कंस्ट्रक्शन पड़ेगा महंगा! सीमेंट की कीमत में ₹60 तक इजाफा संभव, सप्लाई में दिक्कत और बढ़ती लागत से बढ़ा दबाव
घर या कोई भी कंस्ट्रक्शन का काम करने जा रहे हैं तो अब आपके पॉकेट पर बोझ बढ़ सकता है. सीमेंट की कीमतों में 60 रुपये तक बढ़ोतरी की तैयारी है. बढ़ती लागत, सप्लाई दिक्कत और कच्चे माल की महंगाई इसका कारण बन रही है. क्या अभी घर बनाना सही फैसला है या खर्च और बढ़ेगा?
घर बनाने की सोच रहे हैं या कंस्ट्रक्शन का काम शुरू किया है, तो यह खबर आपके बजट को सीधे प्रभावित कर सकती है. सिमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं और आने वाले समय में एक बोरी सीमेंट 60 रुपये तक महंगी हो सकती है. यानी मकान बनाने का खर्च और बढ़ने वाला है.
Elara Securities की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल में सीमेंट कंपनियां कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं. रिपोर्ट बताती है कि बढ़ती लागत के दबाव के चलते अलग-अलग राज्यों में ₹10 से ₹60 प्रति बोरी तक कीमत बढ़ सकती है. खास तौर पर दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
क्यों बढ़ रही है कीमत
रिपोर्ट के अनुसार, कच्चे माल और उत्पादन लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. सिर्फ इतना ही नहीं, प्रति टन लागत में करीब ₹250 तक का इजाफा होने का अनुमान है. यही वजह है कि कंपनियां अपने मार्जिन बचाने के लिए कीमतें बढ़ाने को मजबूर हैं.
सप्लाई साइड पर भी चुनौतियां बनी हुई हैं. HDPE बैग की कमी के कारण कई जगह सीमेंट की डिलीवरी प्रभावित हुई है. ये वो खास तरीके का प्लास्टिक बैग है जो सीमेंट को पैक करने के लिए बनाया जाता है. वैश्विक तनाव के चलते इसकी सप्लाई बाधित हुई है. इसके अलावा होली के बाद मजदूरों की कमी भी कई राज्यों में देखी जा रही है, जिससे कंस्ट्रक्शन और सप्लाई दोनों पर असर पड़ा है.
यह भी पढ़ें: क्या GMP देख IPO में लगा रहे हैं पैसा? FY26 में कंपनियां मालामाल, पर निवेशक घाटे में, 65% शेयर इश्यू प्राइस से नीचे
अभी क्या है कीमतों का हाल
मार्च में सीमेंट की औसत कीमत करीब ₹343 प्रति बोरी रही, जो महीने-दर-महीने करीब ₹2 बढ़ी है. पश्चिम भारत में सबसे ज्यादा ₹4 की बढ़त रही, जबकि दक्षिण और पूर्व भारत में भी हल्की तेजी दिखी. उत्तर और मध्य भारत में कीमतें लगभग स्थिर रहीं.
Elara Securities का कहना है कि Q1FY27 में कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है, लेकिन Q2FY27 में मांग कमजोर पड़ने से यह बढ़ोतरी टिक नहीं पाएगी.
