पहले प्राइवेट फिर सरकारी अब फिर प्राइवेट, आखिर IDBI बिकने से क्या आपके खाते और LIC पॉलिसी पर भी होगा असर
IDBI Bank एक बार फिर निजी हाथों में जाने की तैयारी में है. केंद्र सरकार और LIC अपनी 60.72 फीसदी हिस्सेदारी कनाडा की Fairfax Financial Holdings को करीब 52,878 करोड़ रुपये में बेचने जा रहे हैं. ऐसे में सवाल है कि इस सौदे से बैंक ग्राहकों के खाते, जमा पैसे और LIC पॉलिसी पर क्या असर पड़ेगा. जानें निजीकरण के फायदे और नुकसान.

पहले प्राइवेट बैंक, फिर सरकारी और अब एक बार फिर निजी हाथों में जाने की तैयारी. IDBI Bank के मालिकाना हक में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) बैंक में अपनी कुल 60.72 फीसदी हिस्सेदारी कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स (Fairfax Financial Holdings) को करीब 52,878 करोड़ रुपये में बेचने जा रहे हैं. इस सौदे के तहत शेयर की कीमत 81 रुपये प्रति तय की गई है. ऐसे में बैंक के ग्राहकों और LIC पॉलिसीधारकों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इस बिक्री का उनके बैंक खाते, जमा पैसे और बीमा पॉलिसी पर क्या असर पड़ेगा? साथ ही, सरकारी बैंक के निजी हाथों में जाने से क्या फायदे हो सकते हैं और इसे लेकर चिंताएं क्यों जताई जाती हैं?
14 अक्टूबर 2026 को कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) ने Fairfax को रणनीतिक खरीदार के रूप में मंजूरी दी थी. अब यह सौदा चालू वित्त वर्ष के आखिरी तक पूरा होने की उम्मीद है. हालांकि, बैंक की हिस्सेदारी बिकने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के खाते या LIC की बीमा पॉलिसी के नियम अपने आप बदल जाएंगे. आइए समझते हैं कि इस सौदे के बाद क्या बदल सकता है और क्या नहीं.
IDBI Bank की बिक्री के बाद सरकार और LIC के पास कितनी हिस्सेदारी बचेगी?
इस सौदे के तहत केंद्र सरकार IDBI Bank में अपनी 30.48 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी, जबकि LIC अपनी 30.24 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी. दोनों की कुल हिस्सेदारी 60.72 फीसदी है. सरकार को इस बिक्री से 26,500 करोड़ रुपये से ज्यादा और LIC को 26,300 करोड़ रुपये से ज्यादा मिलने की उम्मीद है.
सौदा पूरा होने के बाद भी सरकार और LIC के पास बैंक की कुछ हिस्सेदारी रहेगी. सरकार के पास 15 फीसदी और LIC के पास 19 फीसदी हिस्सेदारी बचेगी. हालांकि, बिक्री के बाद न तो सरकार और न ही LIC को बैंक के बोर्ड में सीट मिलेगी.
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सरकार और LIC अपनी बची हुई हिस्सेदारी इसलिए रख रहे हैं, ताकि बैंक में रणनीतिक बदलाव के बाद उसकी कीमत बढ़ने पर उन्हें भी इसका फायदा मिल सके यानी दोनों संस्थाएं अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने के बजाय कुछ शेयर अपने पास रखेंगी.
क्या IDBI Bank बिकने से आपके बैंक खाते और जमा पैसे पर असर पड़ेगा?
IDBI Bank की बिक्री से उसके मालिकाना हक में बदलाव होगा. लेकिन इससे ग्राहकों के बचत खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), लोन या दूसरी बैंकिंग सेवाओं में तुरंत बदलाव होगा, फिलहाल ऐसा नहीं है.
इसलिए सिर्फ बैंक की हिस्सेदारी बिकने के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि ग्राहकों के खाते या जमा पैसे पर कोई असर पड़ेगा. बैंक की ओर से खातों, जमा या सेवाओं के नियमों में बदलाव की कोई घोषणा होती है, तो उसकी जानकारी आधिकारिक सूचना से ही मिलेगी.
निजी हाथों में जाने के बाद बैंक का प्रबंधन और कामकाज चलाने का तरीका बदल सकता है. निजीकरण के समर्थकों का मानना है कि इससे फैसले लेने में तेजी आ सकती है और बैंक अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने पर ज्यादा ध्यान दे सकता है.
हालांकि यह भी जरूरी नहीं है कि हर निजी बैंक सरकारी बैंक से बेहतर प्रदर्शन करे. Yes Bank संकट जैसे उदाहरण बताते हैं कि निजी मालिकाना हक अपने आप बेहतर प्रबंधन या वित्तीय स्थिरता की गारंटी नहीं देता. निजी और सरकारी, दोनों तरह के बैंकों में धोखाधड़ी या गलत प्रबंधन की घटनाएं हो सकती हैं.
क्या LIC पॉलिसीधारकों की बीमा पॉलिसी पर भी होगा असर?
IDBI Bank में LIC की हिस्सेदारी बिकने और LIC की बीमा पॉलिसियों के नियमों में बदलाव होने के बीच अंतर समझना जरूरी है. इस सौदे में LIC अपनी बैंक की हिस्सेदारी बेच रही है. उपलब्ध जानकारी में LIC की बीमा पॉलिसियों के प्रीमियम, बीमा कवर, मैच्योरिटी या क्लेम के नियमों में बदलाव की कोई घोषणा नहीं है. इसलिए IDBI Bank की बिक्री को LIC पॉलिसीधारकों के लिए सीधे फायदे या नुकसान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.
