे की बढ़त दर्ज की गई. सोमवार को रुपया 25 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.94 पर बंद हुआ था.

कैसे मिल सकता है रुपये को सहारा?

मिराए एसेट शेरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और घरेलू बाजारों में मजबूती के चलते महंगाई की चिंताएं कम होंगी, जिससे रुपया पॉजिटिव रुख के साथ कारोबार करेगा. FII का निवेश और अमेरिका तथा ईरान के बीच बड़े पैमाने पर टकराव की चिंताओं में कमी भी रुपये को सहारा दे सकती है. हालांकि, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में उछाल रुपये की तेजी को सीमित कर सकते हैं.’

डॉलर इंडेक्स

इस बीच, डॉलर इंडेक्स – जो छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापता है – 0.04 फीसदी बढ़कर 103.50 पर पहुंच गया. वैश्विक तेल बेंचमार्क, ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 91.71 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.

ब्रेंट क्रूड की कीमतों में लगातार गिरावट

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने बताया कि ब्रेंट क्रूड की कीमतों में लगातार गिरावट आ रही है. इसका मुख्य कारण वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति अधिक होने की आशंका है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) का अनुमान है कि चौथी तिमाही (Q4) में तेल की आपूर्ति मांग से लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन अधिक रह सकती है.

इसके पीछे कारण यह है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से मध्य-पूर्वी देशों का तेल निर्यात उम्मीद से कहीं अधिक तेजी से बहाल हो रहा है, जबकि दूसरी ओर चीन से तेल की मांग कमजोर होने के संकेत मिल रहे हैं.

यह भी पढ़ें: क्या फिलहाल नहीं मिलेगी कैपिटल गेन टैक्स से राहत? वित्त मंत्री को अर्थशास्त्रियों ने दी LTCG पर ऐसी सलाह