₹50 हजार तक सस्ती होगी नई Triumph! अप्रैल 2026 में आ रही 350cc की सबसे किफायती प्रीमियम बाइक

महंगी और प्रीमियम ब्रांड मानी जाने वाली Triumph अब आम ग्राहकों के और करीब आने की तैयारी कर रही है. Bajaj Auto और Triumph की साझेदारी के बाद पहले ही 400cc सेगमेंट में शानदार रिस्पॉन्स देखने को मिला था.

ट्रायंफ Image Credit: www.triumphmotorcyclesindia.com

Triumph: भारतीय बाइक बाजार में एक बड़ा बदलाव आने वाला है. महंगी और प्रीमियम ब्रांड मानी जाने वाली Triumph अब आम ग्राहकों के और करीब आने की तैयारी कर रही है. Bajaj Auto और Triumph की साझेदारी के बाद पहले ही 400cc सेगमेंट में शानदार रिस्पॉन्स देखने को मिला था. अब कंपनी इससे भी सस्ता और ज्यादा किफायती विकल्प लाने जा रही है. कंपनी ने साफ कर दिया है कि नई 350cc Triumph बाइक्स अप्रैल 2026 तक लॉन्च की जाएंगी.

खास बात यह है कि इन बाइक्स की कीमत कम रखने के लिए कंपनी ने खास रणनीति बनाई है. कम इंजन कैपेसिटी की वजह से टैक्स भी कम लगेगा. इससे ग्राहकों को बेहतर कीमत पर प्रीमियम बाइक मिल सकेगी. माना जा रहा है कि यह कदम भारतीय बाजार में मिड-सेगमेंट बाइक की पूरी तस्वीर बदल सकता है.

अप्रैल 2026 में लॉन्च होंगी नई Triumph 350cc बाइक्स

Auto car की एक रिपोर्ट के हवाले से Bajaj Auto के प्रमुख राजीव बजाज ने एक इंटरव्यू में बताया कि कंपनी अप्रैल 2026 तक Triumph की नई 350cc बाइक्स लॉन्च करेगी. ये बाइक्स खास तौर पर भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं. इस नई 350cc बाइक का सबसे बड़ा फायदा इसकी कीमत होगी. अभी Triumph की 400cc बाइक्स पर करीब 40 प्रतिशत टैक्स लगता है. लेकिन 350cc से कम इंजन वाली बाइक्स पर सिर्फ 18 प्रतिशत GST लगेगा. इससे कंपनी इन बाइक्स को सस्ती कीमत में लॉन्च कर पाएगी.

400cc इंजन से ही बनेगा नया इंजन

नई 350cc बाइक का इंजन पूरी तरह नया नहीं होगा. यह मौजूदा 399cc इंजन का छोटा वर्जन होगा. इसमें इंजन का आकार थोड़ा कम किया जाएगा ताकि इसकी क्षमता 350cc से नीचे आ जाए. इंजन छोटा होने की वजह से इसकी पावर भी थोड़ी कम होगी. अभी 399cc इंजन करीब 40hp पावर देता है. नए इंजन में 3 से 5hp तक की कमी आ सकती है.

KTM और Bajaj भी अपना सकते हैं यही प्लान

रिपोर्ट के मुताबिक Bajaj अपनी KTM 390 सीरीज और खुद की Dominar 400 और NS400Z बाइक्स को भी 350cc से नीचे ला सकती है. हालांकि इसके लिए अभी कोई तय समय सामने नहीं आया है.

यह भी पढ़ें: सोने की खान से कम नहीं ये EMS स्‍टॉक, 6400 करोड़ का ऑर्डर बुक, 45% रेवेन्यू ग्रोथ, मुनाफा भी डबल, रखें नजर