SUV का बढ़ता क्रेज बदल रहा पार्किंग का तरीका, अब बड़ी जगह और मजबूत सिस्टम की बढ़ी मांग

भारत में SUV की बढ़ती मांग से पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर बदल रहा है. अब बड़ी और भारी कारों के लिए चौड़े पार्किंग स्लॉट और मजबूत सिस्टम तैयार किए जा रहे हैं. मैकेनिकल पार्किंग की क्षमता 3.2 टन तक पहुंच रही है. वहीं, रियर-व्यू कैमरा और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स की मांग भी तेजी से बढ़ रही है.

पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर Image Credit:

भारत में SUV कारों की बढ़ती लोकप्रियता अब सिर्फ ऑटोमोबाइल बाजार को ही नहीं, बल्कि पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बदल रही है. बड़ी, चौड़ी और भारी कारों की संख्या बढ़ने से पार्किंग की जगह और डिजाइन में बदलाव की जरूरत महसूस होने लगी है. अब बिल्डर्स से लेकर मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम बनाने वाली कंपनियां तक अपनी रणनीति बदल रही हैं. पार्किंग में ज्यादा जगह, मजबूत प्लेटफॉर्म और नई टेक्नोलॉजी की मांग तेजी से बढ़ रही है.

पार्किंग सिस्टम में SUV की हिस्सेदारी 80% तक पहुंची

भारत में पिछले कुछ सालों में कार खरीदने वालों की पसंद तेजी से बदली है. पहले जहां सेडान और छोटी कारों की मांग ज्यादा रहती थी, वहीं अब SUV लोगों की पहली पसंद बनती जा रही हैं. इसका सीधा असर पार्किंग सिस्टम बनाने वाली कंपनियों पर पड़ रहा है.

मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम बनाने वाली कंपनी Wohr Parking Systems के मुताबिक, करीब 20 साल पहले पार्किंग सिस्टम की योजना बनाते समय 30% SUV और 70% सेडान कारों को ध्यान में रखा जाता था. अब यह अनुपात पूरी तरह बदल गया है. मौजूदा समय में कंपनी के सामने 80% SUV और सिर्फ 20% सेडान कारों की जरूरत है. इस बदलाव के चलते कंपनियों को ऐसे पार्किंग सिस्टम तैयार करने पड़ रहे हैं, जिनमें बड़ी और भारी गाड़ियों को आसानी से खड़ा किया जा सके.

अब 2.6 टन वजन उठाने वाले पार्किंग सिस्टम की जरूरत

SUV के साथ इलेक्ट्रिक कारों का वजन भी बढ़ रहा है. ऐसे में पुराने मैकेनिकल पार्किंग सिस्टम पर ज्यादा भार पड़ रहा है. पहले ज्यादातर पार्किंग सिस्टम करीब 2 टन वजन उठाने की क्षमता के हिसाब से बनाए जाते थे.

अब कंपनियां 2.6 टन क्षमता वाले पार्किंग सिस्टम तैयार कर रही हैं. कुछ सिस्टम ऐसे भी हैं, जो 3.2 टन तक वजन वाली गाड़ियों को संभाल सकते हैं. इसके अलावा पार्किंग प्लेटफॉर्म की चौड़ाई और ऊंचाई बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है. इसका मकसद बड़ी SUV और भारी इलेक्ट्रिक कारों को सुरक्षित तरीके से पार्क करना है.

बिल्डर्स के सामने भी बढ़ी चुनौती

SUV की बढ़ती संख्या ने रियल एस्टेट डेवलपर्स के सामने भी नई चुनौती खड़ी कर दी है. बिल्डर्स को अब बेसमेंट पार्किंग में बड़ी गाड़ियों के लिए ज्यादा जगह देनी पड़ रही है. लेकिन ऐसा करने से एक ही जगह में पार्किंग स्लॉट की संख्या कम हो सकती है.

बड़ी गाड़ियों के लिए चौड़ी पार्किंग, गाड़ी मोड़ने की अतिरिक्त जगह और रैंप की पर्याप्त चौड़ाई जरूरी है. ऐसे में बिल्डर्स को उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल करने और ग्राहकों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाना पड़ रहा है.

रियल एस्टेट कंपनी Kalpataru के मुताबिक, अब पार्किंग डिजाइन में लचीलापन रखा जा रहा है. गाड़ियों के आकार, ग्राहकों की जरूरत और प्रोजेक्ट की जगह के हिसाब से बड़े पार्किंग स्लॉट तैयार किए जा रहे हैं.

पार्किंग में कैमरे और सेंसर की बढ़ रही मांग

बड़ी SUV चलाना और उन्हें तंग जगहों पर पार्क करना आसान नहीं होता. खासकर पुराने अपार्टमेंट, संकरी पार्किंग और बेसमेंट में बड़े वाहनों को मोड़ने में ड्राइवरों को परेशानी होती है.

इसी वजह से कार कंपनियां पार्किंग असिस्टेंस टेक्नोलॉजी पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं. रियर-व्यू कैमरा, पार्किंग सेंसर और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स की मांग बढ़ रही है.

Hyundai Motor India के मुताबिक, बड़ी SUV में इन फीचर्स की मांग ज्यादा दिखाई दे रही है. हालांकि, शहरों में ड्राइविंग और पार्किंग को आसान बनाने के लिए अब छोटी कारों के ग्राहक भी इन टेक्नोलॉजी को प्राथमिकता दे रहे हैं.

2026 में हर दूसरी नई कार में रियर-व्यू कैमरा

ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के आंकड़े भी इस बदलाव की पुष्टि करते हैं. Jato Dynamics के मुताबिक, 2026 में भारत में बिकने वाली हर दो नई कारों में से करीब एक में रियर-व्यू कैमरा लगा है. इसके अलावा फ्रंट कैमरा की लोकप्रियता भी बढ़ रही है. प्रीमियम और लग्जरी कारों में 360 डिग्री के साथ 540 डिग्री कैमरा सिस्टम भी दिए जा रहे हैं.

बड़ी कारों का बढ़ता आकार भी बना वजह

भारत में कारों की चौड़ाई भी लगातार बढ़ रही है. Jato Dynamics के आंकड़ों के मुताबिक, 1.8 मीटर या इससे ज्यादा चौड़ाई वाली नई कारों की हिस्सेदारी 2019 के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा हो गई है. अक्टूबर 2026 तक यह आंकड़ा बढ़कर 32.1% पहुंच गया.

इससे साफ है कि भारत में कारों का आकार बदल रहा है. आने वाले समय में पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर, बिल्डिंग डिजाइन और कारों की टेक्नोलॉजी में भी इसके मुताबिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

यह भी पढ़ें- Nvidia पर अमेरिका की जांच से बढ़ी मुश्किलें, जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे और चीन जासूसी विवाद ने बढ़ाई टेंशन