Top 10 Bestselling Cars: Maruti का जलवा बरकरार! मई 2026 में टॉप-3 पर कब्जा, Dzire बनी नंबर-1
मई 2026 में भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में Maruti Suzuki का दबदबा देखने को मिला. Maruti Suzuki Dzire देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही, जबकि Fronx और Ertiga ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया. टॉप-10 बेस्टसेलिंग कारों की सूची में Maruti Suzuki की 6 कारें शामिल रहीं.

Top 10 Bestselling Cars May 2026: देश के ऑटोमोबाइल बाजार में मई 2026 के दौरान Maruti Suzuki का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला. सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में कंपनी ने न सिर्फ पहला स्थान हासिल किया, बल्कि टॉप-3 पायदानों पर भी कब्जा जमा लिया. Maruti Suzuki Dzire लगातार सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी रही, जबकि Maruti Suzuki Fronx ने शानदार उछाल के साथ दूसरे स्थान पर जगह बना ली. वहीं Maruti Suzuki Ertiga तीसरे नंबर पर रही. खास बात यह है कि टॉप-10 की सूची में Maruti Suzuki की कुल 6 कारें शामिल रहीं, जो भारतीय बाजार में कंपनी की मजबूत पकड़ को दिखाता हैं. मई 2026 के दौरान सबसे ज्यादा बिकने वाली 10 कारों की सूची में Maruti Suzuki के अलावा Tata Motors की 2 कारें, Mahindra की 1 और Hyundai की 1 कार शामिल रही.
Maruti Dzire बनी देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार
autocarindia की रिपोर्ट के मुताबिक, Maruti Suzuki Dzire ने मई 2026 में 24,546 यूनिट की बिक्री दर्ज की. यह मई 2025 के मुकाबले 36 फीसदी अधिक है. उस समय Dzire की 18,084 यूनिट बिकी थीं. अप्रैल 2026 की तुलना में भी Dzire की बिक्री में 966 यूनिट का इजाफा हुआ है. कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में Dzire लगातार ग्राहकों की पसंद बनी हुई है. इसकी कीमत 6.26 लाख रुपये से शुरू होकर 9.31 लाख रुपये तक जाती है. बाजार में इसका मुकाबला Hyundai Aura, Tata Tigor और Honda Amaze जैसी कारों से है.
Fronx ने लगाई लंबी छलांग, दूसरे स्थान पर पहुंची
Maruti Suzuki Fronx मई 2026 की सबसे बड़ी विजेता कारों में से एक रही. इसने दो स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया. मई 2026 में इसकी 20,686 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल की तुलना में 52 फीसदी अधिक हैं. अप्रैल 2026 के मुकाबले Fronx की बिक्री में 1,857 यूनिट की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर सेगमेंट में Fronx का मुकाबला Nissan Magnite, Renault Kiger, Citroen C3 और Toyota Taisor जैसी कारों से है.
Ertiga बनी सबसे ज्यादा बिकने वाली MPV
Maruti Suzuki Ertiga लगातार दूसरे महीने तीसरे स्थान पर बनी रही. मई 2026 में इसकी 20,350 यूनिट की बिक्री हुई, जो सालाना आधार पर 26 फीसदी की बढ़ोतरी को दिखाता है. भारतीय परिवारों के बीच Ertiga की लोकप्रियता लगातार बनी हुई है. इसकी कीमत 8.80 लाख रुपये से शुरू होकर 12.94 लाख रुपये तक जाती है. MPV सेगमेंट में इसका मुकाबला Toyota Rumion और Kia Carens से है.
Tata Punch और Nexon की मजबूत मौजूदगी
Tata Motors की Punch और Punch EV ने मई 2026 में 20,208 यूनिट की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया. हालांकि इसकी बिक्री बढ़ी है, फिर भी यह दो स्थान नीचे खिसक गई. दूसरी ओर, Tata Nexon और Nexon EV ने 19,100 यूनिट की बिक्री के साथ पांचवां स्थान हासिल किया है. Nexon की बिक्री में 46 फीसदी की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि Punch की बिक्री में 54 फीसदी का उछाल देखने को मिला. इससे साफ है कि Tata की SUV लाइनअप ग्राहकों को लगातार आकर्षित कर रही है.
Baleno, Wagon R और Swift भी टॉप-10 में
Maruti Suzuki Baleno 18,396 यूनिट की बिक्री के साथ छठे स्थान पर रही. दिलचस्प बात यह है कि Baleno ने सूची में शामिल सभी कारों में सबसे ज्यादा 58 फीसदी की सालाना वृद्धि दर्ज की. वहीं Wagon R 18,076 यूनिट की बिक्री के साथ सातवें और Swift 17,519 यूनिट की बिक्री के साथ आठवें स्थान पर रही. दोनों कारें लंबे समय से भारतीय ग्राहकों की पसंद बनी हुई हैं.
Scorpio ने Creta को पीछे छोड़ा
Mahindra Scorpio और Scorpio N ने मई 2026 में 15,774 यूनिट की बिक्री के साथ नौवां स्थान हासिल किया. Scorpio की बिक्री में 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई. दूसरी ओर, Hyundai Creta और Creta EV 15,523 यूनिट की बिक्री के साथ दसवें स्थान पर खिसक गईं. हालांकि Creta अभी भी मिड-साइज SUV सेगमेंट की प्रमुख कारों में शामिल है, लेकिन बढ़ती प्रतिस्पर्धा का असर इसकी रैंकिंग पर दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें: किसे मिलेगा AI बूम का फायदा? ₹10372 करोड़ के IndiaAI Mission के बाद इन 2 शेयरों पर बढ़ा फोकस; निवेशक रखें नजर