TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

IIFL फाइनेंस पर ब्लैकस्टोन का बड़ा दांव, 5,000 करोड़ लगाकर खरीदेगी 16% हिस्सा

ब्लैकस्टोन IIFL फाइनेंस में 5,000 करोड़ रुपये निवेश कर करीब 16 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी. कंपनी कुल 6,414 करोड़ रुपये की नई पूंजी जुटाएगी. इसमें प्रमोटर्स नर्मल जैन और आर वेंकटरमण 1,264 करोड़ रुपये लगाएंगे, जबकि एंकरिज कैपिटल 150 करोड़ रुपये निवेश करेगी. इससे कंपनी का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 17 से बढ़कर 30 फीसदी होने की उम्मीद है.

ब्लैकस्टोन

Highlights

  • ब्लैकस्टोन IIFL फाइनेंस में 5,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी
  • कंपनी 6,414 करोड़ रुपये जुटाकर वित्तीय स्थिति मजबूत करेगी
  • कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो बढ़कर करीब 30 फीसदी होने की उम्मीद है

अमेरिकी निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन (Blackstone) भारत की नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी IIFL फाइनेंस में बड़ा निवेश करने जा रही है. ब्लैकस्टोन कंपनी में करीब 16 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. इस निवेश के जरिए IIFL फाइनेंस कुल 6,414 करोड़ रुपये की नई पूंजी जुटाएगी. कंपनी के बोर्ड ने 10 नवंबर 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह भारतीय NBFC सेक्टर में बड़े प्राइवेट इक्विटी निवेशों में से एक है.

ब्लैकस्टोन लगाएगी 5,000 करोड़ रुपये

IIFL फाइनेंस में ब्लैकस्टोन की ओर से 5,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. इसके बदले उसे कंपनी में पूरी तरह डाइल्यूटेड आधार पर करीब 16 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी. यह निवेश कंपल्सरी कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर्स (CCPS) के जरिए होगा. इन शेयरों को 602 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर इक्विटी शेयरों में बदला जाएगा. अलॉटमेंट के 18 महीने के भीतर इन्हें इक्विटी में कन्वर्ट किया जाएगा. इस सौदे के तहत ब्लैकस्टोन को IIFL फाइनेंस के कारोबार में हिस्सेदारी मिलने के साथ भारतीय रिटेल लेंडिंग मार्केट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का मौका मिलेगा.

प्रमोटर्स भी लगाएंगे 1,264 करोड़ रुपये

इस फंड जुटाने की प्रक्रिया में कंपनी के प्रमोटर्स भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए निवेश करेंगे. IIFL फाइनेंस के को-प्रमोटर नर्मल जैन और आर वेंकटरमण मिलकर 1,264 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे. यह पैसा वारंट के जरिए लगाया जाएगा.

इसके अलावा मुंबई के निवेशक रोहित कोठारी की प्रमोटेड एंकरिज कैपिटल (Anchorage Capital) भी 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी.

निवेशकनिवेश की रकम
ब्लैकस्टोन5,000 करोड़ रुपये
नर्मल जैन और आर वेंकटरमण1,264 करोड़ रुपये
एंकरिज कैपिटल150 करोड़ रुपये
कुल निवेश6,414 करोड़ रुपये

17% से बढ़कर 30% हो जाएगा कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो

इस निवेश का सबसे बड़ा फायदा IIFL फाइनेंस की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने में मिलेगा. कंपनी के मुताबिक, सितंबर 2026 के आंकड़ों के आधार पर उसका कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (Capital Adequacy Ratio) करीब 17 फीसदी था. नए निवेश के बाद इसके लगभग 30 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है. कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो किसी वित्तीय संस्थान की पूंजी और उसके जोखिम वाले एसेट्स के बीच संबंध बताता है. इसमें सुधार होने से कंपनी की कर्ज देने की क्षमता और वित्तीय मजबूती बढ़ सकती है.

गोल्ड लोन कारोबार को मिलेगी रफ्तार

IIFL फाइनेंस इस नई पूंजी का इस्तेमाल अपने सिक्योर्ड लेंडिंग बिजनेस को बढ़ाने में करेगी. इसमें खास तौर पर गोल्ड फाइनेंस कारोबार पर फोकस रहेगा. इसके अलावा कंपनी रिटेल लेंडिंग, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भी निवेश बढ़ा सकती है.

कंपनी का मानना है कि ब्लैकस्टोन के साथ साझेदारी से उसे ग्लोबल नेटवर्क, टेक्नोलॉजी और ऑपरेशनल एक्सपीरियंस का फायदा मिलेगा. इससे बैंकों के साथ को-लेंडिंग पार्टनरशिप बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है.

सितंबर 2026 के अंत तक IIFL फाइनेंस का कंसोलिडेटेड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) करीब 1.24 लाख करोड़ रुपये था. वहीं, कंपनी का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (GNPA) कुल लोन का करीब 1.5 फीसदी था.

इस निवेश से कंपनी की क्रेडिट रेटिंग बेहतर होने और भविष्य में कर्ज लेने की लागत घटने की भी उम्मीद है. हालांकि, इस सौदे को पूरा करने के लिए शेयरधारकों और संबंधित नियामकीय संस्थाओं की मंजूरी जरूरी होगी.

यह भी पढ़ें- बिल गेट्स और जेफ बेजोस भी पीछे! Nvidia CEO का तलाक बना सकता है नया रिकॉर्ड