TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

5 दिन में 19% चढ़ा Bank Nifty, अब 2.61% की गिरावट; खरीदारी का सही मौका या अभी करें इंतजार?

Nifty Bank में पांच कारोबारी सत्रों में 19.1 फीसदी की तेजी के बाद सोमवार को 2.61 फीसदी की गिरावट आई. जानें Bank Nifty के सपोर्ट लेवल, आगे का आउटलुक और निवेशकों की रणनीति.

बैंक निफ्टी Image Credit: Canva

Highlights

  • पांच कारोबारी सत्रों में करीब 19.1% चढ़ने के बाद सोमवार को Nifty Bank में 2.61% की गिरावट आई.
  • दोपहर 2:42 बजे इंडेक्स 1,686.55 अंक गिरकर 62,948.65 पर कारोबार कर रहा था.
  • तकनीकी तौर पर 61,600 और 60,700 के स्तर अहम सपोर्ट हैं.

Bank Nifty: बैंकिंग शेयरों में पिछले कुछ कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर सोमवार को ब्रेक लगता दिख रहा है. Bank Nifty में रिकॉर्ड तेजी के बाद जोरदार बिकवाली देखने को मिल रही है. दोपहर 2 बजकर 42 मिनट पर इंडेक्स 1,686.55 अंक यानी 2.61 फीसदी गिरकर 62,948.65 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. इसका दिन का ऊपरी स्तर 65,193.40 रहा.

इससे पहले Bank Nifty ने लगातार पांच कारोबारी सत्रों में करीब 19.1 फीसदी की तेजी दर्ज की थी और 64,635 के आसपास रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था. इस तेजी के दौरान बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली. इंडेक्स ने इस दौरान Nifty 500 के मुकाबले करीब 7 फीसदी बेहतर प्रदर्शन किया. हालांकि, इतनी तेज बढ़त के बाद अब मुनाफावसूली और बिकवाली का दबाव नजर आ रहा है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि निवेशक क्या करें.

Bank Nifty में आगे क्या संकेत मिल रहे हैं?

ET की रिपोर्ट के मुताबिक, तेजी के दौरान Bank Nifty का वीकली RSI 72 के ऊपर पहुंच गया था. यह इंडेक्स में मजबूत तेजी के साथ ओवरबॉट स्थिति का भी संकेत देता है. वहीं, Average True Range (ATR) करीब 1,943 पर था, जो बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने की ओर इशारा करता है. ऐसे में तेजी के पीछे भागकर खरीदारी करने के बजाय गिरावट पर बेहतर स्तरों का इंतजार करना ज्यादा ठीक माना जा रहा है.

तकनीकी तौर पर Bank Nifty के लिए 61,600 का स्तर पहला अहम सपोर्ट है. इसके नीचे 60,700 के आसपास अगला सपोर्ट मिल सकता है. अगर इंडेक्स इन स्तरों के आसपास टिकता है, तो यहां से दोबारा खरीदारी लौटने की संभावना बन सकती है. फिलहाल तेज उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

डेरिवेटिव आंकड़े क्या बता रहे हैं?

डेरिवेटिव आंकड़ों में Open Interest Put-Call Ratio (OI PCR) 0.87 पर है. यह इंडेक्स में पुट पोजिशनिंग की मौजूदगी दिखाता है. वहीं, Volume Put-Call Ratio (Volume PCR) 0.49 पर है, जो मौजूदा कारोबार में कॉल ऑप्शन की गतिविधि अपेक्षाकृत ज्यादा होने का संकेत देता है.

इसके अलावा, ऑप्शन में पुट और कॉल की Implied Volatility के बीच अंतर यानी IV Skew भी बढ़ा हुआ है. इसका मतलब है कि बाजार में गिरावट से बचाव के लिए पुट ऑप्शन की मांग बनी हुई है. यह संकेत देता है कि ट्रेडर्स बाजार में संभावित गिरावट को लेकर सतर्क हैं.

Nifty में भी तेजी के बाद बढ़ी सावधानी

Nifty ने भी हाल में लगातार बढ़त दर्ज की है और नवंबर 2020 के बाद अपना सबसे अच्छा महीना बनने की राह पर है. हालांकि, 14 दिन का RSI 75 के ऊपर पहुंच गया है. सितंबर 2024 के बाद यह पहला मौका है, जब इंडेक्स का RSI इस स्तर से ऊपर गया है. इससे बाजार में ओवरबॉट स्थिति का संकेत मिलता है.

Nifty का पिछला रिकॉर्ड हाई 26,373 रहा है. हालांकि, 25,670 के ऊपर टिकने में नाकाम रहने से गिरावट पर खरीदारी करने वालों का भरोसा कमजोर हो सकता है. अगर इंडेक्स 25,430 के नीचे जाता है, तो इसमें और गिरावट देखने को मिल सकती है. दिसंबर का महीना ऐतिहासिक तौर पर बाजार के लिए मजबूत रहा है, इसलिए मौजूदा उतार-चढ़ाव के बाद फिर से तेजी की कोशिश देखने को मिल सकती है.

इसे भी पढ़ें- टायर बनाने वाली कंपनी का खुल रहा IPO, JK Tyres जैसे दिग्गज हैं क्लाइंट, GMP का क्या है संकेत, जानें पूरी डिटेल्स

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.