शराब बनाने वाली कंपनी का मुनाफा हुआ रॉकेट, कंपनी बढ़ाने वाली है प्रोडक्‍शन

एस्गार्ड एल्कोबेव ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे दर्ज किए हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1,402 फीसदी बढ़कर 2.55 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, रेवेन्यू 102.84 फीसदी उछलकर 48.93 करोड़ रुपये पहुंच गया. ब्रूइंग कारोबार में तेजी के बीच कंपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए बाजारों में विस्तार की तैयारी कर रही है.

एस्गार्ड एल्कोबेव Image Credit:

शराब बनाने के कारोबार में विस्तार का फायदा अब एस्गार्ड एल्कोबेव लिमिटेड को मिलने लगा है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे दर्ज किए हैं. जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का समेकित शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1,402.30 फीसदी बढ़कर 2.55 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, कंपनी का परिचालन से रेवेन्यू भी दोगुना से ज्यादा बढ़कर 48.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. कंपनी के मुताबिक, ब्रूइंग कारोबार में बढ़ोतरी, बेहतर उत्पादन क्षमता और ऑपरेशनल एफिशिएंसी से नतीजों को मजबूती मिली है.

रेवेन्यू में 102 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी

एस्गार्ड एल्कोबेव का जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान परिचालन से प्राप्त राजस्व सालाना आधार पर 102.84 फीसदी बढ़कर 48.93 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 24.12 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था.

इसी तरह कंपनी का समेकित शुद्ध मुनाफा पिछले साल की दूसरी तिमाही के 16.95 लाख रुपये से बढ़कर 2.55 करोड़ रुपये हो गया. इस तरह कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 1,402.30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

EBITDA में भी 42 फीसदी का उछाल

कंपनी ने पिछली तिमाही के मुकाबले भी अपने ऑपरेटिंग प्रदर्शन में सुधार किया है. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 53.04 करोड़ रुपये था, जो दूसरी तिमाही में घटकर 48.93 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, इस दौरान कंपनी का EBITDA बेहतर हुआ.

दूसरी तिमाही में EBITDA पिछली तिमाही के 5.15 करोड़ रुपये से 42.31 फीसदी बढ़कर 7.33 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, EBITDA मार्जिन भी 9.71 फीसदी से बढ़कर 14.98 फीसदी पहुंच गया. इसमें 527 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ. कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी पिछली तिमाही के 1.69 करोड़ रुपये से बढ़कर 2.55 करोड़ रुपये हो गया.

ब्रूइंग कारोबार में बढ़ा उत्पादन

कंपनी के प्रदर्शन में सुधार की एक बड़ी वजह ब्रूइंग कारोबार में बढ़ोतरी रही है. दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल उत्पादन पिछली तिमाही के मुकाबले 18.6 फीसदी बढ़कर 13.82 लाख केस हो गया. वहीं, डिस्पैच में 14 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 13.58 लाख केस पर पहुंच गया.

इसके साथ ही कंपनी की उत्पादन क्षमता का इस्तेमाल भी बेहतर हुआ है. कैपेसिटी यूटिलाइजेशन पिछली तिमाही के 63.1 फीसदी से बढ़कर 78.6 फीसदी हो गया. इससे कंपनी को अपने मौजूदा संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिली है.

कैन वाली बीयर के उत्पादन में 67 फीसदी की तेजी

एस्गार्ड एल्कोबेव के कैन वाली बीयर कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. दूसरी तिमाही में इसका उत्पादन 67.7 फीसदी बढ़कर 4.99 लाख केस हो गया. यह कंपनी के कुल उत्पादन का करीब 36.1 फीसदी है.

वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू 101.96 करोड़ रुपये रहा. इस अवधि में EBITDA 12.48 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 4.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

मार्च 2027 तक उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी

कंपनी अब अपने कारोबार को और विस्तार देने की योजना बना रही है. एस्गार्ड एल्कोबेव मार्च 2027 तक अपनी सालाना उत्पादन क्षमता 8.4 मिलियन केस से बढ़ाकर 10.8 मिलियन केस करना चाहती है. इस तरह कंपनी की उत्पादन क्षमता में करीब 28.6 फीसदी की बढ़ोतरी होगी.

इसके अलावा कंपनी उत्तर-पूर्वी और पूर्वी भारत के मौजूदा बाजारों से बाहर भी कारोबार बढ़ाने के अवसर तलाश रही है. कंपनी की रणनीति उत्पादन क्षमता बढ़ाने, मौजूदा प्लांट का बेहतर इस्तेमाल करने और कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग में साझेदारी मजबूत करने पर केंद्रित है.

वित्त वर्ष 2027 के लिए 28 करोड़ रुपये तक EBITDA का लक्ष्य

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर रौनक जैन के मुताबिक, कंपनी का फोकस उत्पादन बढ़ाने और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार करने पर है. इसके लिए क्षमता विस्तार के साथ कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी साझेदारियों को भी मजबूत किया जाएगा.

एस्गार्ड एल्कोबेव ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 24 करोड़ से 28 करोड़ रुपये के EBITDA का लक्ष्य रखा है. कंपनी को उम्मीद है कि अधिक उत्पादन और बेहतर लागत प्रबंधन से इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी.

पहली छमाही में 11.70 करोड़ रुपये घटा कर्ज

कंपनी ने अपने कर्ज को कम करने की दिशा में भी काम किया है. वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही के दौरान एस्गार्ड एल्कोबेव के ग्रॉस बॉरोइंग्स में 11.70 करोड़ रुपये की कमी आई. 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज घटकर 60.84 करोड़ रुपये रह गया.

कंपनी के वित्तीय नतीजे उसके कारोबार में विस्तार और बेहतर परिचालन प्रदर्शन की ओर इशारा करते हैं. हालांकि, ये आंकड़े कंपनी की ओर से जारी अनऑडिटेड वित्तीय जानकारी पर आधारित हैं. यह रिपोर्ट निवेश की सलाह नहीं है.

यह भी पढ़ें- 1 लाख रुपये से कम में आते हैं ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर, फैमिली के लिए बेस्ट!