दिवाली से पहले Amul ने दिया आम जनता को झटका, 50 रुपए तक महंगा हुआ घी, मक्खन की भी बढ़ी कीमत

Amul Butter Price Hike: अमूल ने दिवाली से पहले घी और मक्खन के दाम बढ़ा दिए हैं. 1 किलोग्राम घी का कार्टन 50 रुपए और 500 ग्राम मक्खन का पैक 15 रुपए महंगा हो गया है. यह बढ़ोतरी कई बाजारों में ब्रांडेड घी की ज्यादा मांग और सप्लाई में कमी, खासकर गाय के घी की कमी के बीच हुई है.

Amul Ghee Price Hike: अमूल ने दिवाली से पहले घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अब 1 किलोग्राम घी की कीमत 50 रुपए बढ़ा दी गई है जिसके बाद अब अमूल कंपनी का घी 680 रुपए का मिलेगा. वहीं, दूसरी ओर 500 ग्राम मक्खन की कीमत 15 रुपए बढ़ गई है, कई मार्केट में अमूल गाय के घी की बढ़ती डिमांड और कमी के बीच दाम बढ़ाए गए हैं.

गुजरात और राजस्थान में मिलावटी प्रोडक्ट्स के खिलाफ कार्रवाई के बाद ब्रैंडेड घी की डिमांड बढ़ने पर दाम में यह बढ़ोतरी की गई है. ज्यादा रेट्स ने सितंबर 2025 में जीएसटी में कमी से कंज्यूमर्स को मिलने वाले फायदे को भी काफी हद तक कम कर दिया है, जब डेयरी प्रोडक्ट्स पर टैक्स 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दिया गया था.

Amul Butter और Amul Ghee की नई कीमतें

सूत्रों से मिली नई MRP के मुताबिक, अमूल घी के 1 किलोग्राम कार्टन की कीमत 630 रुपए से बढ़कर 680 रुपए हो गई है. शुद्ध घी के 500 ग्राम पाउच की कीमत अब 345 रुपए है, जबकि पहले यह 325 रुपए थी. मक्खन की कीमतें भी दो पैक साइज में बढ़ गई है. 100 ग्राम पैक की कीमत अब 63 रुपए से बढ़कर 66 रुपए हो गई है, जबकि 500 ग्राम पैक की कीमत 310 रुपए से बढ़कर 325 रुपए हो गई है.

अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गाय का घी 740 रुपए प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपए, शुद्ध घी 700 रुपए और भैंस का घी 720 रुपए में लिस्टेड है. हालांकि, प्लेटफॉर्म पर शुद्ध घी, भैंस का घी और एक कॉम्बो पैक समेत कई वैरायटी सोल्ड आउट मार्क की गई है.

GST में राहत से कम हो गई थी कीमतें

अमूल ने सितंबर 2025 में GST रेट में कटौती के बाद 700 डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतें कम की थीं. उस समय, घी के एक लीटर कार्टन की कीमत 650 रुपए से घटकर 610 रुपए हो गई थी, जबकि पांच लीटर का टिन 3,275 रुपए से सस्ता होकर 3,075 रुपए हो गया था. मक्खन की कीमतों में भी गिरावट आई, 100 ग्राम का पैक 62 रुपए से घटकर 58 रुपए और 500 ग्राम का पैक 305 रुपए से घटकर 285 रुपए हो गया था.

ये भी पढ़ें- रईसों की लिस्ट में मुकेश अंबानी ने मारी लंबी छलांग, चीन के Zhang Yiming और गौतम अदाणी को ‘पछाड़ा’