Caliber Mining IPO का पहले दिन दमदार शुरुआत, 70% से ज्यादा सब्सक्रिप्शन; GMP ₹100 के पार पहुंचा
कोयला खनन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की कंपनी कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स के 450 करोड़ रुपये के आईपीओ को पहले दिन निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. कारोबार के शुरुआती घंटों में ही इश्यू 70% से अधिक सब्सक्राइब हो गया. वहीं ग्रे मार्केट में करीब 25% के प्रीमियम ने मजबूत लिस्टिंग की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है.

Caliber Mining & Logistics IPO : कोयला खनन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की कंपनी Caliber Mining & Logistics के IPO को पहले दिन निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. 17 जुलाई को सुबह करीब 10:20 बजे तक यह इश्यू 70% से अधिक सब्सक्राइब हो चुका था. वहीं ग्रे मार्केट में भी शेयरों का प्रीमियम करीब 25% चल रहा है, जिससे मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद जताई जा रही है.
पहले दिन कैसा रहा निवेशकों का रुझान
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ को सुबह तक 52,43,875 से अधिक शेयरों के लिए आवेदन मिले, जबकि ऑफर में 78.35 लाख शेयर उपलब्ध हैं. इस तरह इश्यू 70% से ज्यादा सब्सक्राइब हो गया. सबसे ज्यादा रुचि गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) ने दिखाई, जिनका हिस्सा 80% सब्सक्राइब हुआ. वहीं रिटेल निवेशकों (RII) का कोटा 88% तक भर चुका था.
GMP ने बढ़ाई उम्मीदें, 25% तक प्रीमियम
ग्रे मार्केट में भी कंपनी के शेयरों की मांग मजबूत बनी हुई है. बाजार में उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 102 रुपये यानी करीब 25% चल रहा है. जीएमपी के मौजूदा स्तर पर निवेशकों को 3000 रुपये से अधिक का लिस्टिंग गेन मिल सकता है. हालांकि GMP किसी भी तरह से लिस्टिंग की गारंटी नहीं होता, लेकिन यह निवेशकों की सकारात्मक धारणा का संकेत माना जाता है.
एंकर निवेशकों से पहले ही जुटाए 135 करोड़ रुपये
आईपीओ खुलने से एक दिन पहले कंपनी ने सात एंकर निवेशकों से 135 करोड़ रुपये जुटाए थे. कंपनी ने 424 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर 31.83 लाख शेयर आवंटित किए. इनमें क्वांट म्यूचुअल फंड सबसे बड़ा एंकर निवेशक रहा, जिसने 50 करोड़ रुपये का निवेश किया. इसके अलावा अशोका इंडिया इक्विटी इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट, 3P इंडिया इक्विटी फंड और हेलियोस स्मॉल कैप फंड ने भी निवेश किया.
450 करोड़ रुपये के आईपीओ से क्या करेगी कंपनी
कंपनी का कुल 450 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 जुलाई तक खुला रहेगा. इसमें 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जा रहे हैं, जबकि 50 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) प्रमोटरों की ओर से है. कंपनी इस राशि का उपयोग कर्ज चुकाने, नए कमर्शियल वाहन और मशीनरी खरीदने तथा सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए करेगी. आईपीओ का आवंटन 22 जुलाई को होने की संभावना है, जबकि कंपनी के शेयर 24 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकते हैं.
डिस्क्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.