गौतम अडानी के बाद कौन संभालेगा 17 लाख करोड़ का साम्राज्य? नाम हुए तय
गौतम अडानी ने अपने 17 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबारी साम्राज्य के लिए उत्तराधिकार योजना तैयार की है. इसके तहत उनके दो बेटे करण और जीत अडानी और दो भतीजे प्रणव और सागर अडानी मिलकर ग्रुप की कमान संभालेंगे. चारों को G2 लीडरशिप नाम दिया गया है. जानिए किसके पास किस कारोबार की जिम्मेदारी है.

देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल अडानी ग्रुप ने अपने उत्तराधिकार की योजना (Succession Plan) का खाका तैयार कर लिया है. ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के बाद कारोबार की कमान उनके दो बेटे करण अडानी और जीत अडानी के साथ दो भतीजे प्रणव अडानी और सागर अडानी संभालेंगे. इन चारों को ‘G2 लीडरशिप’ नाम दिया गया है. अडानी ग्रुप का मार्केट कैप 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक है.
क्या है अडानी ग्रुप का G2 लीडरशिप प्लान?
G2 का मतलब जनरेशन-2 यानी कारोबार की अगली पीढ़ी है. इस टीम में परिवार के चार सदस्य शामिल हैं. गौतम अडानी का मानना है कि अगली पीढ़ी को नेतृत्व सिर्फ परिवार का हिस्सा होने के कारण नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें अपनी काबिलियत और काम के दम पर इसे हासिल करना होगा. इस योजना का मकसद कारोबार में निरंतरता बनाए रखना और भविष्य में बड़े फैसलों के लिए एक मजबूत नेतृत्व तैयार करना है. हालांकि, चारों को पूरी कमान सौंपने की कोई निश्चित तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.
- प्रणव अडानी: रियल एस्टेट और गैस कारोबार की जिम्मेदारी
उम्र: 48 साल
प्रणव अडानी, गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अदाणी के बेटे हैं. वह अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
उनके जिम्मे रियल एस्टेट, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, खेल और नेचुरल रिसोर्सेज जैसे कारोबार हैं. इसके अलावा वह ग्रुप की ब्रांडिंग और कम्युनिकेशन से जुड़े काम भी देखते हैं. उन्होंने 1999 में अडानी ग्रुप के साथ अपना सफर शुरू किया था.
- करण अडानी: पोर्ट और सीमेंट कारोबार की कमान
उम्र: 39 साल
करण अडानी, गौतम अडानी के बड़े बेटे हैं. वह अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. उनके पास पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और सीमेंट कारोबार की बड़ी जिम्मेदारी है.
करण 2009 में मुंद्रा पोर्ट से जुड़े थे. 2016 में उन्हें APSEZ का CEO बनाया गया और जनवरी 2024 में मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी मिली. उनके नेतृत्व में कंपनी ने देश और विदेश में अपने पोर्ट नेटवर्क का विस्तार किया है.
- सागर अडानी: एनर्जी और फाइनेंस की जिम्मेदारी
उम्र: 32 साल
सागर अडानी, गौतम अडानी के भाई राजेश अडानी के बेटे हैं. वह अडानी ग्रीन एनर्जी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं. उन्होंने 2015 में ग्रुप जॉइन किया था.
सागर के पास सोलर और विंड एनर्जी कारोबार के विस्तार की अहम जिम्मेदारी है. इसके अलावा वह अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी पावर और अडानी न्यू इंडस्ट्रीज से जुड़े काम भी देखते हैं. ग्रुप के फाइनेंस और पूंजी आवंटन से जुड़े फैसलों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है.
- जीत अडानी: एयरपोर्ट, AI और डिफेंस कारोबार की जिम्मेदारी
उम्र: 29 साल
जीत अडानी, गौतम अडानी के छोटे बेटे हैं. वह अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर हैं. कंपनी देश के आठ एयरपोर्ट का संचालन और विकास करती है.
जीत अदाणी ग्रुप के नए कारोबारों पर भी फोकस कर रहे हैं. उनके जिम्मे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल्स जैसे सेक्टर हैं. उन्होंने 2019 में ग्रुप के CFO ऑफिस से अपना करियर शुरू किया था.
गौतम अडानी कब सौंपेंगे कारोबार की कमान?
गौतम अडानी ने संकेत दिया है कि सही समय आने पर अगली पीढ़ी को कारोबार की पूरी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. उनका मानना है कि कारोबार का नेतृत्व धीरे-धीरे और व्यवस्थित तरीके से अगली पीढ़ी को मिलना चाहिए.
इस योजना में चारों उत्तराधिकारियों की भूमिका अलग-अलग रखी गई है. इसका उद्देश्य यह है कि हर कारोबारी क्षेत्र में विशेषज्ञता और अनुभव के आधार पर फैसले लिए जा सकें. फिलहाल गौतम अडानी ग्रुप के चेयरमैन बने रहेंगे.
कितना बड़ा है अडानी ग्रुप का कारोबार?
अडानी ग्रुप का कारोबार पोर्ट, एयरपोर्ट, पावर, रिन्यूएबल एनर्जी, सीमेंट, गैस, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे कई क्षेत्रों में फैला है. ग्रुप की एक दर्जन से ज्यादा कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं और उनका कुल मार्केट कैप 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक है. इस तरह G2 लीडरशिप प्लान सिर्फ परिवार में उत्तराधिकारी तय करने का फैसला नहीं है, बल्कि देश के बड़े कारोबारी साम्राज्य के भविष्य की रणनीति भी है.
यह भी पढ़ें- रॉकेट बना Apollo Micro Systems का शेयर, एक दिन में 8% उछला; 2 साल में दिया 358% रिटर्न