Gold Adulteration Scam: 24 कैरेट, 22 कैरेट बताकर बेच रहे 20 कैरेट सोना? Gold में मिलावट का नया स्कैम!
सोने की कीमतों में गिरावट के बीच इसकी खरीदारी बढ़ रही है. वेडिंग सीजन के चलते भी लोग गहने खरीद रहे हैं, लेकिन सोना खरीदने वालों के लिए मिलावट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दैनिक भास्कर की एक इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट के मुताबिक, सोने में रेनियम नाम का भारी धातु मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन से मंगाए गए 1 ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया, जिससे मिश्रण का वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया. हैरानी की बात यह है कि इस मिश्रण को जांच में 24 कैरेट सोना बताया गया. इसके बाद दूसरे मेटल की मदद से गहना तैयार किया गया, जिसका वजन 9.58 ग्राम पहुंच गया. रिपोर्ट के मुताबिक, एक हॉलमार्किंग सेंटर ने इस गहने को 22 कैरेट का प्रमाणपत्र भी दे दिया, जबकि इसमें असली सोने की मात्रा सिर्फ 81.73% थी. यानी इसकी शुद्धता करीब 20 कैरेट सोने के बराबर थी. रेनियम की डेंसिटी सोने से ज्यादा होने के कारण इसे मिलाकर वजन बढ़ाया जा सकता है और सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है.
मिलावट का खतरा सिर्फ रेनियम तक सीमित नहीं है. मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश के इंदौर के सराफा बाजार में सोने में रुथेनियम, इरिडियम और ओस्मियम जैसी भारी धातुएं मिलाने को लेकर भी चिंता जताई गई है. इस बीच, कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट ने हॉलमार्किंग सिस्टम की निगरानी पर सवाल उठाए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में रजिस्टर्ड 81% ज्वेलर्स का निरीक्षण नहीं किया गया. वहीं, बीआईएस अपने मान्यता प्राप्त असैइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटरों की निगरानी का लक्ष्य भी पूरा नहीं कर पाया और इसमें 43.7% की कमी रही. ऐसे में सोना खरीदते समय सिर्फ हॉलमार्क देखकर निश्चिंत होना पर्याप्त नहीं है. ग्राहकों को बीआईएस हॉलमार्क के साथ HUID नंबर की जांच करनी चाहिए, भरोसेमंद जौहरी से खरीदारी करनी चाहिए और पक्का बिल व GST इनवॉइस जरूर लेना चाहिए. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, XRF एनालिसिस और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकें मिलावट पहचानने में मदद कर सकती हैं.