भारत में iPhone बनाने वाली कंपनी पर बढ़ा पेमेंट का दबाव, 143 करोड़ रुपये मांग रही वेंडर फर्म
भारत में iPhone बनाने वाली Foxconn पर कई वेंडर्स का भुगतान अटकाने का आरोप लगा है. BCD Emprasa ने कंपनी से 143 करोड़ रुपये लेने के लिए NCLT में याचिका दाखिल की है.

Apple के iPhone बनाने वाली कंपनी Foxconn की भारत में मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. कंपनी पर कई भारतीय वेंडर्स का भुगतान बाकी होने का आरोप है. इनमें से एक कंपनी BCD Emprasa LLP ने अपने बकाया पैसे लेने के लिए चेन्नई स्थित नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) का दरवाजा खटखटाया है. कंपनी ने Foxconn से करीब 143 करोड़ रुपये की मांग की है. यह रकम किराए, बिजली-पानी के बिल, ब्याज और अन्य चार्ज से जुड़ी है.
Foxconn से क्यों मांगे जा रहे हैं 143 करोड़ रुपये?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, BCD Emprasa LLP ने 12 अगस्त को NCLT में याचिका दाखिल की थी. कंपनी का आरोप है कि Foxconn Hon Hai Technology India Mega Development Pvt. Ltd. ने उसके बकाया भुगतान नहीं किए हैं. BCD Emprasa करीब 15.3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 143 करोड़ रुपये मांग रही है. इसमें पुराना बकाया किराया, ब्याज, सर्विस चार्ज और 8 जुलाई तक का नुकसान शामिल है.
महिला कर्मचारियों के लिए दिए थे 700 आवास
BCD Emprasa और Foxconn के बीच अप्रैल 2024 में एक समझौता हुआ था. इसके तहत BCD ने बेंगलुरु स्थित Foxconn प्लांट में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के रहने के लिए 700 आवास उपलब्ध कराए थे. समझौते के मुताबिक, अगर इन आवासों में कर्मचारी नहीं भी रहते, तब भी Foxconn को किराया देना था. इस समझौते में जुलाई 2026 तक का लॉक-इन पीरियड भी शामिल था.
BCD का कहना है कि Foxconn ने मई 2025 में देय एक बिल का भुगतान भी नहीं किया. इसके अलावा कंपनी ने आर्बिट्रेटर नियुक्त करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से भी मना कर दिया. BCD के मुताबिक, इस वजह से उसे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है. कंपनी ने यह भी कहा है कि मामला फिलहाल NCLT में विचाराधीन है.
सिर्फ एक कंपनी नहीं, कई वेंडर्स का पैसा अटका
रिपोर्ट के मुताबिक, BCD Emprasa के अलावा कम से कम चार अन्य वेंडर्स भी Foxconn से अपना भुगतान मिलने का इंतजार कर रहे हैं. इनमें से कुछ कंपनियों का पैसा कई महीनों से लेकर करीब एक साल तक अटका हुआ है. इन वेंडर्स ने Foxconn के बेंगलुरु प्लांट में निर्माण से जुड़े काम किए थे. इनमें कई ऐसी कंपनियां भी थीं, जिन्होंने पहली बार Foxconn के साथ काम किया था.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कंपनी के कुछ गैर-भारतीय कर्मचारियों के भारत से जाने के बाद स्थानीय ठेकेदारों के भुगतान में देरी हुई है. हालांकि, भारत में बकाया रकम वसूलने के लिए इस तरह की दिवालिया प्रक्रिया शुरू होना जरूरी नहीं कि कंपनी को दिवालिया घोषित कर दे.
भारत में विस्तार की योजना पर क्या होगा असर?
भुगतान को लेकर विवाद के बावजूद Foxconn की भारत में विस्तार योजनाओं पर फिलहाल बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं जताई गई है. कंपनी भारत में Apple की सप्लाई चेन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है और इसके लिए Tata Electronics से मुकाबला कर रही है. Foxconn iPhone बनाने के अलावा दूसरे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट और कंपोनेंट बनाने का काम भी बढ़ाना चाहती है.
iPhone के अलावा दूसरे प्रोडक्ट भी बनाएगी Foxconn
Foxconn तमिलनाडु में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का उत्पादन बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है. अक्टूबर 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने भारत में 1.5 अरब डॉलर के प्रस्तावित निवेश को लेकर अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई थी. कंपनी Apple के अलावा Google के Pixel स्मार्टफोन के लिए भी असेंबली और कंपोनेंट निर्माण का काम बढ़ाना चाहती है. इसका मकसद भारत में अपने कारोबार को केवल iPhone असेंबली तक सीमित न रखना है.
यह भी पढ़ें: इंटरनेट पर लीक हुआ 350 करोड़ लोगों का डेटा! पासवर्ड और फोन नंबर तक शामिल, कहीं आपका नाम भी तो नहीं?