Gold-Silver Price: सोने की कीमतों में गिरावट, चांदी का भाव स्थिरि; प्रति 10 ग्राम इतने रुपये सस्ता हुआ गोल्ड
Gold Price Today: व्यापारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई गिरावट का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा, और अमेरिकी डॉलर के स्थिर रहने से कीमतों पर और दबाव बना. विश्लेषकों का कहना है कि निवेशक कच्चे तेल की कीमतों में हो रहे बदलावों और महंगाई पर उनके संभावित असर पर नजर रख रहे हैं.

Gold Price Today: वैश्विक स्तर पर कमजोर रुझानों और अमेरिकी डॉलर के स्थिर रहने के कारण, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमत 500 रुपये घटकर 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. सोमवार को 99.9 फीसदी प्योरिटी वाला सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, चांदी की कीमत लगातार दूसरे सत्र में 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर स्थिर रही.
घरेलू बाजार पर पड़ा असर
व्यापारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई गिरावट का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा, और अमेरिकी डॉलर के स्थिर रहने से कीमतों पर और दबाव बना. उन्होंने कहा कि दिवाली के दौरान खरीदारी कम रही, जिससे सोने की कीमतों को त्योहारों की मांग से मिलने वाला सहारा भी सीमित रहा.
इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड-सिल्वर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 27.59 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 1 फीसदी गिरकर 4,113.55 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1 फीसदी से अधिक गिरकर 52.77 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस रह गई.
क्यों आई कीमतों में गिरावट?
निवेश प्लेटफॉर्म ‘मुद्रेक्स’ (Mudrex) के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत ने कहा, ‘पिछले सत्र में 1 फीसदी की बढ़त के बाद, सोना अब 4,100 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है. अमेरिकी मुद्रास्फीति (महंगाई) के आंकड़ों से पहले, तेल की कीमतों में गिरावट ने महंगाई से जुड़ी चिंताओं को कुछ कम किया है.’
कम हुई महंगाई की चिंता
उन्होंने बताया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष को खत्म करने की दिशा में प्रगति की उम्मीदों के बीच, मंगलवार को विदेशी बाजारों में ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.72 अमेरिकी डॉलर यानी 3 फीसदी गिरकर 90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे, 89.85 अमेरिकी डॉलर पर आ गई.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की कुछ चिंताएं कम हुई हैं, हालांकि अमेरिकी डॉलर और वैश्विक सर्राफा बाजारों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सोने की निकट अवधि की चाल पर असर पड़ना जारी है.
विश्लेषकों का कहना है कि निवेशक कच्चे तेल की कीमतों में हो रहे बदलावों और महंगाई पर उनके संभावित असर पर नजर रख रहे हैं. अमेरिका के महत्वपूर्ण महंगाई आंकड़े आने वाले हैं, जिनसे फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को लेकर रुख के बारे में और संकेत मिल सकते हैं.