TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

8th Pay Commission: 2.25 फिटमेंट फैक्टर का मतलब 2.25 गुना सैलरी नहीं, जानिए Level 6-8 कर्मचारियों की कितनी बढ़ेगी ग्रॉस सैलरी

8वें वेतन आयोग में 2.25 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी? इसका मतलब ग्रॉस सैलरी 2.25 गुना होना नहीं है. लेवल 6, 7 और 8 के कर्मचारियों की बेसिक और ग्रॉस सैलरी का पूरा कैलकुलेशन समझिए. अनुमान के मुताबिक ग्रॉस सैलरी में करीब 45 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है.

8वां वेतन आयोग

Highlights

  • 2.25 फिटमेंट फैक्टर पर बेसिक सैलरी में 125 फीसदी बढ़ोतरी
  • लेवल 6 कर्मचारियों की अनुमानित ग्रॉस सैलरी 98,766 रुपये होगी
  • लेवल 8 कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी 1,32,804 रुपये तक पहुंच सकती है

केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग से सैलरी बढ़ने की काफी उम्मीदें हैं. इस बीच फिटमेंट फैक्टर को लेकर भी चर्चा तेज है. माना जा रहा है कि अगर 8वें वेतन आयोग में 2.25 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो कर्मचारियों की सैलरी में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों की पूरी ग्रॉस सैलरी 2.25 गुना हो जाएगी. फिटमेंट फैक्टर का सीधा असर बेसिक सैलरी पर पड़ता है, जबकि ग्रॉस सैलरी में बढ़ोतरी डीए और दूसरे भत्तों पर भी निर्भर करती है.

क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?

फिटमेंट फैक्टर एक ऐसा मल्टीप्लायर है, जिसके जरिए पुराने वेतन आयोग की बेसिक सैलरी को नए वेतन आयोग के हिसाब से संशोधित किया जाता है. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 35,400 रुपये है और 2.25 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो उसकी नई बेसिक सैलरी 79,650 रुपये हो जाएगी.

इसका मतलब बेसिक सैलरी में 125 फीसदी की बढ़ोतरी है. लेकिन ग्रॉस सैलरी में इतनी बढ़ोतरी नहीं होती. इसकी वजह यह है कि ग्रॉस सैलरी में बेसिक पे के अलावा महंगाई भत्ता (DA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और दूसरे भत्ते भी शामिल होते हैं.

ग्रॉस सैलरी में 2.25 गुना बढ़ोतरी क्यों नहीं?

किसी कर्मचारी की ग्रॉस सैलरी सिर्फ बेसिक पे पर निर्भर नहीं करती. इसमें डीए और दूसरे भत्ते भी शामिल होते हैं. नए वेतन आयोग के लागू होने पर मौजूदा डीए को बेसिक सैलरी में मर्ज करके डीए को दोबारा शून्य से शुरू किया जाता है.

यानी फिटमेंट फैक्टर में पहले से मिल रहा डीए भी शामिल होता है. ऐसे में अगर फिटमेंट फैक्टर 2.25 है तो इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी की कुल सैलरी भी 2.25 गुना हो जाएगी.

मौजूदा गणना में 1 जुलाई 2026 से लागू 63 फीसदी डीए और एक्स कैटेगरी के शहरों में 30 फीसदी एचआरए को आधार बनाया गया है. 8वें वेतन आयोग के अनुमान में डीए को शून्य और एक्स कैटेगरी के शहरों के लिए एचआरए को 24 फीसदी माना गया है.

Level 6 कर्मचारियों की कितनी बढ़ेगी सैलरी?

7वें वेतन आयोग के तहत लेवल 6 कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 35,400 रुपये है. मौजूदा डीए और एचआरए को जोड़ने पर उनकी ग्रॉस सैलरी करीब 68,322 रुपये बनती है. अगर 8वें वेतन आयोग में 2.25 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो नई बेसिक सैलरी 79,650 रुपये हो सकती है. वहीं, अनुमानित ग्रॉस सैलरी बढ़कर 98,766 रुपये हो जाएगी.

