सोना हुआ महंगा, लेकिन चांदी हो गई इतने रुपये सस्ती, जानें- 24 कैरेट वाले गोल्ड का आज का भाव
Gold Rate Today: यह तेजी वैश्विक बाजारों में मजबूत रुझानों और कमजोर अमेरिकी डॉलर के कारण देखने को मिली. 99.9 प्योरिटी वाले सोने की कीमत में 2,000 रुपये, या 1.31 फीसदी का उछाला आया. फ्यूचर मार्केट में डॉलर इंडेक्स 0.27 फीसदी गिरकर 98.69 पर आ गया, जिससे अन्य करेंसी के धारकों के लिए कीमती धातुएं (बुलियन) अधिक आकर्षक हो गईं.

Gold Rate Today: गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में 2,000 रुपये की तेजी आई और यह 10 ग्राम के लिए 1.54 लाख रुपये पर पहुंच गया. यह तेजी वैश्विक बाजारों में मजबूत रुझानों और कमजोर अमेरिकी डॉलर के कारण देखने को मिली. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 प्योरिटी वाले सोने की कीमत में 2,000 रुपये, या 1.31 फीसदी का उछाला आया और यह 10 ग्राम के लिए 1,54,800 रुपये (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गया. पिछले सत्र में यह 10 ग्राम के लिए 1,52,800 रुपये पर बंद हुआ था.
सोने की वापसी
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘सोने ने एक महीने के निचले स्तर से वापसी की है और शुक्रवार को इसमें मामूली बढ़त दर्ज की गई, क्योंकि कमजोर अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में नरमी ने इसे शॉर्ट टर्म सहारा दिया.’
उन्होंने आगे कहा कि डॉलर और यील्ड में आई नरमी ने हाल की कमजोरी के बाद कीमतों को स्थिर करने में मदद की, जबकि प्रमुख समर्थन स्तरों के पास हुई ‘बार्गेन बाइंग’ (सस्ते में खरीदारी) ने भी इस सुधार में योगदान दिया.
चांदी की कीमतों में गिरावट
हालांकि, एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमतों में 1,800 रुपये, या लगभग 1 फीसदी की गिरावट आई और यह बुधवार के बंद स्तर 2,44,500 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 2,42,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया.ॉ
इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी
इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड (Spot Gold) 91.80 डॉलर, या 2.02 फीसदी की बढ़त के साथ 4,635.52 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 3.31 फीसदी बढ़कर 73.69 डॉलर प्रति औंस हो गई.
फेड रेड
फ्यूचर मार्केट में डॉलर इंडेक्स 0.27 फीसदी गिरकर 98.69 पर आ गया, जिससे अन्य करेंसी के धारकों के लिए कीमती धातुएं (बुलियन) अधिक आकर्षक हो गईं. अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखा, जैसा कि व्यापक रूप से अपेक्षित था, हालांकि नीति निर्माताओं के बीच मतभेदों ने आर्थिक दृष्टिकोण को लेकर अनिश्चितता को उजागर किया.
इस बीच, चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने संकेत दिया कि केंद्रीय बैंक फिलहाल ब्याज दरों में और बढ़ोतरी करने के पक्ष में नहीं है, जिससे कीमती धातुओं को सहारा मिला है.
गांधी ने कहा कि निवेशक अब दिन में बाद में यूरोपीय सेंट्रल बैंक से आने वाले नीतिगत निर्णयों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें नीति की शॉर्ट टर्म दिशा और कीमती धातुओं की कीमतों के भविष्य के रुझान के बारे में नए संकेत मिल सकें.