टाटा ग्रुप की इस कंपनी का दमदार Q4 रिजल्ट, बोनस शेयर और डिविडेंड का ऐलान; 5 साल में 500% से ज्यादा चढ़ा भाव
टाटा ग्रुप की इस रिटेल कंपनी ने Q4FY26 में मजबूत नतीजों के साथ 1:2 बोनस शेयर का ऐलान किया है. इससे इतर, कंपनी ने लॉन्ग टर्म में अपने निवेशकों को दमदार रिटर्न भी दिए हैं. जानें बोनस का मतलब, कंपनी और स्टॉक का प्रदर्शन.

Trent Q4FY26 Bonus Share: तिमाही नतीजों के इस सीजन में टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी Trent ने दमदार प्रदर्शन के साथ निवेशकों को बड़ा तोहफा दिया है. कंपनी ने मार्च तिमाही (Q4 FY26) के नतीजे बाजार बंद होने के बाद जारी किए, जिसमें ऑपरेशनल प्रदर्शन मजबूत रहा. इसके साथ ही बोर्ड ने 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने और डिविडेंड देने की भी मंजूरी दी है, जो इस अपडेट का सबसे बड़ा बिंदु बनकर सामने आया है.
बोनस शेयर और डिविडेंड का ऐलान
ट्रेंट ने 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर देने का ऐलान किया है. इसका सीधा मतलब है कि हर 2 शेयर पर निवेशकों को 1 अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेगा. यह कदम कंपनी के मजबूत फंडामेंटल और भविष्य को लेकर भरोसे को दर्शाता है. हालांकि, यह प्रस्ताव शेयरधारकों की मंजूरी के बाद ही लागू होगा. बोनस इश्यू का फायदा यह होता है कि निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे लंबी अवधि में रिटर्न की संभावनाएं बढ़ती हैं. साथ ही, शेयर की कीमत एडजस्ट होकर अपेक्षाकृत सस्ती हो जाती है, जिससे लिक्विडिटी बढ़ती है और छोटे निवेशकों की भागीदारी आसान होती है. इससे इतर, कंपनी ने 6 रुपये प्रति शेयर यानी 600 फीसदी डिविडेंड का भी ऐलान किया है.
शेयर का प्रदर्शन
नतीजों से पहले बुधवार को कंपनी के शेयर 1 फीसदी की हल्की बढ़त के साथ 4,434.50 रुपये पर बंद हुआ. अब बोनस इश्यू और मजबूत नतीजों के बाद निवेशकों की नजर स्टॉक की अगली चाल यानी गुरुवार, 23 अप्रैल पर रहेगी. स्टॉक के प्रदर्शन की बात करें तो महीने भर में शेयर की कीमत 26 फीसदी तक बढ़ी है. हालांकि, साल भर के दौरान इसमें 18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. लॉन्ग टर्म में स्टॉक ने अच्छा रिटर्न दिया है. 3 साल में 216 फीसदी और 5 साल में 502 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है. कंपनी का मार्केट कैप 1,56,182 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
Q4 में शानदार ऑपरेशनल प्रदर्शन
कंपनी का EBITDA 42.3 फीसदी की तेज बढ़त के साथ 927.8 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो बाजार के अनुमान (848 करोड़ रुपये) से काफी बेहतर रहा. EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 18.5 फीसदी हो गया, जो पिछले साल के 15.5 फीसदी से ऊपर है और अनुमानित 16.8 फीसदी से भी ज्यादा है. नेट प्रॉफिट में भी मजबूत उछाल देखने को मिला. तिमाही के दौरान कंपनी का मुनाफा 32.5 फीसदी बढ़कर 413 करोड़ रुपये हो गया, जो अनुमान से बेहतर है. हालांकि, रेवेन्यू 19.2 फीसदी बढ़कर 5,028 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर अच्छा प्रदर्शन है, लेकिन अनुमानित 5,060 करोड़ रुपये से थोड़ा कम रहा.
यह भी पढ़ें- वेदांता के डीमर्जर रिकॉर्ड डेट के दिन बंद रहेगा बाजार, एक्सट्रा शेयर के लिए किस दिन करनी होगी खरीदारी?
साल भर का प्रदर्शन भी मजबूत
पूरे वित्त वर्ष FY26 की बात करें तो कंपनी का रेवेन्यू 18 फीसदी बढ़कर 19,701 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 16,668 करोड़ रुपये था. यह दिखाता है कि ट्रेंट की ग्रोथ केवल एक तिमाही तक सीमित नहीं, बल्कि लगातार बनी हुई है. इससे इतर, ट्रेंट का रिटेल नेटवर्क भी तेजी से विस्तार कर रहा है. 31 मार्च 2026 तक कंपनी के कुल 1,286 स्टोर्स हो चुके हैं. इसमें 300 वेस्टसाइड, 963 जूडियो (जिनमें 6 UAE में हैं) और 23 अन्य फॉर्मेट के स्टोर्स शामिल हैं. स्टोर एडिशन के मोर्चे पर भी कंपनी आक्रामक रही. Q4 में वेस्टसाइड ने 22 नए स्टोर जोड़े, जबकि पूरे साल में 52 स्टोर जुड़े. वहीं जूडियो ने सिर्फ एक तिमाही में 109 और पूरे साल में 198 नए स्टोर जोड़े, जो इसकी तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को दिखाता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.