ट्रैफिक नियम तोड़ने पर महंगा हो सकता है कार-बाइक इंश्योरेंस! सरकार ला रही नए नियम

सरकार मोटर इंश्योरेंस का प्रीमियम ट्रैफिक चालान से जोड़ने पर विचार कर रही है. इसके साथ ही कार और बाइक के लिए लंबी अवधि वाली इंश्योरेंस पॉलिसी भी लाई जा सकती है.

Traffic Violation (फाइल फोटो) Image Credit: Getty Images

देश में मोटर इंश्योरेंस को लेकर कुछ नए बदलावों की तैयारी चल रही है. सड़क परिवहन मंत्रालय ऐसे प्रस्ताव पर काम कर रहा है, जिसके तहत बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों को ज्यादा इंश्योरेंस प्रीमियम देना पड़ सकता है. इसके लिए पिछले साल दर्ज हुए ट्रैफिक उल्लंघनों को आधार बनाया जा सकता है. इसके अलावा कार के लिए 4 साल और दोपहिया वाहनों के लिए 6 साल की सिंगल प्रीमियम इंश्योरेंस पॉलिसी लाने की योजना भी है. सरकार का मकसद ज्यादा से ज्यादा वाहनों को वैध इंश्योरेंस के दायरे में लाना है.

ट्रैफिक चालान से तय हो सकता है इंश्योरेंस प्रीमियम

सड़क परिवहन मंत्रालय एक ऐसे प्रस्ताव पर काम कर रहा है, जिसमें वाहन मालिक के ट्रैफिक नियम तोड़ने का रिकॉर्ड उसके मोटर इंश्योरेंस प्रीमियम से जोड़ा जा सकता है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल वाहन के खिलाफ दर्ज ट्रैफिक उल्लंघनों को ध्यान में रखा जा सकता है. अगर कोई वाहन मालिक बार-बार नियम तोड़ता है या उसके खिलाफ कई चालान दर्ज हैं, तो उसे इंश्योरेंस के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं. हालांकि, यह अभी प्रस्ताव है, लागू नियम नहीं.

देश में 19% वाहन बिना इंश्योरेंस

इंश्योरेंस से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, भारत में सड़कों पर चल रहे करीब 81% यानी लगभग 25 करोड़ सक्रिय वाहनों के पास वैध मोटर इंश्योरेंस है. इसका मतलब है कि करीब 19% वाहन बिना वैध बीमा के चल रहे हैं. कारों की बात करें तो लगभग 88% कारों का इंश्योरेंस है. वहीं, दोपहिया वाहनों में यह आंकड़ा करीब 80% है. भारी कमर्शियल वाहनों में 90% से ज्यादा के पास वैध बीमा है.

कार और बाइक के लिए लंबी अवधि की पॉलिसी

वाहनों को इंश्योरेंस के दायरे में लाने के लिए मंत्रालय एक और विकल्प पर विचार कर रहा है. इसके तहत कारों के लिए 4 साल और दोपहिया वाहनों के लिए 6 साल की इंश्योरेंस पॉलिसी लाई जा सकती है. इसमें वाहन मालिक को पूरी अवधि के लिए एक बार ही प्रीमियम देना होगा. यानी हर साल अलग से पॉलिसी रिन्यू कराने की जरूरत कम हो सकती है. फिलहाल यह योजना भी विचार के स्तर पर है.

इलेक्ट्रिक वाहनों के इंश्योरेंस रेट में भी बदलाव संभव

रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय कुछ खास तरह के वाहनों के लिए बेस इंश्योरेंस रेट में बदलाव के विकल्प भी देख रहा है. इनमें इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल हैं. इन प्रस्तावों का मकसद वाहन मालिकों को वैध इंश्योरेंस बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. मोटर वाहन कानून के तहत थर्ड पार्टी मोटर इंश्योरेंस कराना अनिवार्य है.

हरियाणा और यूपी में शुरू हो सकता है ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’

सरकार ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ योजना का पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू करने की तैयारी में है. इसके लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 5-5 पेट्रोल पंप चुने जाने हैं. इन पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी ANPR कैमरे लगाए गए हैं, जो वाहन की नंबर प्लेट पहचानकर उसका इंश्योरेंस स्टेटस पता कर सकते हैं. अगस्त में सुप्रीम कोर्ट ने भी ऐसी तकनीक आधारित व्यवस्था की संभावना जांचने के निर्देश दिए थे. इन कदमों का उद्देश्य सड़कों पर बिना वैध बीमा वाले वाहनों की संख्या कम करना है.

यह भी पढ़ें: नौकरी नहीं, अपना बिजनेस करना चाहते हैं 85% भारतीय, Gen Z के 94% युवा भी शामिल; ये है वजह