रोजगार के मोर्चे पर आई अच्छी खबर, बेरोजगारी घटकर 5.1% पर पहुंची

भारत में जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान बेरोजगारी दर घटकर 5.1 फीसदी रह गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 5.4 फीसदी थी. ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी घटकर 4.3 फीसदी पहुंची. महिलाओं की रोजगार में भागीदारी भी बढ़ी है. हालांकि, शहरी बेरोजगारी दर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

रोजगार के मोर्चे पर अच्छी खबर Image Credit:

देश में रोजगार के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है. जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान भारत की बेरोजगारी दर घटकर 5.1 फीसदी रह गई. इससे पहले अप्रैल से जून की तिमाही में यह 5.4 फीसदी थी. बेरोजगारी में आई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह ग्रामीण इलाकों में रोजगार की स्थिति में सुधार होना है. हालांकि, शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

गांवों में घटी बेरोजगारी, शहरों में बढ़ी चिंता

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर अप्रैल-जून तिमाही के 4.8 फीसदी से घटकर जुलाई-सितंबर में 4.3 फीसदी पर आ गई.

वहीं, शहरी क्षेत्रों में स्थिति इसके उलट रही. यहां बेरोजगारी दर 6.7 फीसदी से बढ़कर 6.8 फीसदी हो गई. इससे साफ है कि देश में कुल बेरोजगारी दर में गिरावट के बावजूद शहरों में रोजगार की चुनौती बनी हुई है.

रोजगार की तलाश करने वालों की संख्या भी बढ़ी

सर्वे के मुताबिक, 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट (LFPR) बढ़कर 55.5 फीसदी हो गया. पिछली तिमाही में यह 54.6 फीसदी था. इसका मतलब है कि पहले के मुकाबले ज्यादा लोग रोजगार कर रहे हैं या काम की तलाश में हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 56.9 फीसदी से बढ़कर 58.1 फीसदी हो गया. शहरी क्षेत्रों में भी मामूली सुधार हुआ और यह 50.2 फीसदी से बढ़कर 50.4 फीसदी पर पहुंच गया.

महिलाओं की रोजगार में बढ़ी भागीदारी

महिलाओं के लिए भी रोजगार के मोर्चे पर सकारात्मक संकेत मिले हैं. जुलाई-सितंबर तिमाही में महिलाओं की लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट बढ़कर 34.7 फीसदी हो गई. अप्रैल-जून तिमाही में यह 33.2 फीसदी थी. इसके अलावा देश में 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों का वर्कर पॉपुलेशन रेशियो (WPR) भी 51.7 फीसदी से बढ़कर 52.7 फीसदी हो गया. यह बताता है कि आबादी में काम करने वाले लोगों का अनुपात बढ़ा है.

खेती में बढ़ा रोजगार, कैजुअल कामगारों की हिस्सेदारी घटी

ग्रामीण इलाकों में कृषि क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की हिस्सेदारी अप्रैल-जून की 52.9 फीसदी से बढ़कर जुलाई-सितंबर में 56.7 फीसदी हो गई. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार करने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी बढ़कर 62.7 फीसदी पहुंच गई. वहीं, दिहाड़ी या कैजुअल कामगारों की हिस्सेदारी ग्रामीण क्षेत्रों में 22.5 फीसदी से घटकर 21.7 फीसदी और शहरी क्षेत्रों में 11.1 फीसदी से घटकर 10.7 फीसदी रह गई.

कुल मिलाकर बेरोजगारी दर में गिरावट और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी रोजगार बाजार के लिए सकारात्मक संकेत हैं. हालांकि, शहरी बेरोजगारी और रोजगार की गुणवत्ता पर अभी भी ध्यान देने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें- बिल गेट्स और जेफ बेजोस भी पीछे! Nvidia CEO का तलाक बना सकता है नया रिकॉर्ड