सरकारी बैंकों के निजीकरण के क्या नुकसान हो सकते हैं?
निजीकरण को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि मुनाफे पर ज्यादा ध्यान देने से सामाजिक जिम्मेदारियां पीछे छूट सकती हैं. सरकारी बैंक किसानों, छोटे कारोबारियों, ग्रामीण इलाकों और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को कर्ज देने में अहम भूमिका निभाते हैं. निजीकरण के बाद भी इन जरूरतों को पूरा करना जरूरी होगा, ताकि बैंकिंग सेवाओं का फायदा समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सके.
दूसरी चिंता कर्मचारियों की नौकरी और काम करने की शर्तों को लेकर है. निजीकरण के बाद बैंक के प्रबंधन, भर्ती, लागत और कामकाज के तरीकों में बदलाव हो सकते हैं.
सरकारी बैंकों के निजीकरण के क्या फायदे हो सकते हैं?
सरकारी बैंकों के निजीकरण के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क बेहतर प्रबंधन और कामकाज में तेजी का दिया जाता है. निजी मालिकाना हक में बैंक को मुनाफा बढ़ाने, खर्च कम करने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने पर ज्यादा ध्यान देने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है. इससे बैंक बाजार की जरूरतों के हिसाब से फैसले ले सकता है.
निजीकरण का एक और संभावित फायदा तकनीक और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ा है. निजी निवेश और बेहतर तकनीक के इस्तेमाल से बैंक अपनी डिजिटल सेवाओं को बेहतर बना सकते हैं. इससे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं इस्तेमाल करने में आसानी हो सकती है और बैंक के कामकाज की लागत भी घट सकती है.
सरकारी बैंकों के निजीकरण के पक्ष में एक तर्क सरकारी खजाने पर बोझ कम करने का भी है. जब सरकार किसी बैंक में अपनी हिस्सेदारी घटाती है, तो बैंक में आगे पूंजी लगाने की जिम्मेदारी में निजी निवेशकों की भूमिका बढ़ सकती है.
सरकारी बैंकों के कामकाज में सुधार की जरूरत क्यों पड़ती है?
सरकारी बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के साथ वित्त मंत्रालय की निगरानी में भी काम करते हैं. इस दोहरी निगरानी के कारण कुछ फैसलों में देरी हो सकती है. इसके अलावा, बैंक के बोर्ड में नियुक्तियों और वरिष्ठ अधिकारियों के छोटे कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. बार-बार नेतृत्व बदलने से लंबे समय की योजनाओं पर असर पड़ सकता है.
सतर्कता और जांच से जुड़ी व्यवस्थाओं के कारण भी बैंक के अधिकारी कुछ जोखिम वाले कारोबारी फैसले लेने से बच सकते हैं. वहीं, नियमों और प्रक्रियाओं पर जरूरत से ज्यादा जोर देने से फैसले लेने की रफ्तार धीमी हो सकती है. ऐसे में बैंक की स्वायत्तता बढ़ाना, जवाबदेही तय करना और प्रबंधन को मजबूत करना भी सुधार का एक रास्ता हो सकता है. यानी सरकारी बैंक बेहतर काम करें, इसके लिए निजीकरण के अलावा भी कई उपाय अपनाए जा सकते हैं.
IDBI Bank पहले निजी था, फिर सरकार के नियंत्रण में कैसे आया?
IDBI Bank का इतिहास इस सौदे को समझने के लिए अहम है. बैंक को बढ़ते खराब कर्ज यानी नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) और वित्तीय मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. मई 2017 में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक को Prompt Corrective Action (PCA) के दायरे में रखा था. सितंबर 2018 तक बैंक का ग्रॉस NPA बढ़कर 31.78 फीसदी पहुंच गया था.
दिसंबर 2016 से दिसंबर 2019 के बीच बैंक लगातार 13 तिमाहियों में घाटे में रहा. इस दौरान उसका कुल घाटा करीब 41,800 करोड़ रुपये रहा. बैंक को वित्तीय मुश्किलों से निकालने के लिए सरकार और LIC ने करीब 21,624 करोड़ रुपये का निवेश किया. इसके बाद RBI ने IDBI Bank को निजी क्षेत्र के बैंक के रूप में वर्गीकृत किया. मार्च 2020 को समाप्त तिमाही में बैंक ने 135 करोड़ रुपये का नेट मुनाफा दर्ज किया और मार्च 2021 में PCA से बाहर आ गया. बैंक ने आठ साल के अंतराल के बाद वित्त वर्ष 2023 में 10 फीसदी डिविडेंड भी दिया.
IDBI Bank को बेचने की प्रक्रिया कब शुरू हुई?
IDBI Bank के रणनीतिक विनिवेश की घोषणा फरवरी 2021 के बजट में की गई थी. मई 2021 में कैबिनेट ने मंजूरी दी. इसके बाद अक्टूबर 2022 में निवेशकों से रुचि पत्र यानी Expression of Interest (EOI) मांगे गए. मार्च 2026 में बिक्री की पहली प्रक्रिया कैंसिल करनी पड़ी, क्योंकि Fairfax और Emirates NBD की बोलियां तय न्यूनतम कीमत से कम थीं. इसके बाद जुलाई 2026 तक संशोधित बोलियां मिलीं. आखिरकार 14 अक्टूबर 2026 को Fairfax को रणनीतिक खरीदार के रूप में मंजूरी दी गई.
इसे भी पढ़ें- IDBI Bank Disinvestment: हिस्सेदारी बिक्री पर वित्त मंत्रालय की सफाई, कहा- ₹3917 करोड़ बढ़ी डील की वैल्यू