TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

₹10000 की SIP से बनाया ₹32 लाख का फंड, अब ₹7 करोड़ का टारगेट; राजस्थान के इस शख्स से सीखें पैसा कमाने का हुनर

राजस्थान के राजीव सोलंकी ने 10 साल में SIP के जरिए करीब 32 लाख रुपये का फंड बनाया है. अब वह 60 साल की उम्र तक 7 करोड़ रुपये जुटाना चाहते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं इतनी बड़ी रकम तैयार करने के लिए उन्हें महीने का कितना रुपया निवेश करना होगा साथ ही उनके निवेश पर कितना ब्याज मिलना चाहिए.

पोर्टफोलियो

Highlights

  • राजीव सोलंकी के पास अभी करीब ₹32 लाख का निवेश फंड है.
  • 14% सालाना रिटर्न मिलने पर भी 17 साल में फंड करीब ₹6.5 करोड़ हो सकता है.
  • हालांकि पुरानी पेंशन योजना की पात्रता और बेटे की पढ़ाई का खर्च उनके रिटायरमेंट लक्ष्य को प्रभावित कर सकते हैं.

Retirement Planning: रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड जुटाना हर नौकरीपेशा व्यक्ति का सपना होता है. लेकिन इसके लिए हर महीने कितनी बचत करनी होगी और निवेश पर कितना रिटर्न मिलना चाहिए, इसका सही हिसाब लगाना भी जरूरी है. राजस्थान के जयपुर में सरकारी विभाग में काम करने वाले राजीव सोलंकी 60 साल की उम्र तक 7 करोड़ रुपये का फंड बनाना चाहते हैं. वह पिछले 10 साल से म्यूचुअल फंड में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश कर रहे हैं. उनका मौजूदा फंड करीब 32 लाख रुपये है.

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, राजीव अभी हर महीने करीब 26000 रुपये की SIP कर रहे हैं और हर साल इसे 10 फीसदी बढ़ाते हैं. उनकी मौजूदा योजना के हिसाब से 17 साल बाद फंड 7 करोड़ रुपये तक पहुंचाना है.

₹35,000 की सैलरी से ₹1.55 लाख तक पहुंचे

राजीव सोलंकी राजस्थान के सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में सीनियर डिविजनल अकाउंटेंट हैं. उन्होंने जयपुर से बीकॉम की पढ़ाई की और 23 साल की उम्र में प्रतियोगी परीक्षा पास करके सरकारी नौकरी हासिल की. वह करीब 20 साल से सरकारी सेवा में हैं. उनकी नौकरी की शुरुआत करीब 35,000 रुपये महीने की सैलरी से हुई थी. अब उनकी महीने की सैलरी करीब 1.55 लाख रुपये है. हालांकि, समय के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं.

राजीव के पास जयपुर में एक फ्लैट है, जिस पर वह हर महीने करीब 18,000 रुपये की EMI चुकाते हैं. EMI समेत घर का कुल खर्च करीब 82,000 रुपये महीने है. सभी खर्चों के बाद उनके पास करीब 55,000 रुपये बचते हैं.

₹19 लाख निवेश करके बनाया ₹32 लाख का फंड

राजीव ने करीब 10 साल पहले हर महीने 10,000 रुपये की SIP से निवेश शुरू किया था. इसके बाद वह हर साल अपनी SIP में करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी करते रहे. अब उनका मासिक निवेश करीब 26,000 रुपये है. राजीव के मुताबिक, शुरुआत में बड़ी रकम निवेश करने के बजाय छोटी SIP शुरू करके उसे धीरे-धीरे बढ़ाना उन्हें ज्यादा आसान लगा.

रिपोर्ट के अनुसार, राजीव ने अब तक करीब 19 लाख रुपये का निवेश किया है, जिसकी मौजूदा वैल्यू लगभग 32 लाख रुपये है. इस तरह उनके निवेश पर सालाना करीब 11.5 फीसदी का रिटर्न मिला है.

13-14% रिटर्न की उम्मीद, लेकिन कितना बन पाएगा फंड?

राजीव को उम्मीद है कि आगे उन्हें अपने निवेश पर सालाना 13 से 14% रिटर्न मिल सकता है. हालांकि, उनका मौजूदा पोर्टफोलियो अब तक करीब 11.5% सालाना रिटर्न दे पाया है.

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दिए गए अनुमान के मुताबिक, अगर राजीव अपने मौजूदा 32 लाख रुपये के फंड को निवेश में बनाए रखते हैं, हर महीने 26,000 रुपये की SIP जारी रखते हैं और हर साल SIP 10% बढ़ाते हैं, तो 17 साल बाद उनका फंड इस तरह हो सकता है.

अनुमानित सालाना रिटर्न60 साल की उम्र में संभावित फंड
11%करीब ₹4.7 करोड़
12%करीब ₹5.2 करोड़
13%करीब ₹5.8 करोड़
14%करीब ₹6.5 करोड़

इस हिसाब से 14% सालाना रिटर्न मिलने पर भी राजीव अपने 7 करोड़ रुपये के लक्ष्य से करीब 50 लाख रुपये पीछे रह सकते हैं. इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए मौजूदा निवेश योजना पर करीब 14.6% सालाना रिटर्न की जरूरत होगी, वह भी लगातार 17 साल तक. हालांकि यह अनुमान है, रिटर्न की गारंटी नहीं. म्यूचुअल फंड का वास्तविक प्रदर्शन बाजार की चाल पर निर्भर करता है.

₹7 करोड़ जुटाने के लिए हर महीने कितनी SIP करनी होगी?

रिपोर्ट में दिए गए कैलकुलेशन के मुताबिक, अगर राजीव सालाना 12 फीसदी रिटर्न मानकर चलते हैं, तो उन्हें अपनी मौजूदा SIP में बढ़ोतरी करनी होगी. 26,000 रुपये के बजाय उन्हें अभी से हर महीने करीब 41,500 रुपये की SIP शुरू करनी होगी. इसके बाद हर साल SIP में 10% की बढ़ोतरी जारी रखनी होगी. इस तरह उनका 7 करोड़ रुपये का लक्ष्य पूरा हो सकता है.

इसका मतलब है कि उन्हें हर महीने करीब 15,500 रुपये अतिरिक्त निवेश करना होगा. राजीव के पास सभी घरेलू खर्चों के बाद करीब 55,000 रुपये बचते हैं.

पुरानी पेंशन योजना बदल सकती है रिटायरमेंट का पूरा हिसाब

राजीव के मामले में एक अहम सवाल यह भी है कि क्या वह राजस्थान की पुरानी पेंशन योजना (OPS) के तहत आते हैं. राजस्थान ने 2022 के बजट में 1 जनवरी 2004 या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का फैसला किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य की मौजूदा सरकार ने भी इस योजना को जारी रखा है.

राजीव करीब 20 साल से सरकारी सेवा में हैं. ऐसे में वह संबंधित तारीख के बाद नियुक्त कर्मचारियों की श्रेणी में आ सकते हैं. हालांकि, उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलेगा या नहीं और किन शर्तों पर मिलेगा, इसकी पुष्टि उनके सर्विस रिकॉर्ड से ही हो सकती है. पुरानी पेंशन योजना के तहत आम तौर पर रिटायर होने वाले कर्मचारी को आखिरी मूल वेतन का करीब 50% पेंशन के रूप में मिलता है. महंगाई के हिसाब से इसमें महंगाई राहत भी संशोधित होती है.

इसे भी पढ़ें – कारोबार के आखिरी दिन भी बाजार में रही रौनक, सेंसेक्स 308 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी तेजी; ऐसा रहा बाजार का हाल