CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में CNG फिर महंगी, तीसरी बार बढ़े दाम, अब 81.09 रुपये किलो
दिल्ली-एनसीआर में महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG की कीमतों में भी तीसरी बार बढ़ोतरी हुई है. राजधानी में CNG के दाम 1 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 81.09 रुपये कर दिए गए हैं. इससे ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों की लागत बढ़ेगी, जिसका असर आम लोगों के सफर और घरेलू बजट पर भी पड़ सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद अब CNG भी महंगी हो गई है. दिल्ली में CNG के दाम 1 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 81.09 रुपये प्रति किलो कर दिए गए हैं. इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है, खासकर उन लोगों पर जो रोजाना सफर के लिए CNG वाहनों पर निर्भर हैं.
ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की आशंका
CNG के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा असर ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और कैब सेवाओं पर देखने को मिलेगा. दिल्ली-एनसीआर में लाखों लोग रोजाना इन वाहनों से सफर करते हैं. ईंधन महंगा होने से ड्राइवरों की लागत बढ़ेगी, जिसका असर यात्रियों के किराए पर पड़ सकता है. कई ऑटो और टैक्सी चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण उनकी आमदनी पर दबाव बढ़ रहा है.
शहर पुराना रेट (₹/किलोग्राम) नया रेट (₹/किलोग्राम) बढ़ोतरी दिल्ली-NCR ₹80.09 ₹81.09 ₹1.00
8 दिन में ₹4 महंगी हुई CNG
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 8 दिनों के भीतर CNG की कीमतों में कुल 4 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है. सबसे पहले 15 मई को CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया. इसके बाद 17 मई को फिर 1 रुपये की बढ़ोतरी हुई और अब 23 मई को एक बार फिर कीमतों में 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा कर दिया गया है. अब CNG 81.09 रुपये किलो मिल रही है.
क्यों बढ़ रहे दाम?
ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के पीछे की वजह अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियां हैं. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संघर्ष के कारण दुनिया के अहम तेल मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ पर दबाव बना हुआ है. वैश्विक स्तर पर तेल और गैस सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है. सप्लाई प्रभावित होने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिसका असर अब भारत के घरेलू ईंधन बाजार पर भी दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी, 91 पैसे प्रति लीटर तक हुए महंगे, जानें नया रेट