अगस्त में कार खरीदने का मौका, मारुति दे रही 1.55 लाख तक फायदा
अगस्त 2026 में मारुति सुजुकी अपनी नेक्सा रेंज की कारों पर 1.55 लाख रुपये तक के फायदे दे रही है. इनविक्टो, ग्रैंड विटारा, XL6, जिम्नी, बलेनो और फ्रॉन्क्स पर कैश डिस्काउंट समेत कई ऑफर मिल रहे हैं.

मारुति सुजुकी ने अगस्त 2026 में अपनी पूरी नेक्सा रेंज की कारों पर शानदार ऑफर पेश किए हैं. इन ऑफर्स में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और लॉयल्टी बेनिफिट शामिल हैं. हालांकि, छूट की रकम शहर, डीलर और कार के स्टॉक के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. इसलिए खरीदारी से पहले डीलर से ऑफर की जानकारी जरूर लें.
मारुति सुजुकी इनविक्टो
मारुति की प्रीमियम एमपीवी इनविक्टो पर कुल 1.55 लाख रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं. इसमें 55,000 रुपये का कैश डिस्काउंट, 50,000 रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस, 30,000 रुपये का लॉयल्टी अपग्रेड और 20,000 रुपये का इंस्टीट्यूशनल ऑफर शामिल है.
इनविक्टो की कीमत 24.97 लाख रुपये से 28.61 लाख रुपये के बीच है. यह मारुति की सबसे प्रीमियम कारों में से एक है और इसका मुकाबला टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस से है.
मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा
ग्रैंड विटारा पर अगस्त में 1.30 लाख रुपये तक का फायदा मिल रहा है. इसके सिग्मा पेट्रोल वेरिएंट पर सबसे ज्यादा 1.30 लाख रुपये तक की बचत है, जबकि डेल्टा पेट्रोल वेरिएंट पर 1.20 लाख रुपये तक का लाभ मिल रहा है. जेटा, अल्फा और AWD वेरिएंट पर भी 1.20 लाख रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं. इसके साथ 5 साल की एक्सटेंडेड वारंटी भी दी जा रही है.
स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट पर 1.25 लाख रुपये तक के फायदे हैं. दिल्ली में इन मॉडलों पर करीब 1.85 लाख रुपये के रोड टैक्स से भी राहत मिल सकती है. CNG वेरिएंट पर 95,000 रुपये से 1.05 लाख रुपये तक की बचत मिल रही है. ग्रैंड विटारा की कीमत 10.77 लाख रुपये से 19.57 लाख रुपये के बीच है. इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, होंडा एलिवेट और टोयोटा हाइराइडर से है.
मारुति सुजुकी XL6
मारुति की प्रीमियम 6-सीटर एमपीवी XL6 पर 50,000 रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं. पेट्रोल और CNG दोनों वेरिएंट पर यह ऑफर उपलब्ध है. इसमें 20,000 रुपये का कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज या स्क्रैपेज बेनिफिट और 10,000 रुपये का इंस्टीट्यूशनल ऑफर शामिल है. XL6 की कीमत 11.57 लाख रुपये से 14.37 लाख रुपये के बीच है. यह मारुति अर्टिगा का ज्यादा प्रीमियम विकल्प है और इसका मुकाबला टोयोटा रूमियन से होता है.
मारुति सुजुकी जिम्नी
ऑफ-रोडिंग पसंद करने वालों के लिए जिम्नी पर अगस्त में 35,000 रुपये का कैश डिस्काउंट मिल रहा है. यह ऑफर सभी वेरिएंट पर लागू है. जिम्नी की कीमत 12.39 लाख रुपये से 14.37 लाख रुपये के बीच है. इसका सीधा मुकाबला महिंद्रा थार और फोर्स गुरखा से है.
मारुति सुजुकी बलेनो
मारुति की लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक बलेनो पर भी अगस्त के ऑफर जारी हैं. पेट्रोल मैनुअल और AMT वेरिएंट पर 30,000 रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं, जबकि CNG वेरिएंट पर 25,000 रुपये तक की बचत हो सकती है. बलेनो की कीमत 5.99 लाख रुपये से 9.17 लाख रुपये के बीच है. इसका मुकाबला हुंडई i20 और टाटा अल्ट्रोज जैसी कारों से है.
मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स
मारुति की प्रीमियम कॉम्पैक्ट SUV फ्रॉन्क्स पर भी अगस्त में ऑफर मिल रहा है. इसके टर्बो-पेट्रोल वेरिएंट पर 20,000 रुपये तक का फायदा है. इसमें 5,000 रुपये का कैश डिस्काउंट और एक्सचेंज, स्क्रैपेज व इंस्टीट्यूशनल बेनिफिट शामिल हैं.
पेट्रोल और CNG वेरिएंट पर 15,000 रुपये तक की कुल बचत मिल सकती है. फ्रॉन्क्स की कीमत 6.85 लाख रुपये से 11.84 लाख रुपये के बीच है. इसका मुकाबला टोयोटा टैसर, टाटा नेक्सन, हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट, महिंद्रा XUV 3XO और निसान मैग्नाइट से है.