iPhone Duo पर ‘टूट पड़े ग्राहक’, जनवरी 2027 तक पहुंच गई डिलीवरी की तारीख
Apple Foldable iPhone Duo: एपल ने पिछले महीने सितंबर में पहले फोल्डेबल फोन को उतारा है और कल यानी 16 अक्टूबर से फोन की प्री बुकिंग शुरू हो गई है. अभी प्री बुकिंग शुरू हुए ज्यादा समय भी नहीं हुआ और फोन की डिलीवरी अगले साल जनवरी 2027 तक पहुंच गई है.

Apple ने अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की जबरदस्त डिमांड को कंफर्म किया है क्योंकि डिलीवरी का अनुमान जनवरी 2027 तक बढ़ा दिया गया है. कंपनी ने लंबे इंतजार के बाद 16 अक्टूबर, शुक्रवार शाम से डिवाइस की प्री बुकिंग को शुरू किया है. 1 घंटे से भी कम समय में अनुमानित डिलीवरी की तारीख अगले साल तक खिसकने लगी है.
एपल की ऑफिशियल साइट पर अब इस फोल्डेबल फोन के सभी वेरिएंट्स के लिए जनवरी के आखिर की डिलीवरी डेट दिख रही है. इस बात को वेरिफाई करने के लिए हमने भी एपल साइट पर चेक किया तो हमने भी पाया कि आईफोन डुओ का 256 जीबी वेरिएंट की डिलीवरी डेट 23 जनवरी 2027 आ रही थी.
iPhone Duo की बंपर डिमांड
डिजिट के मुताबिक, एपल ने अपने पहले फोल्डेबल आईफोन को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स को माना है. ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन को दिए एक बयान में, कंपनी ने कहा, हमारे पहले फोल्डेबल आईफोन की डिमांड बहुत ज्यादा रही है. हम इस नए प्रोडक्ट को जल्द से जल्द कस्टमर्स तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और हम ऑनलाइन ऑर्डर लेते रहेंगे. एपल ने कहा, हमारी टीमें दुनिया भर के एपल स्टोर्स पर कस्टमर्स का स्वागत करने के लिए उत्सुक है ताकि वह खुद iPhone Duo और शानदार पूरे iPhone लाइन-अप को एक्सपीरियंस कर सकें.
हालांकि, गुरमन ने बताया कि एपल के बयान में ऑनलाइन ऑर्डर का जिक्र है लेकिन यह सीधे तौर पर कंफर्म नहीं करता है कि डिवाइस स्टोर्स में खरीदने के लिए उपलब्ध होगा या नहीं. कंपनी ने सिर्फ इतना कहा कि कस्टमर्स कंपनी के
रिटेल लोकेशन्स पर फोन का एक्सपीरियंस कर पाएंगे.
उम्मीद है कि 23 अक्टूबर से स्टोर्स में iPhone Duo को एक्सपीरियंस कर पाएंगे. कंपनी आमतौर पर उन कस्टमर्स के लिए कुछ स्टॉक रखती है जो खुद जाकर डिवाइस खरीदना पसंद करते हैं. इसका मतलब है कि शॉपर्स को एपल स्टोर पर फोल्डेबल फोन पहले मिलने का ज्यादातर मौका मिलेगा. हालांकि, एपल ने यह कंफर्म नहीं किया है कि स्टोर्स पर कितने यूनिट्स उपलब्ध होंगे.
iPhone Duo Price in India
सितंबर में आईफोन डुओ को लॉन्च किया गया था, ये डिवाइस छोटा, पासपोर्ट स्टाइल डिजाइन के साथ आता है. इस फोल्डेबल फोन के 256 जीबी वेरिएंट की कीमत 2,99,900 रुपए, 512 जीबी वेरिएंट की कीमत 3,24,900 रुपए, 1 टीबी वेरिएंट की कीमत 3,74,900 रुपए और 2 टीबी वेरिएंट की कीमत 4,49,900 रुपए है. ये फोन स्टार व्हाइट और नाइट स्काई दो कलर ऑप्शन्स में मिलेगा.
ये भी पढ़ें- ₹202 में 1 लाख का Insurance, इस सस्ते रिचार्ज प्लान में डेटा-कॉलिंग-SMS मिलता है सबकुछ