फिटमेंट फैक्टरनई बेसिक सैलरीअनुमानित ग्रॉस सैलरी
2.00₹70,800₹87,792
2.25₹79,650₹98,766
2.50₹88,500₹1,09,740
2.75₹97,350₹1,20,714
3.00₹1,06,200₹1,31,688

इस हिसाब से 2.25 फिटमेंट फैक्टर पर लेवल 6 कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में करीब 45 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है.

Level 7 कर्मचारियों को कितना फायदा होगा?

लेवल 7 के कर्मचारियों की मौजूदा न्यूनतम बेसिक सैलरी 44,900 रुपये है. डीए और एचआरए मिलाकर इनकी मौजूदा ग्रॉस सैलरी करीब 86,657 रुपये बैठती है. 2.25 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर नई बेसिक सैलरी 1,01,025 रुपये और अनुमानित ग्रॉस सैलरी 1,25,271 रुपये हो सकती है.

फिटमेंट फैक्टरनई बेसिक सैलरीअनुमानित ग्रॉस सैलरी
2.00₹89,800₹1,11,352
2.25₹1,01,025₹1,25,271
2.50₹1,12,250₹1,39,190
2.75₹1,23,475₹1,53,109
3.00₹1,34,700₹1,67,028

इस अनुमान के मुताबिक 2.25 फिटमेंट फैक्टर पर लेवल 7 कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में भी करीब 45 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है.

Level 8 कर्मचारियों की सैलरी का कैलकुलेशन

लेवल 8 के केंद्रीय कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 47,600 रुपये है. मौजूदा डीए और एचआरए के आधार पर उनकी ग्रॉस सैलरी करीब 91,868 रुपये है. अगर 2.25 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो नई बेसिक सैलरी 1,07,100 रुपये और अनुमानित ग्रॉस सैलरी 1,32,804 रुपये हो सकती है.

फिटमेंट फैक्टरनई बेसिक सैलरीअनुमानित ग्रॉस सैलरी
2.00₹95,200₹1,18,048
2.25₹1,07,100₹1,32,804
2.50₹1,19,000₹1,47,560
2.75₹1,30,900₹1,62,316
3.00₹1,42,800₹1,77,072

इस तरह लेवल 8 कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में भी 2.25 फिटमेंट फैक्टर पर करीब 45 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है.

पिछले वेतन आयोग में कितनी बढ़ी थी ग्रॉस सैलरी?

पिछले वेतन आयोगों के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्रॉस सैलरी में बढ़ोतरी हर बार अलग-अलग रही है. छठे वेतन आयोग में कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में करीब 54 फीसदी की वास्तविक बढ़ोतरी हुई थी. वहीं, सातवें वेतन आयोग में 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू होने के बावजूद ग्रॉस सैलरी में वास्तविक बढ़ोतरी करीब 14.3 फीसदी रही थी.

इसकी वजह यह थी कि छठे वेतन आयोग के समय डीए 47 फीसदी था, जबकि सातवें वेतन आयोग के समय यह 125 फीसदी पहुंच चुका था. इसलिए फिटमेंट फैक्टर ज्यादा होने का मतलब हमेशा ग्रॉस सैलरी में उतनी ही बड़ी बढ़ोतरी होना नहीं है.

अभी तय नहीं हुआ है फिटमेंट फैक्टर

ध्यान देने वाली बात है कि 8वें वेतन आयोग के लिए 2.25 फिटमेंट फैक्टर अभी केवल एक अनुमान है. अंतिम फिटमेंट फैक्टर और वेतन में वास्तविक बढ़ोतरी का फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा. ऊपर दिए गए आंकड़े एक्स कैटेगरी के शहरों में एचआरए पाने वाले कर्मचारियों के लिए अनुमानित कैलकुलेशन हैं. वास्तविक ग्रॉस सैलरी कर्मचारी के शहर, भत्तों और लागू नियमों के अनुसार अलग हो सकती है.

यह भी पढ़ें- कौन हैं जिमी टाटा, जो रहते हैं लाइमलाइट से दूर? टाटा ग्रुप में रखते हैं बड़ी हिस्सेदारी