Priyagold बिस्कुट पर FSSAI का एक्शन, इस्तेमाल हो रहा था पशु चारे वाला चोकर; 2 और कंपनियों पर कार्रवाई
FSSAI ने Priyagold बिस्कुट बेचने वाली Surya Food & Agro, Dodla Dairy और UEIR Organic Foods के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है. Surya Food & Agro पर बिस्किट बनाने में पशु चारे वाला चोकर इस्तेमाल करने का आरोप है. Dodla Dairy का फुल क्रीम दूध सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा, जबकि पीली किशमिश में कीटनाशकों के अवशेष मिले.
खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने तीन कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है. इनमें Priyagold बिस्कुट बेचने वाली Surya Food & Agro, डेयरी कंपनी Dodla Dairy और UEIR Organic Foods शामिल हैं. FSSAI के मुताबिक, इन कंपनियों के उत्पादों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं. Surya Food & Agro पर बिस्किट बनाने में पशु चारे में इस्तेमाल होने वाला चोकर उपयोग करने का मामला है. वहीं, Dodla Dairy के फुल क्रीम दूध का सैंपल तय मानकों पर खरा नहीं उतरा, जबकि UEIR Organic Foods की बेची गई पीली किशमिश में कीटनाशकों के अवशेष मिले.
Priyagold Biscuits बनाने वाली कंपनी पर क्यों हुई कार्रवाई?
FSSAI ने Surya Food & Agro के खिलाफ अभियोजन के लिए कानूनी कार्यवाही शुरू की है. यह कंपनी Priyagold ब्रांड के बिस्किट बेचती है. कार्रवाई की वजह बिस्किट बनाने में पशु चारे वाला चोकर इस्तेमाल करना बताई गई है. खाद्य नियामक ने इसे गंभीर उल्लंघन माना है.
दरअसल कंपनी के यहां उपभोक्ता की शिकायत के बाद जांच की गई थी. इस दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं. जांच में पाया गया कि पशु चारे के लिए इस्तेमाल होने वाला चोकर, जो इंसानों के खाने के लिए नहीं था, Priyagold बिस्कुट बनाने में रेशे के सोर्स के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था.
चोकर से भरे बोरों पर भी यह लिखा था कि उसमें मौजूद सामग्री पशु चारे के लिए है. इसके अलावा फैक्ट्री में साफ-सफाई, कच्चे माल के भंडारण और अलग-अलग रखने, कर्मचारियों की स्वच्छता, परिसर के रखरखाव और बीच के चरणों में तैयार किए जाने वाले मिश्रण को संभालने में भी कमियां पाई गईं.
Dodla Dairy के फुल क्रीम दूध का सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा
FSSAI ने Dodla Dairy Limited के खिलाफ असुरक्षित और तय मानकों पर खरा नहीं उतरने वाले फुल क्रीम दूध के मामले में प्रॉसीक्यूशन की मंजूरी दी है. जांच के लिए कंपनी के फुल क्रीम दूध का सैंपल लिया गया था. खाद्य विश्लेषक ने इसे तय मानकों के अनुरूप नहीं पाया. इसकी वजह दूध में फैट की मात्रा का लागू खाद्य सुरक्षा नियमों में तय मानकों से मेल नहीं खाना था.
कंपनी की अपील के बाद सैंपल को Referral Food Laboratory भेजा गया. लैब ने पुष्टि की कि दूध का सैंपल असुरक्षित था, क्योंकि उसमें डिटर्जेंट/कास्टिक सोडा मौजूद था. साथ ही, दूध में फैट की मात्रा तय न्यूनतम सीमा से कम पाई गई. इस वजह से सैंपल को असुरक्षित और मानकों से कम गुणवत्ता वाला माना गया.
लैब की जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित और तय मानकों पर खरा नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थ से जुड़े उल्लंघन सामने आए. इसके बाद सक्षम प्राधिकरण ने Dodla Dairy Limited और इस उत्पाद के निर्माण व बिक्री से जुड़े अन्य संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी. अधिकारियों ने असुरक्षित और मानकों से कम गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ के मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही के निर्देश भी दिए.
UEIR Organic Foods की पीली किशमिश में मिले कीटनाशक अवशेष
FSSAI ने UEIR Organic Foods Private Limited के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और लागू नियमों के उल्लंघन के मामले में प्रॉसीक्यूशन की मंजूरी दी है. खाद्य नियामक ने कंपनी से ऑर्गेनिक फूड के रूप में बेची जाने वाली पीली किशमिश का सैंपल जांच के लिए लिया था. खाद्य विश्लेषक ने इस सैंपल को असुरक्षित घोषित किया, क्योंकि इसमें कीटनाशकों के अवशेष तय अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए.
जांच में कई कीटनाशकों के अवशेष मिले. इनमें Azoxystrobin, Fluopyram, Fluxapyroxad, Imidacloprid, Myclobutanil, Pyraclostrobin, Spirotetramat, Tebuconazole और Thiamethoxam शामिल हैं. कंपनी की अपील के बाद सैंपल को Referral Food Laboratory भेजा गया. वहां की जांच में भी पीली किशमिश को असुरक्षित पाया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें Thiamethoxam और Fluopyram के मेटाबोलाइट्स तय अधिकतम सीमा से ज्यादा थे.
इन जांच निष्कर्षों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े दंडनीय उल्लंघन माना गया. इसके बाद सक्षम प्राधिकरण ने UEIR Organic Foods Private Limited के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दे दी.
इसे भी पढ़ें- Stock Market Holiday: इस मंगलवार बंद रहेगा शेयर बाजार, NSE-BSE पर नहीं होगा कारोबार
Latest Stories
अक्टूबर के बाकी 14 दिनों में 11 तारीखों पर बंद रहेंगे बैंक! कहीं अटक न जाए काम, देखें छुट्टियों की लिस्ट
RBI ने दिखाई RBL और Emirates NBD मर्जर को ‘हरी झंडी’, कब से होगा मर्जर और ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
2047 तक विकसित देश बनने के लिए भारत को कितनी रखनी होगी रफ्तार? सरकार ने बताया आंकड़ा
