जल्द आ सकते हैं सस्ते वॉयस प्लान्स, TRAI ने दिया टेलीकॉम कंपनियों को आदेश

TRAI ने टेलीकॉम ऑपरेटर्स को कस्टमर्स के लिए वॉयस और एसएमएस ओनली रिचार्ज प्लान्स के ज्यादा ऑप्शन्स लाने का आदेश दिया है. इसका मकसद उन कस्टमर्स को सस्ते ऑप्शन देना है जिन्हें डेटा की जरूरत नहीं है. ऑपरेटर्स को अब अलग-अलग वैलिडिटी पीरियड के लिए वॉयस एंड एसएमएस ओनली वाउचर देने होंगे.

सस्ते रिचार्ज प्लान्स Image Credit: Avishek Das/Pavlo Gonchar/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वें अमेंडमेंट) रेगुलेशन 2026 को जारी कर टेलीकॉम कंपनियों को वॉयस और SMS के लिए ज्यादा प्लान्स (STV) लाने का आदेश दिया है. इस अमेंडमेंट का मकसद वॉयस और एसएमएस वाले STV, खासकर कम समय वाले ऑप्शन की सीमित उपलब्धता को ठीक करना है.

कम इनकम वाले कस्टमर्स के लिए प्लान्स

इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, TRAI ने कहा कि देखा गया है कि ऐसे वाउचर कम संख्या में उपलब्ध हैं और ज्यादातर लंबी वैधता वाले थे, जिससे कम इनकम वाले कंज्यूमर्स के पास कम वैधता और कम कीमत वाले प्लान्स बहुत ही कम संख्या में उपलब्ध हैं. बदले हुए नियमों के तहत, टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को हर 30 दिन के वैलिडिटी पीरियड और 30 दिन से कम समय वाले वॉयस और एसएमएस प्लान्स कस्टमर्स को देने होंगे.

टेलीकॉम कंपनियों को एक ऐसा वॉयस और एसएमएस वाला STV (स्पेशल टैरिफ वाउचर) भी देना होगा जिसकी वैलिडिटी हर महीने उसी तारीख को रिन्यू की जा सके. अगर वह तारीख किसी खास महीने में उपलब्ध नहीं है, तो रिन्यू की तारीख उस महीने का आखिरी दिन होगी.

ट्राई के फैसले से मिलेगी कस्टमर्स को राहत

ट्राई ने कहा कि बदला हुआ टैरिफ फ्रेमवर्क कम इनकम वाले कंज्यूमर्स को ज्यादा ऑप्शन्स देगा और उन्हें अपनी जरूरतों और फाइनेंशियल कैपेसिटी के हिसाब से रिचार्ज करने की सुविधा देगा. अथॉरिटी का मानना ​​है कि ऐसा टैरिफ फ्रेमवर्क कंज्यूमर की जरूरतों को काफी हद तक पूरा करेगा. रेगुलेटर (ट्राई) ने यह भी कहा कि इन बदलावों से उन कंज्यूमर्स के लिए ऑप्शन बेहतर होंगे जो डेटा के साथ बंडल किए गए बाकी बेनिफिट्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं.

ये बदलाव ऐसे समय में भी आए हैं जब टेलीकॉम ऑपरेटर्स मोनेटाइजेशन और प्रति यूजर एवरेज रेवेन्यू पर फोकस कर रहे हैं. उदाहरण के लिए, Airtel ने अगस्त में 299 रुपए वाले प्लान को बंद कर दिया जिससे अब यूजर्स के पास इसके बाद अगला विकल्प 349 रुपए का है. कंपनी का मोबाइल ARPU जून तिमाही में 264 रुपए का था, जो एक साल पहले 250 रुपए पर था.

ये भी पढ़ें- घटिया क्वालिटी वाले Screen Guard पर लगेगी लगाम! सरकार का बड़ा फैसला, आप पर क्या होगा असर?