Poco X8 से Vivo T5 5G तक, अगले हफ्ते से शुरू होगी इन 4 नए स्मार्टफोन्स की सेल
Poco X8, Vivo T5 5G के अलावा Poco X8 Power और Infinix HOT 70 Pro 5G स्मार्टफोन की सेल अगले हफ्ते से शुरू होने वाली है. अगर आपका पुराना फोन बदलने का मूड है तो चलिए आपको बताते हैं कि किस दिन कौन से फोन की सेल शुरू होगी.

Smartphones under 50000: आप भी नया फोन खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो अगले हफ्ते से एक नहीं बल्कि हाल ही में लॉन्च हुए चार नए स्मार्टफोन्स की सेल शुरू होने वाली है. Poco, Vivo और Infinix ब्रैंड के लेटेस्ट स्मार्टफोन्स की बिक्री फ्लिपकार्ट और कंपनी की साइट पर शुरू होगी. हम आज आपको सभी मॉडल्स की कीमत, सेल डेट और फीचर्स की जानकारी देंगे.
Poco X8: सेल डेट, कीमत और फीचर्स
इस पोको स्मार्टफोन की सेल 11 सितंबर दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट पर शुरू होगी. इस फोन के 6 जीबी रैम और 128 जीबी वेरिएंट की कीमत 29,999 रुपए, 8 जीबी रैम और 128 जीबी वेरिएंट की कीमत 32999 रुपए, 8 जीबी रैम और 256 जीबी वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 35999 रुपए है. फोन के साथ 2000 रुपए का कूपन डिस्काउंट मिलेगा, इसके अलावा 1000 रुपए का एडिशनल एक्सचेंज बोनस भी है.
इस फोन में 6.83 इंच 1.5K रिजॉल्यूशन वाली एमोलेड डिस्प्ले, 120 हर्ट्ज तक रिफ्रेश रेट, डॉल्बी विजन, एचडीआर10 प्लस सपोर्ट, 3200 हर्ट्ज तक टच सैंपलिंग रेट और 3500 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट है. ये फोन वेट टच 2.0 और स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 के साथ मिलेगा. इस हैंडसेट में स्नैपड्रैगन 6एस जेनरेशन 4 चिपसेट का इस्तेमाल हुआ है.
रियर में 50 मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर, साथ में 2 मेगापिक्सल डेप्थ कैमरा सेंसर मिलेगा. वहीं, फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है. इस हैंडसेट में 9000 एमएएच बैटरी दी गई है जो 22.5 वॉट वायर्ड रिवर्स चार्जिंग और 67 वॉट वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है.
Poco X8 Power: कीमत, सेल डेट और फीचर्स
इस पोको मोबाइल के 8 जीबी रैम और 128 जीबी वेरिएंट की कीमत 35999 रुपए, 8 जीबी रैम और 256 जीबी वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 38,999 रुपए है. इस फोन के साथ भी 2000 रुपए का कूपन डिस्काउंट मिलेगा. इस फोन की भी सेल 11 सितंबर दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगी.
स्पीड और मल्टीटास्किंग के लिए पोको एक्स8 पावर में स्नैपड्रैगन 6 जेनरेशन 5 ऑक्टा कोर प्रोसेसर दिया गया है. इस डिवाइस में 1.5K रिजॉल्यूशन के साथ 6.83 इंच एमोलेड डिस्प्ले है जो 3500 निट्स तक पीक ब्राइटनेस, 120 हर्ट्ज तक रिफ्रेश रेट, 3200 हर्ट्ज तक टच सैंपलिंग रेट, एचडीआर10 प्लस और डॉल्बी विजन सपोर्ट करता है. फोन के पिछले हिस्से में 50 मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा, साथ में 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड कैमरा मिलेगा. ये फोन 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सेंसर के साथ उतारा गया है. 10000 एमएएच बैटरी फोन में जान फूंकने के लिए दी गई है जो 27 वॉट वायर्ड रिवर्स चार्जिंग और 100 वॉट वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है.
Vivo T5 5G: फीचर्स, कीमत और सेल डेट
वीवो के इस लेटेस्ट फोन की सेल 9 सितंबर दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट और कंपनी की साइट पर शुरू होगी. इस फोन के 6 जीबी रैम और 128 जीबी वेरिएंट की कीमत 34999 रुपए, 8 जीबी रैम और 128 जीबी वेरिएंट की कीमत 39999 रुपए, 8 जीबी रैम और 256 जीबी वेरिएंट की कीमत 44999 रुपए तय की गई है. अगर आप इस फोन का 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वाला टॉप मॉडल खरीदते हैं तो आपको 49,999 रुपए खर्च करने होंगे. एक्सिस, एचडीएफसी, एसबीआई बैंक कार्ड से पेमेंट पर 4000 रुपए तक का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट भी मिलेगा.
इस वीवो स्मार्टफोन में 2900 निट्स तक पीक ब्राइटनेस, 144 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट, 300 हर्ट्ज टच सैंपलिंग रेट और एचडीआर10 प्लस सपोर्ट के साथ 6.83 इंच 1.5K रिजॉल्यूशन 3डी कर्व्ड एमोलेड डिस्प्ले मिलेगी. इस हैंडसेट में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7500 टर्बो प्रोसेसर दिया गया है. रियर में 50 मेगापिक्सल Sony IMX882 कैमरा, साथ में 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड कैमरा मिलेगा. फ्रंट में 32 मेगापिक्सल का कैमरा सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए दिया गया है. 7050 एमएएच बैटरी फोन में जान फूंकने का काम करती है जो 44 वॉट वायर्ड फास्ट चार्ज सपोर्ट करती है.
Infinix HOT 70 Pro 5G: कीमत, फीचर्स और सेल डेट
इनफिनिक्स ब्रैंड के इस लेटेस्ट स्मार्टफोन की सेल 7 सितंबर दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट पर शुरू होगी. इस फोन के 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की कीमत 22999 रुपए है. अगर आप इस हैंडसेट का 8 जीबी रैम और 128 जीबी वेरिएंट खरीदते हैं तो आपको 27999 रुपए खर्च करने होंगे.
910 निट्स तक पीक ब्राइटनेस, 144 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 240 हर्ट्ज टच सैंपलिंग रेट सपोर्ट के साथ इस फोन में 6.76 इंच फुल एचडी प्लस पंच होल डिस्प्ले दी गई है. फोन की डिस्प्ले आई केयर फीचर के साथ आती है. इस डिवाइस में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 5जी प्रोसेसर के साथ माली जी57 जीपीयू का इस्तेमाल हुआ है. फोन के बैक साइड यानी रियर में 50 मेगापिक्सल Sony IMX882 प्राइमरी सेंसर मिलेगा और फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है. ये फोन ढेर सारे एआई फीचर्स के साथ आता है.
ये भी पढ़ें- व्हाट्सऐप का भारत में बड़ा दांव: अब ऐप के भीतर ही भर सकेंगे बिजली, पानी और गैस के बिल