ब्रिटेन में Essar का फ्यूल बिजनेस होगा मजबूत, 400 मिलियन पाउंड में SGN Retail खरीदी; जुड़ेंगे 118 नए पेट्रोल पंप
Essar Group की रिटेल इकाई EET Retail ने ब्रिटेन की SGN Retail को करीब 400 मिलियन पाउंड में खरीदने का समझौता किया है. इस डील से EET Retail के नेटवर्क में 118 पेट्रोल स्टेशन जुडेंगे और कुल साइट की संख्या 235 हो जाएगी.

Essar Group की Essar Energy Transition Fuels की रिटेल इकाई EET Retail ने ब्रिटेन में एक बड़ी डील की है. कंपनी ने UK की स्वतंत्र फोरकोर्ट ऑपरेटर SGN Retail को खरीदने का समझौता किया है. यह डील करीब 400 मिलियन पाउंड की बताई जा रही है. इस एक्विजिशन के बाद EET Retail के नेटवर्क में 118 नए पेट्रोल स्टेशन जुड़ेंगे. इसके साथ कंपनी के कुल पेट्रोल पंपों की संख्या 235 हो जाएगी. Essar का लक्ष्य आने वाले सालों में ब्रिटेन में अपने रिटेल नेटवर्क को और तेजी से बढ़ाना है. कंपनी 2031 तक करीब 800 साइट का नेटवर्क बनाने की योजना पर काम कर रही है.
400 मिलियन पाउंड में डील
EET Retail ने SGN Retail की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति जताई है. कंपनी ने इस डील की आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक एक्विजिशन की वैल्यू करीब 400 मिलियन पाउंड है. SGN Retail की स्थापना Graham Peacock और Susan Tobbell ने की थी. कंपनी साल 2016 से ब्रिटेन में काम कर रही है. इसके पास देशभर में 118 रोडसाइड लोकेशन हैं.
नेटवर्क में जुडे़ंगे 118 पेट्रोल स्टेशन
SGN Retail के एक्विजिशन से EET Retail के पेट्रोल स्टेशन नेटवर्क का आकार काफी बढ़ जाएगा. अभी EET Retail ब्रिटेन में 117 साइट चला रही है. नई 118 साइट जुड़ने के बाद कुल नेटवर्क 235 साइट का हो जाएगा. कंपनी के मुताबिक इसका सालाना फ्यूल थ्रूपुट 650 मिलियन लीटर से ज्यादा हो जाएगा. इस विस्तार के बाद EET Retail ब्रिटेन की दूसरी सबसे बडी फोरकोर्ट ऑपरेटर बनने की स्थिति में होगी.
800 पेट्रोल पंप बनाने का लक्ष्य
Essar की रिटेल इकाई ने ब्रिटेन में अपने नेटवर्क को और बड़ा करने का लक्ष्य तय किया है. कंपनी 2031 तक करीब 800 साइट का नेटवर्क बनाना चाहती है. यह ब्रिटेन के कुल फोरकोर्ट बाजार का करीब 9 फीसदी हिस्सा हो सकता है. कंपनी इन पेट्रोल पंपों को अपने Stanlow Refinery से सीधे फ्यूल सप्लाई करने की योजना बना रही है. इससे Essar को फ्यूल प्रोडक्शन और रिटेल बिक्री को एक साथ जोड़ने में मदद मिलेगी.
सीधे मिलेगी फ्यूल सप्लाई
EET Retail अपने पेट्रोल पंपों को Stanlow Refinery से सीधे फ्यूल उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है. कंपनी का कहना है कि इससे घरेलू सप्लाई चेन में कई स्तर कम किए जा सकते हैं. इसके अलावा आयातित फ्यूल पर निर्भरता भी घट सकती है. Essar के अनुसार ब्रिटेन का फ्यूल बाजार पिछले दो दशकों में काफी बिखरा है. तेल कंपनियों की घरेलू रिफाइनिंग में कम होती दिलचस्पी भी इसका एक कारण रही है.
250 मिलियन पाउंड की नई कर्ज सुविधा
इस एक्विजिशन के लिए EET Retail कैश के साथ नई 250 मिलियन पाउंड की सीनियर डेट सुविधा का इस्तेमाल करेगी. यह सुविधा First Abu Dhabi Bank, Macquarie Bank, Mizrahi Tefahot Bank, Natixis, OakNorth Bank, Royal Bank of Canada, SMBC Bank International और Sound Point Capital Management ने मिलकर तैयार की है. RBC Capital Markets ने Essar को वित्तीय सलाह दी है. Herbert Smith Freehills Kramer और Weightmans ने कानूनी सलाहकार के तौर पर काम किया है.
ये भी पढ़ें- आखिर क्यों पब्लिक लिस्ट नहीं होना चाहता टाटा ग्रुप, विरासत में बदलाव या कुछ और है कहानी का पेंच, यहां समझिए पूरी बात
EV चार्जिंग जैसी सर्विस
Essar सिर्फ पेट्रोल और डीजल कारोबार तक सीमित नहीं रहना चाहती है. कंपनी अपने फोरकोर्ट नेटवर्क पर हॉट फूड, कन्वीनियंस रिटेल और वाहन सफाई जैसी सेवाओं को बढ़ाने की योजना बना रही है. इसके साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की सुविधा भी बढ़ाई जाएगी. Essar के Stanlow Manufacturing Complex से ब्रिटेन के करीब 18 फीसदी ट्रांसपोर्ट फ्यूल का उत्पादन होता है. कंपनी 2035 तक ब्रिटेन में लो कार्बन एनर्जी ट्रांजिशन प्रोजेक्ट्स पर 4.3 बिलियन पाउंड निवेश की योजना भी बना चुकी है.