ताश के पत्तों की तरह गिरी टॉप 7 कंपनियों की वैल्यू, ₹1.75 लाख करोड़ डूबे, RIL को सबसे बड़ा झटका
शेयर बाजार में गिरावट के चलते टॉप कंपनियों का मार्केट कैप 1.75 लाख करोड़ रुपये घट गया. सबसे ज्यादा नुकसान Reliance Industries को हुआ. ग्लोबल तनाव और बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण निवेशकों की संपत्ति में बड़ी कमी आई.
बीते हफ्ते शेयर बाजार में आई गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर साफ दिखा. टॉप-10 वैल्यूएबल कंपनियों में से 7 कंपनियों के मार्केट कैप में भारी गिरावट दर्ज हुई, जिससे निवेशकों की संपत्ति करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये घट गई. सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को उठाना पड़ा.
रिलायंस के डुबे 89,720 करोड़ रुपये
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप करीब 89,720 करोड़ रुपये घटकर 18.24 लाख करोड़ रुपये रह गया. इसके अलावा HDFC बैंक, SBI और ICICI बैंक जैसी बड़ी कंपनियों में भी गिरावट देखने को मिली.
HDFC बैंक का मार्केट कैप 37,248 करोड़ रुपये घटा, जबकि SBI का 35,399 करोड़ रुपये कम हुआ. ICICI बैंक का वैल्यूएशन 8,121 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का 2,480 करोड़ रुपये घटा. हिंदुस्तान यूनिलीवर और TCS में भी हल्की गिरावट दर्ज हुई.
तीन कंपनियों ने दिखाई मजबूती
जहां एक ओर ज्यादातर कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आई, वहीं Larsen & Toubro, Bajaj Finance और Infosys ने मजबूती दिखाई. L&T का मार्केट कैप 18,051 करोड़ रुपये बढ़ा, जबकि Bajaj Finance और Infosys में भी अच्छी बढ़त दर्ज हुई.
यह भी पढ़ें: 5 कंपनियों में बंटेगी Vedanta! शेयरों पर रखें खास ख्याल, 6 महीने में दे चुकी है 45% रिटर्न
बाजार में गिरावट की वजह क्या रही
पिछले हफ्ते बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहा. सेंसेक्स 949 अंक और निफ्टी करीब 295 अंक टूटे. ग्लोबल संकेत कमजोर रहे, खासकर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ऊर्जा सप्लाई को लेकर चिंता ने बाजार पर दबाव बनाया. इसके अलावा रुपये में कमजोरी और बढ़ती वोलैटिलिटी ने भी निवेशकों का भरोसा कमजोर किया.
बाजार की यह गिरावट दिखाती है कि ग्लोबल घटनाओं का असर भारतीय बाजार पर तेजी से पड़ रहा है. यहां तक कि विदेशी निवेशक भी अपनी इक्विटी बेच कर बाजार से भाग रहे हैं. मार्च 2026 में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से रिकॉर्ड 1.14 लाख करोड़ रुपये निकाल लि. यह आकड़ा अब तक का सबसे बड़ा मासिक आउटफ्लो है. NSDL की रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में कुल बिकवाली 1.27 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
