भारत ने सोना खरीदना किया कम! 7 महीने में 40% घटा गोल्ड इंपोर्ट, PM मोदी की अपील का कितना असर?

भारत में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान सोने का आयात करीब 40% घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया. पिछले साल इसी अवधि में देश ने 41.24 अरब डॉलर का सोना खरीदा था. CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने गिरावट के पीछे PM मोदी की अपील और सोने की कीमतों में कमी को वजह बताया है.

गोल्ड के इंपोर्ट में गिरावट. Image Credit: OsakaWayne Studios/Moment/Getty Images

भारत में सोने के आयात में इस साल बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. अप्रैल से अक्टूबर के दौरान देश ने करीब 24.7 अरब डॉलर का सोना आयात किया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले लगभग 40 फीसदी कम है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी.

उनके मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2025 के दौरान भारत ने 41.24 अरब डॉलर का सोना आयात किया था. वहीं, इस साल इसी अवधि में यह आंकड़ा घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया यानी सोने के आयात में 16.46 अरब डॉलर की कमी आई है. उनके मुताबिक, ये आंकड़े चालू वित्त वर्ष में सोने की खरीदारी घटने को दिखाते हैं.

इस साल कितना रह सकता है सोने का आयात?

बृजेश गोयल ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 72 अरब डॉलर का सोना आयात किया था. वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में सोने का आयात घटकर 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है.

गोयल ने सोने की खरीदारी में आई कमी की वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को बताया. उनका कहना है कि इस अपील का असर व्यापार के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है. इसके साथ ही उन्होंने सोने की कीमतों में आई गिरावट को भी इसकी एक वजह बताया. कीमतें कम होने से ग्राहकों और कारोबारियों के लिए सोना खरीदने की लागत घटी है.

सोने की कीमतों में कितनी आई गिरावट?

बृजेश गोयल के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम थी. अब यह घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम रह गई है. इस तरह प्रति किलोग्राम सोने की कीमत में करीब 65 लाख रुपये की गिरावट आई है.

उन्होंने कहा कि कीमतों में बदलाव से ज्वेलर्स और कारोबारियों को त्योहारों और शादी के सीजन के दौरान अपना स्टॉक संभालने में मदद मिली है. वहीं, ग्राहकों को भी पहले के मुकाबले कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका मिला है.

शादी के सीजन में 6 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

बृजेश गोयल के मुताबिक, इस साल शादी के सीजन में करीब 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है. इनसे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है. इसमें सोने और चांदी समेत ज्वेलरी की हिस्सेदारी करीब 8 से 10% रहने की उम्मीद है. उनका कहना है कि सोने की कीमतों में आई गिरावट से शादी के दौरान परिवारों को गहने खरीदने में होने वाला खर्च भी कम हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- 5 दिन में 19% चढ़ा Bank Nifty, अब 2.61% की गिरावट; खरीदारी का सही मौका या अभी करें इंतजार?